SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कोई नहीं आया बचाने हमें... नेपाल शूटिंग के वक्त डूबते-डूबते बचे थे अमिताभ बच्चन, KBC पर सुनाया डरावना किस्सा

अमिताभ बच्चन ने KBC 18 के सेट पर नेपाल शूटिंग के दौरान हुए एक मजेदार मगर खतरनाक कयाकिंग हादसे को याद किया. साथ ही उन्होंने क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म इंटरस्टेलर और ब्लैक होल पर की गई उनकी रिसर्च की भी जमकर तारीफ की.

Written By Alkesh Kushwaha
Published: Nov 16, 2026, 13:38 IST | Updated: Nov 16, 2026, 13:47 IST
Image Credit: नेपाल में कयाकिंग करते वक्त बुरी तरह फंस गए थे बिग बी, खुद बताया कैसे बची जान (फाइल फोटो)
Join

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन अपने शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के मंच पर अक्सर अपनी जिंदगी के ऐसे किस्से सुनाते हैं, जिन्हें सुनकर फैंस हैरान भी होते हैं और हंस-हंसकर लोटपोट भी हो जाते हैं. शो के अपकमिंग एपिसोड में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिलने वाला है. बिग बी ने नेपाल में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान का अपना एक बेहद मजेदार मगर डरावना अनुभव शेयर किया, जब कयाकिंग करते वक्त उनकी नाव पानी में पलट गई थी और वह डूबते-डूबते बचे थे. इसके साथ ही उन्होंने हॉलीवुड के दिग्गज डायरेक्टर क्रिस्टोफर नोलन की साइंस-फिक्शन फिल्म 'इंटरस्टेलर' की भी जमकर तारीफ की.

बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन जब भी 'कौन बनेगा करोड़पति' की हॉटसीट पर बैठते हैं, तो माहौल में एक अलग ही रौनक आ जाती है. शो के अपकमिंग एपिसोड में बिग बी ने अपनी पुरानी यादों का पिटारा खोलते हुए नेपाल का एक ऐसा किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर वहां मौजूद हर शख्स दंग रह गया. यह किस्सा कयाकिंग से जुड़ा है, जो देखने में जितना कूल लगता है, असल में उतना ही रिस्की भी होता है.

दुबली-पतली नाव में घुसने में लग गए थे 45 मिनट

कंटेस्टेंट से बात करते हुए जब कयाकिंग का जिक्र छिड़ा, तो अमिताभ बच्चन ने बताया कि यह बहुत ही खतरनाक खेल होता है. उन्होंने अपने खास अंदाज में कहा कि कयाक एक बहुत ही दुबली-पतली नाव होती है और इसके अंदर घुसने में ही करीब आधा-पौना घंटा लग जाता है. बिग बी ने याद किया कि एक बार वह नेपाल में अपनी एक फिल्म की शूटिंग कर रहे थे. वहां किसी ने उनसे कहा कि यह बहुत अच्छी चीज है और उन्हें इसकी सवारी जरूर करनी चाहिए. लोगों के कहने पर किसी तरह बड़ी मुश्किल से उन्हें उस पतली नाव के अंदर बैठाया गया.

एक गलत चप्पू और पानी में पलट गई नाव

अमिताभ ने आगे बताया कि इस नाव को चलाने के लिए एक चप्पू दिया जाता है, जिसे सही दिशा में चलाना बहुत जरूरी होता है. लेकिन शूटिंग के दौरान उनसे एक छोटी सी चूक हो गई. उन्हें चप्पू दाईं तरफ घुमाना था, मगर उन्होंने गलती से उसे दूसरी तरफ घुमा दिया. बस फिर क्या था, नाव अपना बैलेंस खो बैठी और सीधा पानी में पलट गई. इस मजेदार और डरावने पल को याद करते हुए उन्होंने बताया कि नाव में बैठने से पहले उन्हें ट्रेनिंग दी गई थी कि अगर नाव पलट जाए, तो पानी के नीचे से ऊपर की तरफ हाथ मारना है ताकि नाव सीधी हो जाए. और अगर ऐसा न हो पाए, तो पानी के अंदर ही अपने दोनों हाथ जोर-जोर से हिलाने हैं, ताकि बाहर खड़े लोगों को पता चल सके कि कोई अंदर डूब रहा है.

हीरो डूब रहा था और कोई बचाने नहीं आया

न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक, पानी के नीचे के उन पलों को याद करते हुए बिग बी ने हंसते हुए कहा कि वह पानी के अंदर से जोर-जोर से हाथ चला रहे थे और बाहर निकलने की पूरी कोशिश कर रहे थे. आखिर कोई इंसान कितनी देर तक अपनी सांस रोक सकता है. अमिताभ ने हैरानी जताते हुए कहा कि आप यकीन नहीं करेंगे, लेकिन उस वक्त कोई भी उन्हें बचाने नहीं आया. उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि एक तो वह फिल्म की शूटिंग कर रहे थे और ऊपर से फिल्म का हीरो ही पानी में डूब रहा था. अगर कुछ हो जाता तो मेकर्स को दूसरे हीरो के साथ काम करना पड़ता. हालांकि, तभी झरने के किनारे खड़े एक शख्स की नजर उन पर पड़ी. उस शख्स को लगा कि मामला कुछ गंभीर है और उसने किसी तरह अमिताभ को पानी से बाहर निकाला. बिग बी ने बताया कि उस नाव से किसी को बाहर निकालने के लिए भी 3 से 4 लोगों की जरूरत पड़ती है, इसलिए उन्हें निकालने में भी काफी मुश्किल हुई थी.

बिग बी ने केबीसी पर ऐसे की थी वापसी-

 

क्रिस्टोफर नोलन और 'इंटरस्टेलर' के फैन हुए बिग बी

इस एपिसोड में चेन्नई से आए एक एस्ट्रोनॉमर हॉटसीट पर बैठे थे, जिनसे बात करते हुए अमिताभ ने अंतरिक्ष और सितारों की दुनिया पर भी चर्चा की. बिग बी ने कहा कि आज की नई पीढ़ी में सितारों और स्पेस को लेकर काफी क्रेज है और इस पर कई शानदार फिल्में भी बन रही हैं. इसी दौरान उन्होंने मशहूर हॉलीवुड डायरेक्टर क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म 'इंटरस्टेलर' का जिक्र किया. अमिताभ ने बताया कि इस फिल्म में ब्लैक होल को लेकर जो जानकारी दिखाई गई है, वह वाकई कमाल की है. नोलन ने इस फिल्म के लिए इतनी गहराई से रिसर्च की थी कि अंतरिक्ष की दुनिया से जुड़े असली साइंटिस्ट भी यह देखकर हैरान रह गए थे. बता दें कि अमिताभ बच्चन का यह पॉपुलर क्विज शो सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर टेलीकास्ट होता है.

(इनपुट आईएएनएस से)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES