वो विवाद जो कोई नहीं भूला: क्या याद है हार्दिक-राहुल का वो बवंडर? Koffee with Karan Season 9 की एंट्री से ताजा हुए पुराने जख्म!
Koffee with Karan Season 9 : करण जौहर का फेमस और विवादित शो 'कॉफी विद करण' अब अपने 9वें सीजन के साथ कमबैक कर रहा है, जिसकी शुरुआत 14 अक्तूबर, 2026 को सलमान खान के साथ होगी. फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि इस बार साल 2019 के हार्दिक-राहुल जैसे किसी विवाद की बजाए सिर्फ मजेदार और आम गॉसिप देखने को मिलेगी.
बॉलीवुड फिल्ममेकर करण जौहर का पॉपुलर और कॉन्ट्रोवर्शीयल शो 'कॉफी विद करण' एक बार फिर अपने 9वें सीजन के साथ वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार है. गॉसिप, अनफिल्टर्ड बातों और सेलेब्स के सीक्रेट खोलने के लिए जाना जाने वाला ये शो हमेशा से सुर्खियों में छाया रहता है. ऑडियंस फिर से अपने पसंदीदा सितारों को काउच पर देखने का इंतजार कर रही है. लेकिन जब भी इस शो के नए सीजन का जिक्र होता है, तो क्रिकेट और एंटरटेनमेंट वर्ल्ड का वो सबसे बड़ा विवाद अपने आप लोगों के दिमाग में ताजा हो जाता है, जिसने दो उभरते हुए इंडियन क्रिकेटरों का करियर और इज्जत दांव पर लगा दी थी.
आज हम जिस विवाद का जिक्र कर रहे हैं, वो साल 2019 के शुरुआती दिनों का है, जब इंडियन टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और सलामी बल्लेबाज केएल राहुल पहली बार करण जौहर के काउच पर एक साथ गेस्ट बनकर पहुंचे थे. इसके बाद, सीजन 6 के 12वें एपिसोड में जो कुछ हुआ, उसने पूरे देश में बवाल मचा दिया.
शो-ऑफ के चक्कर में फंसे हार्दिक
करण जौहर के इस में हार्दिक पांड्या ने अपनी पर्सनल लाइफ, रिलेशनशिप्स और नाइटलाइफ को लेकर कई ऐसी बातें कहीं, जिन्हें ऑडियंस ने बेहद महिला विरोधी, आपत्तिजनक और सेंससिटिव माना. इतना ही नहीं, हार्दिक का अपने माता-पिता के सामने कैजुअल रिलेशनशिप्स और हुक-अप्स का शो-ऑफ करना उनका ये डायलॉग, 'आज मैं करके आया'. सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया और लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. जब ये एपिसोड 6 जनवरी, 2019 को ऑन-एयर हुआ, तो कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर इसके क्लिप्स वायरल हो गए.
पब्लिक भड़की, तो मांगी माफी
क्रिकेटर के इस डायलॉग को सुनते ही न सिर्फ सोशल मीडिया यूजर गुस्साए, बल्कि फैंस, स्पोर्ट्स जर्नालिस्ट और आम लोगों ने दोनों खिलाड़ियों के रवैये की कड़ी निंदा की. लोगों का कहना था कि देश को रिप्रेजेंट करने वाले एथलीटों को मर्यादा में रहना चाहिए. वहीं इस विवाद को बढ़ता देख स्टार इंडिया ने तुरंत एक्शन लिया और हॉटस्टार से ये एपिसोड हमेशा के लिए हटा दिया. दूसरी तरफ इंटरनेट पर भारी ट्रोलिंग का सामना करने के बाद हार्दिक पांड्या ने माफी मांगते हुए कहा कि वो शो के फॉर्मेट में बह गए थे, जबकि केएल राहुल ने भी बीसीसीआई (BCCI) से लिखित माफी मांगी.
हार्दिक-राहुल को भुगतना पड़ा खामियाजा
ये मामला यहीं नहीं थमा, इस विवाद का खामियाजा दोनों खिलाड़ियों को तुरंत भुगतना पड़ा. जब ये शो टेलीकास्ट हुआ, तब हार्दिक और राहुल इंडियन टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे पर थे. विवाद की गंभीरता को देखते हुए बीसीसीआई ने दोनों खिलाड़ियों को सस्पेंड कर दिया और टूर के बीच से ही वापस देश लौटने का फरमान सुना दिया. इतना ही नहीं, कई ब्रांड्स ने भी उनसे दूरी बना ली और हार्दिक पांड्या के कई बड़े ऐड्स कैंसल हो गए. देश के कुछ हिस्सों में करण जौहर, हार्दिक और राहुल के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई. इस पूरी कॉन्ट्रोवर्सी पर करण जौहर ने बाद में अफसोस जताते हुए कहा था कि वो इस विवाद से काफी टूट चुके थे.
20-20 लाख रुपये का लगा जुर्माना
इस पूरे विवाद पर बीसीसीआई ने एक्शन लेते हुए लोकपाल डी.के. जैन से इस मामले की जांच करवाई और फिर अप्रैल, 2019 में दोनों खिलाड़ियों पर 20-20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया, जिसका बड़ा हिस्सा शहीद अर्धसैनिक बलों के परिवारों और दृष्टिहीन क्रिकेट के फंड में जमा किया गया. हालांकि, जनवरी के आखिर में ही सस्पेंशन हटा दिया गया था, जिसके बाद हार्दिक न्यूजीलैंड दौरे पर टीम से जुड़े और राहुल को 'इंडिया ए' टीम के लिए भेजा गया.
'भाईजान' से शुरू होगा 9वां सीजन
अब जब 'कॉफी विद करण' अपने 9वें सीजन के साथ एक बार फिर टीवी और ओटीटी स्क्रीन पर तहलका मचाने आ रहा है, तो फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि इस बार काउच पर गॉसिप और मस्ती तो होगी, लेकिन मर्यादा की सीमाएं नहीं लांघी जाएंगी. वहीं इस बार शो की शुरुआत सलमान खान के साथ की जाएगी. खबरों के मुताबिक, वो शो के 9वें सीजन के पहले गेस्ट होंगे और ये एपिसोड 14 अक्तूबर, 2026 से स्ट्रीम होगा.