म्यूजिक रियलिटी शोज में नजर आने वाले कई यंग सिंगर्स रातों-रात स्टार बन जाते हैं, लेकिन उस सफलता को संभाल कर रख पाना हर किसी के बस की बात नहीं होती. कुछ ऐसी ही कहानी लखनऊ के सिंगर विनीत सिंह की है, जिनका करियर हिमेश रेशमिया जैसे दिग्गज कंपोजर ने संवारा था. लेकिन एक रात में मिले फेम और अपनी गलतियों के कारण वो बॉलीवुड की चकाचौंध से धीरे-धीरे गायब हो गए. विनीत सिंह ने अपने करियर की शुरुआत साल 2005 में रियलिटी शो 'सा रे गा मा पा' से की थी, जहां वो रनर-अप रह थे.
इस शो के दौरान सिंगर हिमेश रेशमिया उनके मेंटर थे और उन्होंने विनीत के टैलेंट को पहचानकर उन्हें बॉलीवुड में बड़ा ब्रेक दिया, जिसके बाद विनीत ने 'हुक्का बार', 'जलते दिए', 'प्रेम लीला' और 'दिल रंग दे' जैसे सुपरहिट गानों में अपनी आवाज दी और इंडस्ट्री में अपनी खास पहचान बनाई. उस समय हर किसी को ऐसा लग रहा था कि विनीत का करियर अब केवल ऊंचाइयों को ही छुएगा.
कम उम्र में मिली इतनी बड़ी शोहरत को संभाल पाना विनीत के लिए आसान नहीं रहा, कुछ समय पहले उन्होंने खुद इस बाद को माना था कि सफलता के नशे में वो खुद को बहुत बड़ा स्टार समझने लगे थे और उनकी यही गलती उनके पतन का कारण बनी. धीरे-धीरे विनीत के हाथ से काम के मौके निकलते गए, जिससे वो डिप्रेशन का शिकार बन गए और म्यूजिक इंडस्ट्री से पूरी तरह कट गए. सालों तक उनका जीवन गुमनामी और मुश्किलों के दौर से ही गुजरा.

लंबे ब्रेक के बाद, साल 2022 में विनीत ने 'इंडियन आइडल 13' के मंच पर एक कंटेस्टेंट बनकर कदम रखा. ऑडिशन में जब जज नेहा कक्कड़ और हिमेश रेशमिया ने उन्हें देखा, तो वो हैरान रह गए. विनीत ने अपने अतीत की गलतियों को माना और खुद को विनीत 2.0 के रूप में पेश करते हुए एक नया मौका मांगा. हालांकि वो इस शो में टॉप 15 तक ही पहुंच सके और एलिमिनेट हो गए.
'इंडियन आइडल 13' के बाद भी विनीत ने हार नहीं मानी है, फिलहाल वो मुंबई में रहकर लाइव शोज, स्टेज परफॉर्मेंस और अपने सोशल मीडिया हैंडल्स की मदद से फैंस से दोबारा जुड़ रहे हैं. हालांकि उन्हें बॉलीवुड में बड़े प्रोजेक्ट्स का इंतजार अब भी है, लेकिन उनका सफर ये दिखाता है कि इंसान गलतियों से सीखकर दोबारा शुरुआत कर सकता है.