App

45 दिन की मेहनत और हजारों टन मिट्टी! पुष्कर में तैयार हुई भगवान देवनारायण की विशाल कलाकृति

पुष्कर मेले में सैंड आर्टिस्ट अजय रावत ने 45 दिनों की मेहनत से भगवान देवनारायण की 51 फीट ऊंची कलाकृति तैयार की है. रेत पर महाराणा प्रताप, चेतक और कालीबाई भील की शौर्यगाथा भी उकेरी गई है.

45 दिन की मेहनत और हजारों टन मिट्टी! पुष्कर में तैयार हुई भगवान देवनारायण की विशाल कलाकृति
Image Credit: हजारों टन रेत और 45 दिनों की साधना.

पुष्कर मेले में रेत से तैयार भगवान देवनारायण की 51 फीट ऊंची कलाकृति आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. सैंड आर्टिस्ट अजय रावत ने अपने आठवें नेशनल सैंड आर्ट फेस्टिवल के तहत यह आकृति बनाई है. शनिवार को पुष्कर सवाई भोज मंदिर के महंत श्री श्री 1008 चिड़ियादास महाराज के सानिध्य में इसका अनावरण किया गया. इस अवसर पर भगवान देवनारायण की पताका का ध्वजारोहण भी हुआ.

45 दिन की मेहनत से तैयार हुई कलाकृति
करीब 60 से 70 फीट चौड़ी इस कलाकृति को बनाने में हजारों टन मिट्टी का इस्तेमाल किया गया है. अजय रावत और उनकी टीम ने लगभग 45 दिनों की मेहनत से कलाकृतियों को अंतिम रूप दिया. निर्माण पर अब तक 10 लाख रुपए से अधिक खर्च हो चुके हैं. रावत का उद्देश्य सैंड आर्ट के जरिए राजस्थान की लोक संस्कृति, इतिहास और परंपराओं को दूर तक पहुंचाना है.

रेत पर उकेरीं महापुरुषों और वीरांगनाओं की गाथाएं
फेस्टिवल में भगवान देवनारायण के साथ महाराणा प्रताप और उनके घोड़े चेतक, दानवीर भामाशाह, गुरु जंभेश्वर तथा वीरांगना कालीबाई भील की गाथा को रेत पर आकार दिया गया है. भगवान सांवरिया सेठ की कलाकृति को 21 हजार रुपए के सिक्कों से सजाया गया है. वर्ष 1947 में डूंगरपुर के रास्तापाल में अपने शिक्षक को बचाते हुए शहीद हुईं कालीबाई भील के बलिदान को प्रमुखता से दिखाया गया है.

24 बगड़ावत और माता साडू की लोकगाथा
गुर्जर समाज के प्रवक्ता भगवान सिंह गुर्जर ने बताया कि भगवान देवनारायण की कलाकृति में 24 बगड़ावत, माता साडू की लोकगाथा और कमल पुष्प में भगवान के प्राकट्य के दृश्य को बारीकी से उकेरा गया है. इसे देखकर देवभक्त भावविभोर हो उठे. अनावरण समारोह में समाज सुधार कमेटी के अध्यक्ष नारायण गुर्जर, विकास खटाना, रायमल गुर्जर, मोहित और जयपुर से आए रमेश पायला सहित समाज के पदाधिकारी मौजूद रहे.

स्थायी सैंड आर्ट केंद्र बनाने की मांग
आयोजन के भारी खर्च के कारण दर्शकों से सहयोग राशि ली जा रही है. अजय रावत चाहते हैं कि भविष्य में राजस्थान पर्यटन विभाग फेस्टिवल आयोजित करे, ताकि पर्यटकों को निशुल्क प्रवेश मिल सके. भगवान सिंह गुर्जर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से कलाकार को प्रोत्साहन देने, सैंड आर्ट के स्थायी केंद्र के लिए भूमि आवंटित करने और पैनोरमा निर्माण के लिए बजट उपलब्ध कराने की मांग की है. पुष्कर मेले में रेत से इतिहास, आस्था और संस्कृति को साकार करती यह कला आयोजन की पहचान में नया अध्याय जोड़ रही है.

Reporter- Kaushal Jain

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee Rajasthan Web Team

Zee Rajasthan Web Team

राजस्थान की सबसे भरोसेमंद और तेज़ डिजिटल न्यूज़ डेस्क. प्रामाणिक खबरें, राजनीतिक हलचल, लोकल अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज़ और हर ज़िले की हर बड़ी गतिविधि सबसे पहले और सटीक अंदाज़ में. जुड़े रहिए हमारे साथ—सच बेबाक, राजस्थान तक
Read More