App

ऑस्कर की रेस में कैसे शामिल होगी रणबीर कपूर की 'रामायण'? फिल्म को खुद पूरी करनी होंगी ये जरूरी शर्तें; जान लें पूरा नियम

रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है. अब सवाल है कि क्या यह फिल्म ऑस्कर की रेस में शामिल हो सकती है? दरअसल, ऑस्कर में एंट्री पाने के लिए फिल्मों को कुछ खास नियमों और योग्यताओं को पूरा करना होता है. जानिए 'रामायण' के लिए क्या हैं जरूरी शर्तें.

ऑस्कर की रेस में कैसे शामिल होगी रणबीर कपूर की 'रामायण'? फिल्म को खुद पूरी करनी होंगी ये जरूरी शर्तें; जान लें पूरा नियम
Image Credit: सोशल मीडिया

नितेश तिवारी की 'रामायण पार्ट 1' की दुनियाभर में रिलीज के पांच दिन बाद ऐसी खबरें सामने आई हैं कि इस फिल्म को 99वें अकादमी पुरस्कारों (ऑस्कर) के लिए भेजा गया है. ये पुरस्कार 14 मार्च 2027 को लॉस एंजिल्स, कैलिफोर्निया में आयोजित होने वाले हैं. हालांकि 'रामायण' अगले साल के लिए भारत की आधिकारिक ऑस्कर एंट्री बनने की समय-सीमा (7 सितंबर) से चूक गई थी, लेकिन इसने एक अलग रास्ता अपनाया है, क्योंकि यह 'अकादमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज' द्वारा तय किए गए सभी पात्रता मानदंडों को पूरा करती है.

अकादमी की आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए नियमों के मुताबिक, कोई फीचर फिल्म, जिसका रन टाइम  40 मिनट से अधिक लंबा हो. वो ऑस्कर की दौड़ में शामिल हो सकती है. लेकिन इसके लिए उसे कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होती हैं. 

अकादमी के लिए क्या शर्त हैं?

इसमें सबसे पहले फिल्म को अमेरिका के छह निर्धारित महानगरीय क्षेत्रों-एलए काउंटी, न्यूयॉर्क शहर, बे एरिया, शिकागो, डलास-फोर्ट वर्थ और अटलांटा में से किसी एक में एक निश्चित समय तक सिनेमाघरों में रिलीज होनी चाहिए.

रणबीर कपूर की 'रामायण' ने इस शर्त को पूरा कर लिया है. इस फिल्म को उत्तरी अमेरिका में 1,000 से ज्यादा जगहों पर रिलीज किया गया है. सोनी पिक्चर्स इंटरनेशनल द्वारा विदेशों में डिस्ट्रीब्यूशन की गई यह फिल्म अमेरिका मेंलेकिन इसके लिए उसे कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होती हैं. किसी भारतीय फिल्म की सबसे व्यापक रिलीज में से एक है. वेंकी बॉक्स ऑफिस के मुताबिक, 'रामायण' ने अमेरिका में सोमवार को अब तक किसी भी भारतीय फिल्म के मुकाबले सबसे ज्यादा कमाई करने का रिकॉर्ड भी बनाया है. इसने आदित्य धर की जासूसी थ्रिलर 'धुरंधर 2: द रिवेंज' के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है.

एक लंबे ओपनिंग वीकेंड के बाद अपने पहले सोमवार को 'रामायण' ने अमेरिका में 1.37 मिलियन डॉलर (13.70 लाख रुपये) की कमाई की. इस तरह इसने 'धुरंधर 2' की 1.14 मिलियन डॉलर (11.40 लाख रुपये) की कमाई को पीछे छोड़ दिया. इससे पहले पिछले वीकेंड पर 'रामायण' उत्तरी अमेरिका के बॉक्स ऑफिस पर दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली नई फिल्म रही. इसने 12.25 मिलियन डॉलर (114.89 करोड़ रुपये) की कमाई की और इस मामले में यह केवल ताकाशी यामाजाकी की जापानी मॉन्स्टर फिल्म 'गॉडजिला माइनस जीरो' से पीछे रही.

अवॉर्ड की रेस में शामिल होने के लिए हैं ये नियम

अकादमी का की दूसरी शर्त यह है कि फिल्म को ऊपर बताए गए किसी भी क्षेत्र के कमर्शियल सिनेमाघरों में लगातार कम से कम सात दिनों तक चलना चाहिए और हर दिन कम से कम तीन शो होने चाहिए. 5 नवंबर को अपनी वैश्विक रिलीज के बाद से 'रामायण' अमेरिका में पहले ही पांच दिन पूरे कर चुकी है. वहां फिल्म के मौजूदा प्रदर्शन को देखते हुए इसके सात दिनों से कहीं अधिक समय तक चलने की पूरी संभावना है.

तीसरी शर्त RAISE मानकों को पूरा करना है, जो प्रतिनिधित्व और इन्क्लूजन से जुड़े हैं. अकादमी की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, ऑस्कर के लिए भेजी गई फिल्म के कलाकारों या अहम सहायक कलाकारों में से कम से कम एक कलाकार उस देश या क्षेत्र के किसी ऐसे जातीय समूह से होना चाहिए, जिसका वहां पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं है.

