)
भारत ने पाकिस्तान को हराकर अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीत लिया. ओमान के अल अमरात में खेले गए खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया ने 338 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया. शनिवार (14 नवंबर) को जब टीम इंडिया लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो 252 रन पर आठ विकेट गंवा दिए. यहां से मोहित उल्वा और मनल चौहान ने मिलकर नौवें विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी की. मनल जब आउट हुए तो टीम का स्कोर 309 रन था. यहां से मोहित का साथ वेंकट ने दिया और 10वें विकेट के लिए 30 रनों की नाबाद साझेदारी करके टीम इंडिया को जीत दिला दी.
भारत को जीत लिए आखिरी दो ओवरों में 25 रन बनाने थे. उस समय टीम का स्कोर 48 ओवर में नौ विकेट पर 313 रन था. हाथ में सिर्फ एक विकेट था और 12 गेंद पर 25 रन बनाने थे. मोहित और चिगुरुपाति वेंकट ने मिलकर मोहम्मद सयाम के ओवर में 17 बनाए. इसके बाद आखिरी ओवर में छह गेंद पर आठ रनों की दरकार थी. मोहित क्रीज पर वेंकट के साथ टिके रहे और आखिरी गेंद तक मैच को पहुंचा दिया. 50वें ओवर की आखिरी गेंद पर भारत को जीत के लिए तीन और सुपर ओवर तक मैच को पहुंचाने के लिए दो रनों की आवश्यकता थी. मोहित उल्वा ने अहमद हुसैन की गेंद पर चौका मारकर भारत को जीत दिला. इसके बाद पूरी टीम मैदान में पहुंच गई और जश्न मनाने लगी.
टीम इंडिया जब टारगेट का पीछा करने उतरी तो उसके सामने एक बेहतर शुरुआत करने की चुनौती थी. पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने मिलकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई. दोनों ने शुरुआती 10 ओवर में एक भी विकेट नहीं गंवाया. आर्यवीर ने अर्धशतक लगाया और 61 गेंद पर 58 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके लगाए. पहले विकेट के लिए आर्यवीर और लक्ष्य ने 95 रनों की साझेदारी की.
खबर को हम अपडेट कर रहे हैं..