)
Sardar 2 OTT Release Date: साउथ के मशहूर एक्टर कार्थी और एस. जे. सूर्या स्टारर एक्शन थ्रिलर फिल्म 'सरदार 2' अब आखिरकार ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने के लिए पूरी तरह से तैयार है. पी. एस. मित्रन के निर्देशन में बनी यह फिल्म साल 2022 की हिट फिल्म 'सरदार' की सीक्वल है, जो 10 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और इसे दर्शकों से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला था. अब सिनेमाघरों में रिलीज के एक महीने के अंदर ही फिल्म के मेकर्स ने इसकी ओटीटी रिलीज का ऐलान कर दिया है. आइए जानते हैं ओटीटी पर कब रिलीज होगी फिल्म-
मेकर्स ने 28 सितंबर को एक दिलचस्प प्रोमो वीडियो जारी करके इसकी ओटीटी रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा की. इस वीडियो में कार्थी और एक्ट्रेस आशिका रंगनाथ नजर आ रहे हैं. वीडियो के कैप्शन में लिखा, 'ध्यान दें: एक नया मिशन. सरदार 2 प्राइम वीडियो पर 1 अक्टूबर से.' वीडियो की शुरुआत में आशिका कार्थी से कहती हैं, 'सरदार, अब समय आ गया है.' इसके बाद कार्थी कोड वर्ड्स में एक मैसेज भेजते हैं, जिस पर आशिका पूछती हैं, 'यह क्या मैसेज है? मुझे समझ नहीं आया.' इस पर कार्थी जवाब देते हैं, 'तुम्हें समझ नहीं आया? उन्हें समझ आ जाएगा.'

'सरदार 2' में कार्थी पिता और बेटे की दोहरी भूमिका (Dual Role) में नजर आ रहे हैं. पी. एस. मित्रन, अशमीरा अय्यप्पन और रत्ना कुमार द्वारा लिखित यह फिल्म एक रोमांचक मिशन के साथ सामाजिक मुद्दों को उजागर करती है. फिल्म का आधिकारिक सिनॉप्सिस बताता है कि यह फ्लैशबैक में स्पाइ (जासूस) सरदार की कहानी दिखाती है, जबकि लेटेस्ट समय में उनका बेटा इंस्पेक्टर विजय 'ब्लैक डैगर' नाम के खतरनाक विलेन का मुकाबला करता है.
दरअसल, यह कहानी विजय प्रकाश की है, जो रॉ के लिए काम करते हैं और उन्हें एक कम चर्चित यूनिट में तैनात किया गया है. हालात तब बदलते हैं, जब सरदार के पुराने मिशनों में से एक से जुड़ी जानकारी सामने आती है. जांच में एक खतरनाक बायोकेमिकल हथियार भी शामिल हो जाता है, जिसे हासिल करने की कोशिश एक भाड़े के लड़ाकों का ग्रुप कर रहा है.

पिछली फिल्म की सफलता के बाद, इस फिल्म से सिनेमाघरों में बहुत उम्मीदें थीं. हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर 'सरदार 2' उन उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई, क्योंकि अपनी थिएट्रिकल रिलीज के दौरान 'मंडाडी' ने बाजी मार ली थी. अब जब फिल्म की डिजिटल रिलीज का ऐलान हो गया है, तो उम्मीद है कि अमेजन प्राइिम वीडियो पर इसे ज्यादा दर्शक मिलेंगे. 'सरदार 2' के फैंस 1 अक्टूबर से अमेजन प्राइम वीडियो पर फिल्म का आनंद ले सकेंगे. जल्द ही प्रीमियर होने का मतलब यह भी है कि दर्शक थिएट्रिकल रिलीज के सिर्फ तीन हफ्ते बाद ही फिल्म देख पाएंगे.
फिल्म की स्टारकास्ट में कार्थी के अलावा एस. जे. सूर्या, आशिका रंगनाथ, योगी बाबू, मालविका मोहनन, रजिषा विजयन और अच्युत कुमार लीड रोल में हैं, जबकि संगीत सैम सी.एस. ने तैयार किया है. बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'सरदार 2' ने अपने थियेट्रिकल रन के दौरान दुनिया भर में 23.85 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया. इसमें भारत से 19 करोड़ रुपये ग्रॉस और विदेशों से 4.85 करोड़ रुपये ग्रॉस की कमाई शामिल है.