)
बाहर से चमकने वाली फिल्म इंडस्ट्री के अंदर कई कलाकारों का दर्द छिपा रहता है. ऐसा ही कुछ शाहरुख खान की फिल्म ‘जोश’ में काम कर चुके एक्टर शरद कपूर के साथ हो रहा है. आजकल वे बेहद बुरे वक्त से गुजर रहे हैं. कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर उनका एक इमोशनल वीडियो बहुत तेजी से वायरल हुआ है. इस वीडियो में उन्होंने फिल्म जगत के लोगों से हाथ जोड़कर काम देने की अपील की है. उनके इस दर्द भरे वीडियो को देखकर फैंस और इंडस्ट्री के बाकी लोग भी काफी इमोशनल हो गए हैं. अब हर कोई उनकी मदद करने के लिए आगे आ रहा है.
इससे पहले भी इंटरनेट पर शरद का एक वीडियो खूब वायरल हुआ था, जिसमें वे अपनी खराब सेहत के चलते अपने पालतू कुत्तों को एक NGO के हवाले करते नजर आए थे. अपने प्यारे जानवरों को खुद से दूर करते वक्त उनके चेहरे पर बिछड़ने का दुख साफ दिख रहा था. इस घटना को देखने के बाद टीवी एक्ट्रेस जया भट्टाचार्य उनका हालचाल जानने उनके घर पहुंचीं. जया ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शरद से मुलाकात का एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में शरद कपूर ने अपने मन की बात खुलकर सामने रखी और कहा, ‘वे दोबारा काम करना चाहते हैं’.
जया के वीडियो में शरद ने सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (सिंटा) से काम के लिए गुहार लगाई है. के कहते हैं, ‘मैं सिंटा से अपील करना चाहता हूं कि मुझे अच्छे काम की तलाश है. मुझे आप लोगों के साथ की जरूरत है और पूरा भरोसा है कि आपने हमेशा कलाकारों को सपोर्ट किया है. अगर थोड़ा सा हौसला भी मिल जाए तो मेरे लिए काफी होगा. मैं एक अच्छा एक्टर हूं और यह बात आप सब जानते हैं. मेरे लिए पैसा कोई बड़ी बात नहीं है, बस मैं फिर से एक्टिंग की दुनिया में लौटना चाहता हूं’. शरद की इस सादगी और सच्चाई ने हर किसी को इमोशनल कर दिया.
शरद कपूर का ये वीडियो वायरल होने के बाद अब ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) उनके साथ खडा हो गया है. एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश श्यामला गुप्ता ने एक वीडियो शेयर करके फिल्म मेकर्स और एक्टर्स से अपील की है कि वे शरद को काम दें. उनका कहना है कि फिल्म इंडस्ट्री में काम का कोई भरोसा नहीं होता. यहां आज किसी के पास बहुत काम है, तो कल वे बिल्कुल खाली भी बैठ सकता है. इस लाइन में अगला प्रोजेक्ट मिलने में कई महीने या फिर साल भर का समय भी लग जाता है. इसलिए मुश्किल वक्त में एक दूसरे का साथ देना चाहिए.
सुरेश श्यामला गुप्ता ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, ‘इस समय शरद कपूर को फिल्म इंडस्ट्री के सपोर्ट की सबसे ज्यादा जरूरत है’. उन्होंने इस सिचुएशन को सिनेमा की दुनिया का सबसे बड़ा और कड़वा सच बताया. अध्यक्ष का मानना है कि फिल्म इंडस्ट्री खुद भी आजकल काफी बुरे दौर से गुजर रही है. लोगों के पास काम के मौके लगातार कम हो रहे हैं. इस वजह से कई एक्टर्स और टेक्नीशियंस के करियर पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं. ऐसे मुश्किल वक्त में सभी को आपस में एकजुट होकर शरद जैसे टैलेंटेड कलाकारों का साथ देना चाहिए और उन्हें संभालना चाहिए.
बॉलीवुड और टीवी की दुनिया में शरद कपूर ने कई बेहतरीन किरदारों से अपनी खास पहचान बनाई है, लेकिन पिछले काफी समय से परदे से दूर रहने के चलते आज उनकी सिचुएशन काफी मुश्किल हो गई है. अपनी मौजूदा हालत पर शरद कपूर के इस इमोशनल बयान ने एक बार फिर फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाले कलाकारों की फाइनेंशियल सिक्योरिटी को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है. सोशल मीडिया पर भी आम लोग उनके सपोर्ट में लगातार पोस्ट कर रहे हैं. ‘जोश’ और ‘दस्तक’ जैसी फिल्मों में अपनी दमदार अदाकारी दिखाने वाले इस एक्टर के फैंस अब यही उम्मीद कर रहे हैं कि उन्हें जल्द ही कोई बड़ा प्रोजेक्ट मिले और वे परदे पर शानदार वापसी करें.