App

बच्चा हो तो समझ आएगा... दीपिका पादुकोण की 8 घंटे की शिफ्ट वाली मांग पर एक्ट्रेस इशिता का सपोर्ट

दीपिका पादुकोण की 8 घंटे की शिफ्ट की मांग पर इशिता दत्ता ने खुलकर बात की है. इशिता ने कहा कि मां बनने के बाद ही यह दर्द समझ आता है और इस मांग को गलत ठहराना ठीक नहीं है. जानिए पूरा मामला.

बच्चा हो तो समझ आएगा... दीपिका पादुकोण की 8 घंटे की शिफ्ट वाली मांग पर एक्ट्रेस इशिता का सपोर्ट
Image Credit: दीपिका पादुकोण ने फिल्मों में 8 घंटे की शिफ्ट की शर्त रखी थी, जिस पर एक्ट्रेस इशिता दत्ता ने सपोर्ट में बयान दिया (फाइल फोटो)

बॉलीवुड में एक्टर्स के काम करने के घंटे और पर्सनल लाइफ को लेकर बहस काफी गर्म है. जब दीपिका पादुकोण ने 8 घंटे की शिफ्ट की मांग रखी, तो इंडस्ट्री में तहलका मच गया. अब इस मुद्दे पर दो बच्चों की मां और पॉपुलर एक्ट्रेस इशिता दत्ता ने दीपिका का खुलकर सपोर्ट किया है. इशिता का मानना है कि इस मांग को गैर-वाजिब बताकर खारिज कर देना बिल्कुल गलत है.

बॉलीवुड में इन दिनों काम के घंटों को लेकर एक अलग ही जंग छिड़ी हुई है. जब दीपिका पादुकोण ने फिल्मों में 8 घंटे की शिफ्ट की शर्त रखी थी, तब सोशल मीडिया से लेकर इंडस्ट्री तक दो गुट बन गए थे. अब इस पूरे मुद्दे पर फिल्म 'दृश्यम' फेम इशिता दत्ता ने दीपिका का साथ दिया है. इशिता का कहना है कि 8 घंटे काम करने की मांग करना कोई पाप नहीं है.

इशिता दत्ता का बेबाक बयान

दो बच्चों की मां इशिता दत्ता ने द फ्री प्रेस जर्नल से बातचीत में इस मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि हर एक्टर की अपनी क्षमता और जरूरत होती है. कुछ लोग 12 से 15 घंटे काम करना पसंद करते हैं, जबकि कुछ लोग कम घंटों में अपना काम पूरा करना चाहते हैं. इशिता ने साफ कहा कि किसी की मांग को मानना या न मानना प्रोडक्शन हाउस की मर्जी है, लेकिन उस मांग को गलत ठहराना बिल्कुल गलत बात है.

"मां बनने के बाद ही समझ आती है ये बात"

वर्क-लाइफ बैलेंस और मदरहुड पर बात करते हुए इशिता ने कहा कि जब तक आप खुद मां नहीं बनते, तब तक आप समझ ही नहीं सकते कि बच्चों के साथ काम संभालना कितना मुश्किल होता है. उन्होंने अपना एक्सपीरियंस शेयर करते हुए बताया कि उन्होंने भी लंबे समय तक काम किया है, लेकिन मेकर्स इतने समझदार थे कि उन्हें समय पर घर जाने की छूट देते थे.

दीपिका पादुकोण का पूरा मामला क्या है?

साल 2025 में खबर आई थी कि दीपिका पादुकोण ने संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म 'स्पिरिट' और 'कल्कि 2898 AD' के सीक्वल से दूरी बना ली है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, दीपिका ने मेकर्स से 8 घंटे की शिफ्ट और कुछ खास शर्तें रखी थीं. इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया जाने लगा था और मेकर्स के साथ उनके विवाद की खबरें आने लगी थीं.

दीपिका की इस मांग के बाद बॉलीवुड दो हिस्सों में बंट गया था, लेकिन कई सितारों ने उनके इस कदम की तारीफ की. विक्रांत मैसी ने सबसे पहले दीपिका का सपोर्ट किया था. इसके अलावा सबा आजाद और अमृता पुरी ने भी कहा था कि महिलाओं से इस तरह के सवाल पूछना और उन्हें टारगेट करना पूरी तरह से जेंडर बायस है.

काजल अग्रवाल का कॉन्ट्रैक्ट मॉडल

इस बहस के बीच एक्ट्रेस काजल अग्रवाल ने भी एक बड़ा खुलासा किया था. उन्होंने बताया कि उनके कॉन्ट्रैक्ट में पहले से ही वर्किंग ऑवर्स तय होते हैं. काजल अपने कॉन्ट्रैक्ट में संडे की छुट्टी की शर्त भी रखती हैं, ताकि वह अपना पूरा दिन अपने बेटे के साथ बिता सकें. इशिता दत्ता के इस बयान ने इस बात पर मोहर लगा दी है कि सिनेमा इंडस्ट्री में काम के माहौल को बदलने की सख्त जरूरत है. शूटिंग सेट पर 15-18 घंटे काम करने का कल्चर अब एक्टर्स को पसंद नहीं आ रहा है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Alkesh Kushwaha

Alkesh Kushwaha

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More