SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

6 महीने में 3 बड़ी फिल्में... 2027 में लगेगी कार्तिक आर्यन की लॉटरी! बॉक्स ऑफिस पर मचेगा तहलका

बॉलीवुड एक्टर कार्तिक आर्यन साल 2027 में अपने फैंस के लिए बड़ा सरप्राइज लेकर आ रहे हैं. साल के शुरुआती 6 महीनों में ही उनकी तीन अलग-अलग तरह की फिल्में सिनेमाघरों में दस्तक देंगी. कॉमेडी, रोमांस और एक्शन से भरपूर इन फिल्मों के जरिए वे बॉक्स ऑफिस पर जोरदार वापसी की तैयारी में हैं.

Written By Vandana Saini
Published: Nov 08, 2026, 06:00 AM IST | Updated: Nov 08, 2026, 06:05 AM IST
Image Credit: साल 2027 में तीन बड़ी फिल्मों के साथ पर्दे पर लौट रहे हैं कार्तिक आर्यन
Join

कार्तिक आर्यन बॉलीवुड के उन चुनिंदा स्टार्स में शामिल हैं, जिनकी लगभग हर साल कम से कम एक फिल्म सिनेमाघरों में जरूर रिलीज होती रही है. हालांकि, इस साल 2026 में उनकी कोई भी नई फिल्म बड़े पर्दे पर नहीं आई, जिससे उनके चाहने वाले थोड़े मायूस जरूर किया, लेकिन अब उनकी फिल्मों के दीवानों और फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. कार्तिक साल 2027 में एक या दो नहीं, बल्कि पूरी तीन फिल्मों के साथ बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी करने जा रहे हैं. सबसे खास बात ये है कि उनकी ये तीनों फिल्में साल के पहले 6 महीनों के अंदर ही सिनेमाघरों में दस्तक देंगी.

इस धमाकेदार सफर की शुरुआत साल की शुरुआत में ही हो जाएगी, जहां कार्तिक बिल्कुल नए अवतार में ऑडियंस को एंटरटेन करते नजर आएंगे. उनकी पहली फिल्म ‘नागजिला’ होगी, जो एक मजेदार फैंटेसी-कॉमेडी फिल्म है, जिसमें कार्तिक एक रूप बदल वाले इच्छाधारी नाग का किरदार निभाते नजर आएंगे. फिल्म में उनके साथ रवि किशन भी अहम रोल में नजर आएंगे. ‘फुकरे’ जैसी सुपरहिट फिल्म बनाने वाले डायरेक्टर मृगदीप सिंह लांबा के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म 12 फरवरी 2027 को रिलीज होगी, जिसे करण जोहर के धर्मा प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स ने मिलकर बनाया है.

फैंटेसी-कॉमेडी के बाद आएंगी रोमांटिक फिल्म

फैंटेसी-कॉमेडी फिल्म ‘नागजिला’ के रिलीज होने के लगभग ढाई महीने बाद कार्तिक आर्यन एक ऐसी फिल्म लेकर आएंगे, जो दर्शकों को इमोशनल करने के साथ-साथ सीधे दिल को छू लेगी. इस बार पर्दे पर उनका एक अलग ही रोमांटिक अंदाज देखने को मिलेगा, जिसकी बातें अभी से हर तरफ हो रही हैं. जाने-माने डायरेक्टर अनुराग बसु इस लव स्टोरी को बना रहे हैं और फिल्म में कार्तिक के साथ खूबसूरत एक्ट्रेस श्रीलीला नजर आएंगी. हाल ही में टी-सीरीज ने बताया कि ये फिल्म 30 अप्रैल 2027 को थिएटर्स में रिलीज की जाएगी. फैंस अभी से इस नई जोड़ी को बड़े पर्दे पर साथ देखने के लिए काफी बेताब हैं.

कार्तिक और श्रीलीला की नई लव स्टोरी का बेसब्री से इंतजार

फिल्म की कहानी का ताना-बाना और कार्तिक का एकदम नया अंदाज लोगों को पहले ही काफी पसंद आ रहा है. आजकल के दर्शक थिएटर्स में दिल को छू लेने वाली और इमोशनल प्रेम कहानियां देखना खूब पसंद कर रहे हैं. इसके साथ ही लोगों को पूरा यकीन है कि अनुराग बसु की बाकी फिल्मों की तरह इस मूवी के गाने भी दिल जीत लेंगे और इसकी सबसे बड़ी यूएसपी बनेंगे. फिल्म के प्यारे म्यूजिक और कार्तिक-श्रीलीला की बिल्कुल नई जोड़ी की मजेदार केमिस्ट्री ने फैंस की उम्मीदें काफी बढ़ा दी हैं. यही वजह है कि इसे साल 2027 की सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली और बड़ी रोमांटिक फिल्मों में गिना जाने लगा है.

कार्तिक-कबीर की नई फिल्म भी 2027 में आएगी

बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, ‘चंदू चैंपियन’ के बाद डायरेक्टर कबीर खान और कार्तिक आर्यन फिर से एक साथ काम कर रहे हैं. दोनों की ये नई फिल्म 18 जून 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इस प्रोजेक्ट का नाम ‘लड़ाकू’ रखा गया है, जिसे बिड़ला स्टूडियोज और कबीर खान एंटरटेनमेंट मिलकर बना रहे हैं. पर्दे पर आने वाली ये फिल्म एकदम सच्ची और हौसला बढ़ाने वाली है. रिपोर्ट्स का कहना है कि ये फिल्म देश की सबसे कम उम्र की दो बार वर्ल्ड किकबॉक्सिंग चैंपियन बनीं तजामुल इस्लाम की असली जिंदगी पर बनी है. दर्शकों को इस फिल्म में तजामुल के कड़े संघर्ष और खेल का भरपूर रोमांच देखने को मिलेगा.

‘लड़ाकू’ से प्रोड्यूसर बने कार्तिक आर्यन

साथ ही ऐसा भी माना जा रहा है कि फिल्म ‘लड़ाकू’ कार्तिक आर्यन के करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हो सकती है. इस फिल्म के साथ वे ‘डोपामाइन स्टूडियोज’ के बैनर तले पहली बार बतौर प्रोड्यूसर अपने सफर की नई शुरुआत करने वाले हैं. सिर्फ पर्दे के पीछे ही नहीं, स्क्रीन पर भी वे चैंपियन तजामुल इस्लाम के कोच का लीड रोल निभाते नजर आएंगे. कुल मिलाकर कॉमेडी, रोमांस और स्पोर्ट्स ड्रामा से जुड़े अपने तीन बड़े प्रोजेक्ट्स के साथ कार्तिक साल 2027 के शुरुआती 6 महीनों में बॉक्स ऑफिस पर पूरी तरह राज करने के लिए तैयार हैं. ये नया रोल उनके फैंस के लिए भी काफी बड़ा सरप्राइज साबित होने वाला है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES