पुलिस वैन से बाहर आते ही इमरान खान ने कहा 'जय हिंद', हिरासत से रिहाई के बाद का Video आया सामने
Actor Imran Khan Video: मुंबई में विरोध प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए बॉलीवुड एक्टर इमरान खान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. रिहा होते ही उन्होंने पुलिस को 'जय हिंद' बोला.
बॉलीवुड एक्टर इमरान खान एक बार फिर से सुर्खियों में आ गए हैं. इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं बल्कि मुंबई में हुआ एक हाई-वोल्टेज ड्रामा है. शनिवार को मुंबई में एक प्रोटेस्ट के दौरान पुलिस ने इमरान खान को हिरासत में ले लिया. लेकिन असली ट्विस्ट तब आया जब हिरासत से रिहा होने के बाद इमरान ने पुलिसकर्मियों को देखते ही 'जय हिंद' का नारा लगा दिया. अब इस घटना के कई वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.
शनिवार को मुंबई में चीफ इलेक्शन कमिश्नर के खिलाफ एक प्रोटेस्ट रखा गया था. इस प्रदर्शन में बॉलीवुड एक्टर इमरान खान भी शामिल हुए थे. उनके साथ उनकी गर्लफ्रेंड लेखा वाशिंगटन और कजिन जैन मैरी खान भी थीं. लेकिन प्रदर्शन शुरू होते ही माहौल थोड़ा गरम हो गया और मुंबई पुलिस ने एक्शन लेते हुए इमरान खान समेत करीब 400 लोगों को हिरासत में ले लिया.
रिहा होते ही बोला 'जय हिंद'
सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें इमरान खान पुलिस वालों की तरफ हाथ हिलाते हुए दिखाई दे रहे हैं. जैसे ही पुलिस वहां से जाने लगी, इमरान ने जोर से 'जय हिंद!' चिल्लाया. यह वीडियो अब इंस्टाग्राम और ट्विटर पर काफी शेयर किया जा रहा है. एक दूसरे वीडियो में इमरान खान ने बताया कि उनके साथ असल में क्या हुआ था. इमरान ने कहा कि उन्हें खुद समझ नहीं आया कि पुलिस ने उन्हें रास्ते से क्यों उठाया. पुलिस वालों ने बस इतना कहा कि 'गाड़ी में बैठो'. इमरान ने मजाकिया अंदाज में कहा कि मुझे लगा अंदर से गाड़ी बहुत बढ़िया होगी, इसलिए पुलिस वाले इतने एक्साइटेड थे. इसके बाद पुलिस उन्हें लगभग दो घंटे तक वैन में घुमाती रही और फिर किसी अनजान जगह पर छोड़ दिया.
गर्लफ्रेंड लेखा वाशिंगटन ने बनाए वीडियो
इस पूरे ड्रामे के दौरान इमरान की गर्लफ्रेंड लेखा वाशिंगटन और कजिन जैन मैरी खान पुलिस वालों से सवाल पूछती नजर आईं. उन्होंने पुलिस अधिकारियों से वारंट और कागजात दिखाने को कहा. लेखा ने बाद में यह भी आरोप लगाया कि रिहा किए जाने के बाद पुलिस ने उन्हें वापस जाने के लिए कैब तक नहीं लेने दी. मुंबई पुलिस का कहना है कि जहां यह प्रदर्शन हो रहा था, यानी अगस्त क्रांति मैदान, वह बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के मुताबिक प्रोटेस्ट के लिए तय जगह नहीं थी. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को यह कदम उठाना पड़ा. यह प्रोटेस्ट महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी ने बुलाया था, जिन्हें भी पुलिस ने रास्ते में ही हिरासत में ले लिया था.
यूथ के लिए क्यों खास है यह मुद्दा?
इमरान खान हमेशा से अपनी सादगी और अलग सोच के लिए जाने जाते हैं. जब से यह वीडियो सामने आया है, सोशल मीडिया पर यूथ उनके इस बेबाक अंदाज की तारीफ कर रहा है. बिना किसी डर के पुलिस के सामने 'जय हिंद' बोलना और पूरे मामले को कूल अंदाज में हैंडल करना लोगों को काफी पसंद आ रहा है.