)
म्यूजिकल रियलिटी शो ‘सा रे गा मा पा’ की शुरुआत 1 मई 1995 को जी टीवी पर हुई थी. इसे टीवी प्रोड्यूसर गजेंद्र सिंह ने बनाया था और तब इसका नाम सिर्फ ‘सा रे गा मा’ था. ये देश का सबसे पहला और सबसे लंबा चलने वाला सिंगिंग रियलिटी शो है. शुरुआत में इस शो का पहला सीजन सोनू निगम ने होस्ट किया था, जो खुद बाद में बड़े सिंगर बनकर ऊभरे. 2000 के बाद इसका नाम ‘सा रे गा मा पा’ कर दिया गया और फिर इसमें चैलेंज, लिटिल चैंप्स जैसे कई फॉर्मेट जुड़े.
इस सिंगिंग रियलिटी शो के अब तक 31 से ज्यादा सीजन आ चुके हैं, जिसमें रेगुलर, लिटिल चैंप्स, चैलेंज और सुपर सिंगर शामिल हैं. हर साल नया ट्विस्ट आता है. बंगाली वर्जन 2006 में शुरू हुआ था और अब 21वां सीजन चल रहा है. हिंदी में 2018 में 27वां, 2021 में 30वां और 2023 में 31वां सीजन टेलीकास्ट हुआ था. इस शो ने शान, श्रेया घोषाल, कुणाल गांजावाला, अमानत अली जैसे कई स्टार्स इंडस्ट्री को दिए. इस वजह से इसे ‘म्यूजिक का सबसे बड़ा फेस्टिवल’ भी कहा जाता है.
इस मंच पर अब तक लगभग हर बड़े सिंगर ने जज की कुर्सी संभाली है. शुरुआती सालों में सुरेश वाडकर, हरिहरन, इस्माइल दरबार जज थे. फिर अभिजीत भट्टाचार्य, अलका याज्ञनिक, बप्पी लहरी, सोनू निगम लिटिल चैंप्स में आए. हाल के सालों में विशाल ददलानी, हिमेश रेशमिया, शंकर महादेवन, अनु मलिक, नीति मोहन, शेखर रवजियानी, वाजिद खान, सोना मोहपात्रा, रिचा शर्मा जैसे नाम जज रहे हैं. 90s के लीजेंड कुमार सानू, उदित नारायण और अलका याज्ञनिक की तिकड़ी भी कई बार साथ दिखी है.
2026 में ‘सा रे गा मा पा’ एक बार फिर धमाकेदार वापसी करने जा रहा है. जी टीवी ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर एक प्रोमो शेयर करते हुए बताया कि ऑडिशन जल्द शुरू होने वाले है. प्रोमो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘जहां संगीत के जादू को इतनी शिद्दत दी जाए, वो सिर्फ एक मंच नहीं, वो है हिंदुस्तान का संगीतस्थान, सारेगामापा! देखिये #SaReGaMaPa2026, 19 सितंबर से, सिर्फ ज़ी टीवी पर!’. इस प्रोमो के सामने आने के बाद फैंस की एक्साइटमेंट भी काफी बढ़ गई है.
इस शो में ऑडिशन के लिए पूरे देश चंडीगढ़, जयपुर, मुंबई, बेंगलुरु से लोग अपना टैलेंट दिखाने आते हैं. नए सीजन के प्रोमो को लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है. इस बार शो की मेजबानी अभिनेता श्रेयस तलपड़े करते नजर आएंगे. वहीं, जज की कुर्सी पर म्यूजिक इंडस्ट्री की दमदार टीम दिखाई देगी. शो में सचेत टंडन, श्रेया घोषाल, शंकर महादेवन, उदित नारायण और जावेद अली जैसे दिग्गज कलाकार कंटेस्टेंट्स का मार्गदर्शन करते नजर आएंगे. अब बस फैंस को इसके टेलीकास्ट का इंतजार है.