चूंकि रामायण के कलाकारों में से अधिकांश दक्षिण एशियाई मूल के हैं, जो वेबसाइट पर लिस्टेड कम प्रतिनिधित्व वाले नस्लीय या जातीय समूहों में से एक है. इसलिए यह इस शर्त को भी पूरा करता है. यहां तक ​​कि इसकी कहानी/विषय-वस्तु भी एक नस्लीय और जातीय समूह पर आधारित है, जो RAISE के एक और शर्त को पूरा करती है.

1 जुलाई से 31 दिसंबर के बीच रिलीज़ होने वाली फिल्मों के लिए ऑस्कर 2027 में आवेदन करने की आखिरी तारीख 12 नवंबर है. हालांकि, 'रामायण' के आधिकारिक प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि नहीं की. शॉर्टलिस्ट की घोषणा 15 दिसंबर को की जाएगी, और आखिरी नॉमिनेशन की घोषणा 21 जनवरी, 2027 को होगी.

अब तक कौन-सी फिल्में इंडिपेंडेंट तरीके से ऑस्कर पहुंची?

'रामायण पार्ट 1' को ऑस्कर की शॉर्टलिस्ट में जगह बनाने के लिए अभी लंबा सफर तय करना है. अगर यह वहां पहुंच भी जाती है, तो ऐसा करने वाली यह पहली भारतीय फ़िल्म नहीं होगी. इससे पहले एसएस राजामौली की 2022 की तेलुगु एक्शन फिल्म 'RRR' न केवल 'बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग' के लिए नॉमिनेट हुई, बल्कि इसके पॉपुलर डांस ट्रैक 'नाटू नाटू' ने ऑस्कर पुरस्कार भी जीता.

हालांकि, 'RRR' उन चुनिंदा भारतीय फिल्मों में से है, जिसे अकादमी पुरस्कारों (ऑस्कर) में नॉमिनेशन मिला और जिसने जीत भी हासिल की, लेकिन गुनीत मोंगा के बैनर 'सिख्या एंटरटेनमेंट' द्वारा सह-निर्मित दो डॉक्यूमेंट्री फिल्मों ने भी ऑस्कर जीता है. इनमें कार्तिकी गोंसाल्विस की 'द एलिफेंट विस्परर्स' (नेटफ्लिक्स, 2022) और रायका जेहताबची की 'पीरियड एंड ऑफ सेंटेंस.' (2018) शामिल हैं.

बता दें कि पिछले कुछ सालों में ऑस्कर के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री उतनी भाग्यशाली नहीं रही हैं. भारतीय सिनेमा के इतिहास में केवल तीन आधिकारिक एंटी ही नामांकन तक पहुंच पाई हैं. इसमें महबूब खान की 1957 की महान फिल्म 'मदर इंडिया', मीरा नायर की 'सलाम बॉम्बे!' (1988), और आशुतोष गोवारीकर की 2001 की स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म 'लगान', जो लगभग 25 साल पहले अकादमी पुरस्कारों तक पहुंची थी.

गोंधल की हुई ऑफिशियल एंट्री

पिछले साल की आधिकारिक एंट्री नीरज घायवान की 'होमबाउंड' 'बेस्ट इंटरनेशनल फीचर' श्रेणी के लिए ऑस्कर की शॉर्टलिस्ट में तो जगह बना पाई, लेकिन अंतिम नामांकन के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी. इस साल की शुरुआत में अकादमी ने घोषणा की कि अगर कोई अंतरराष्ट्रीय फिल्म किसी प्रमुख वैश्विक फिल्म महोत्सव में कोई बड़ा पुरस्कार जीतती है, तो वह देश की आधिकारिक एंट्री न चुने जाने के बावजूद भी इस श्रेणी के लिए क्वालीफाई कर सकती है.

इस आधार पर तेजा रियो की कोन्याक भाषा की फिल्म 'अंग्ह' अब अगले साल होने वाले 99वें ऑस्कर में 'बेस्ट इंटरनेशनल फीचर' कैटेगरी के लिए योग्य हो गई है. कुछ महीने पहले ही इस फिल्म ने 2026 के टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में प्लेटफॉर्म प्राइज अपने नाम किया था. हालांकि, तब तक भारत की ओर से ऑस्कर के लिए आधिकारिक एंट्री चुनी जा चुकी थी. संतोष दावहकर की मराठी साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म 'गोंधल' को भारत की तरफ से आधिकारिक तौर पर भेजने का फैसला लिया गया था. यह फिल्म 13 नवंबर को भारतीय सिनेमाघरों में दोबारा रिलीज होने वाली है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Swati Singh

Swati Singh

स्वाति सिंह एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह Zee News Hindi की डिजिटल टीम के एंटरटेनमेंट (मनोरंजन) सेक्शन में काम कर रही हैं. स्वाति की एक्सपर्टीज बॉलीवुड न्यूज़, सिनेमा, एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के ट्रेंड्स और सेलेब्स की इन-डेप्थ रिपोर्टिंग में है.अपने करियर के दौरान स्वाति ने आयुष्मान खुराना, नीना गुप्ता, गजराज राव और ध्वनि भानुशाली जैसी कई जानी-मानी बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं. Zee News से पहले उन्होंने अमर उजाला, लाइव हिंदुस्तान और लोकमत जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में भी अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं, जहां काम के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया है.माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से मास कम्युनिकेशन और सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA) की डिग्री हासिल करने वाली स्वाति, मनोरंजन जगत की खबरों को पाठकों तक रोचक और सटीक ढंग से पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.आप स्वाति सिंह से swati.kumari@india.com पर सीधे ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More