App

करीना कपूर के 200 साल पुराने शाही पेंडेंट पर क्यों छिड़ा विवाद, लीगल नोटिस मिलने के बाद सपोर्ट में उतरा हिंदू संगठन; आखिर क्या है माजरा?

दिवाली लुक में पन्ने वाला शाही पेंडेंट पहनकर करीना कपूर खान बड़े विवाद में घिर गई हैं. इस मामले में उन्हें कानूनी नोटिस भेजकर माफी मांगने को कहा गया है. वहीं, अब एक हिंदू संगठन एक्ट्रेस के सपोर्ट में उतर आया है. आखिर क्या है इस 200 साल पुराने पेंडेंट का पूरा सच, चलिए बताते हैं.

करीना कपूर के 200 साल पुराने शाही पेंडेंट पर क्यों छिड़ा विवाद, लीगल नोटिस मिलने के बाद सपोर्ट में उतरा हिंदू संगठन; आखिर क्या है माजरा?
Image Credit: पन्ना जड़े शाही पेंडेंट को लेकर विवादों में घिरीं करीना कपूर खान

करीना कपूर खान इन दिनों अपने एक खास नेकलेस की वजह से नए विवाद में फंस गई हैं. दरअसल, दिवाली के मौके पर एक्ट्रेस ने अपनी कुछ तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की थीं, जिनमें वे हरे रंग के पन्ने से जड़ा एक बेहद खूबसूरत पेंडेंट पहने नजर आ रही हैं. इस पेंडेंट पर इस्लाम की पवित्र किताब कुरान की एक आयत लिखी हुई है. तस्वीरें सामने आने के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अब्बास हफीज ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई. उन्होंने इस मामले को लेकर करीना को एक कानूनी नोटिस भी भेजा, जिसके बाद फिल्म इंडस्ट्री से लेकर राजनीतिक गलियारों तक हलचल तेज हो गई है.

अब्बास ने अपने लीगल नोटिस में डिमांड की कि करीना तुरंत सोशल मीडिया से इन तस्वीरों से जुड़ी सभी पोस्ट डिलीट करें और माफी मांगने. साथ ही भविष्य में इस तरह धार्मिक आयतों को इस्तेमाल करने से बचे. हफीज के वकील मोहम्मद जफर का कहना है कि पेंडेंट पर कुरान की जो आयत लिखी है, वो इस्लाम में बहुत ही पवित्र मानी जाती है. धार्मिक नियमों के मुताबिक, ऐसी पवित्र चीजों को छूने या पहनने से पहले वजू करना जरूरी होता है. उन्होंने कहा कि इसे फैशन के तौर पर दिखाने से मुस्लिम समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है. हालांकि, हफीज ने ये भी साफ किया कि ये उनका निजी कदम है.

Kareena Kapoor Khan Post

हिंदू संगठन ने किया करीना कपूर का बचाव

उनके इस कदम का कांग्रेस पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है. वहीं, इस मामले में एक नया मोड़ ये आया है कि करीना के सपोर्ट में एक हिंदू संगठन खुलकर सामने आ गया है. हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्र शेखर तिवारी ने एक्ट्रेस का बचाव करते हुए कहा कि करीना को किसी से भी माफी मांगने की कोई जरूरत नहीं है. उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा, ‘पेंडेंट को गले में, दिल के करीब पहना जाता है. अगर इस पर कुरान की आयतें लिखी भी हैं, तो भी उन्होंने इसे ऐसी किसी जगह नहीं पहना होगा, जिसे अपमानजनक माना जाए. उन्हें किसी से माफी मांगने की जरूरत नहीं है’. ये मामला गरमाता ही जा रहा है.

शाही परिवार की बहू होने का दिया हवाला

हिंदू संगठन अध्यक्ष चंद्र शेखर तिवारी ने आगे अपना तर्क देते हुए कहा कि करीना कपूर खान भोपाल के पूर्व शाही परिवार की बहू हैं, इसलिए वे ऑफिशियली अपनी सास और परिवार के पुराने गहने पहन सकती हैं. हिंदू उत्सव समिति के साथ-साथ संस्कृति बचाओ मंच ने भी करीना कपूर के सपोर्ट में अपनी आवाज उठाई है और इस विवाद को बेवजह तूल न देने की बात कही है. हालांकि, इस पूरे बवाल और कानूनी नोटिस के बीच अभी तक करीना कपूर या उनकी टीम की तरफ से कोई भी ऑफिशियली स्टेटमेंट सामने नहीं आई है. फैंस को भी इस बात का इंतजार है कि एक्ट्रेस इस मामले पर अपनी चुप्पी कब तोड़ती हैं.

Kareena Kapoor Khan Post

रिया कपूर ने बताई थी 200 साल पुरानी विरासत

इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट रिया कपूर ने दिवाली लुक के तौर पर करीना कपूर की ये तस्वीरें इंस्टाग्राम पर साझा की थीं. रिया ने अपनी पोस्ट में इस खास पन्ना पेंडेंट के बारे में जानकारी देते हुए इसे भोपाल के पूर्व शाही परिवार की करीब 200 साल पुरानी विरासत बताया था. वहीं, इस पूरे मामले पर अब्बास हफीज ने भी अपना बयान देते हुए साफ किया कि इस पेंडेंट का सीधा नाता भोपाल की बेगमों के गौरवशाली इतिहास से है. उनका कहना है कि पुराने दौर में लोग इसे महज दिखावे या फैशन के तौर पर नहीं, बल्कि अपनी गहरी आस्था और सम्मान की निशानी मानकर गले में पहनते थे.

पटौदी और भोपाल रियासत से है गहरा नाता

इस पुराने और कीमती पेंडेंट का सीधा कनेक्शन सैफ अली खान के परिवार से है. असल में, सैफ की दादी साजिदा सुल्तान भोपाल के आखिरी नवाब हमीदुल्ला खान की बेटी थीं. उनकी शादी पटौदी रियासत के नवाब इफ्तिखार अली खान पटौदी के साथ हुई थी. बाद में इन्हीं दोनों के बेटे मंसूर अली खान पटौदी हुए, जो भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और सैफ अली खान के पिता थे. दो बड़े शाही परिवारों के आपस में जुड़ने की वजह से ही भोपाल की कई पुरानी और बेशकीमती निशानियां आज भी पटौदी परिवार के पास संभाल कर रखी हुई हैं. करीना कपूर ने इसी शाही खजाने के एक बेहद खास हार को इस मौके पर पहना था.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vandana Saini

Vandana Saini

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More