)
अमिताभ बच्चन के क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 18वें सीजन को लोगों का खूब प्यार मिल रहा है. हर बार की तरह इस सीजन में भी देश के अलग-अलग हिस्सों से कंटेस्टेंट अपने सपने पूरे करने आ रहे हैं. इसी बीच शो को अपना पहला 1 करोड़ रुपये का विनर मिल गया है. महाराष्ट्र के जलगांव के रहने वाले 28 साल के भूषण ठाकरे ने शानदार खेल दिखाते हुए ये बड़ी रकम जीत ली है. 1 करोड़ जीतने के बाद अब भूषण 7 करोड़ रुपये के जैकपॉट सवाल तक पहुंच गए हैं. अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या वे इस आखिरी सवाल का सही जवाब देकर इतिहास रच पाएंगे?
भूषण ठाकरे का हॉट सीट तक पहुंचने का ये सफर बिल्कुल भी आसान नहीं था. ये सक्सेस सिर्फ पैसों की नहीं, बल्कि उनके सालों की कडी मेहनत और परिवार के अधूरे सपनों के पूरे होने की कहानी है. एक वक्त ऐसा भी था जब भूषण अपनी जेब में महज 24 रुपये लेकर मायानगरी मुंबई आए थे. उस दौर में उन्होंने काफी मुश्किलें झेलीं, लेकिन कभी हार नहीं मानी. आज अपनी लगन और जानकारी के दम पर वे करोडपति बन गए हैं. उनकी इस बडी जीत से घरवालों और पूरे इलाके में जबरदस्त खुशी का माहौल है. अब हर कोई ये देखने के लिए बेताब है कि आगे वे क्या कमाल करते हैं?
सोनी टीवी ने शो का एक नया प्रोमो शेयर किया है, जिसमें भूषण 1 करोड़ रुपये के मुश्किल सवाल का एकदम सही जवाब देते नजर आ रहे हैं. भूषण का सही जवाब सुनते ही अमिताभ बच्चन की खुशी का ठिकाना नहीं रहता और वे तुरंत अपनी सीट से उठकर उन्हें गले लगा लेते हैं. इस खास मौके पर भूषण काफी इमोशनल होते हुए नजर आए और अपने पुराने संघर्ष के दिनों को याद करते हैं. उन्होंने बताया कि उनके पिता रोजाना मजदूरी करके किसी तरह घर का खर्च चलाते थे. इसके अलावा उनकी मां की तबीयत भी ज्यादातर खराब रहती थी और उनकी कई बड़ी सर्जरी तक हो चुकी हैं.
इन्हीं सब वजहों से उनके पूरे परिवार ने बहुत बुरा दौर देखा है. बातचीत के दौरान भूषण ठाकरे ने अमिताभ बच्चन को बताया कि उनके माता-पिता ने उनकी पढ़ाई के लिए दिन-रात एक कर दिया. पिता मजदूरी के पैसों से मां का इलाज करवाते थे और साथ ही उनकी पढ़ाई का खर्च भी उठाते थे. माता-पिता के इस त्याग को देखकर भूषण के मन में हमेशा कुछ बड़ा करने की जिद रही. वे पिछले डेढ़ साल से अपने घर भी नहीं गए थे. उनका मानना था कि वे 28 साल के हो चुके हैं और जब तक अपने पैरों पर खड़े होकर माता-पिता को अच्छी जिंदगी नहीं दे देते, तब तक घर नहीं लौटेंगे.
भूषण ने एक बेहद इमोशनल किस्सा भी शेयर किया. उन्होंने बताया कि जब वे सरकारी नौकरी और परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे, तब किसी वजह से उन्हें कॉलेज में एडमिशन नहीं मिल पाया था. उस समय वे घर पर रहकर ही अपनी पढाई कर रहे थे. अपने पिता को हर दिन कडी मेहनत और मजदूरी करते देख भूषण को लगा कि उन्हें भी घर की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाना चाहिए. घर पर खाली बैठने के बजाय उन्होंने गांव की नदी पर जाकर मजदूरी करने का फैसला किया और काम भी शुरू कर दिया, लेकिन जब उनके पिता को इस बात की भनक लगी, तो उन्हें भूषण ऐसा करने से मना कर दिया.
भूषण ने शो में बताया कि उनके पिता ने उन्हें कभी भी मजदूरी करने की इजाजत नहीं दी. उन्होंने साफ कह दिया, ‘या तो घर बैठकर मन लगाकर पढ़ाई करो या अपनी डिग्री पूरी करो, लेकिन मजदूरी के बारे में कभी सोचना भी मत’. दरअसल, उनके पिता चाहते थे कि भूषण पढ़-लिखकर समाज में अपना एक अलग नाम कमाएं और कामयाब इंसान बनें. आज KBC 18 के इस मंच पर 1 करोड़ रुपये जीतकर भूषण ने अपने पिता के उस भरोसे और सपने को सच कर दिखाया. अब शो देखने वाले हर शख्स की नजरें 7 करोड़ के अगले सवाल पर टिकी हैं कि क्या वे इस खेल में नया इतिहास रच पाएंगे.