App

करिश्माई कलेक्शन: 2 करोड़ी Hanuman Ansh ने 51वें दिन भी हिला कर रख दिया बॉक्स ऑफिस, 400 करोड़ के क्लब में करने जा रही एंट्री

Hanuman Ansh Collection Day 51: संत नीम करौली बाबा के जीवन पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ इस वक्त थिएटर्स में इतिहास रचने में लगी है. बिना किसी बड़े स्टार और 2 करोड़ के बजट में सिर्फ अपने मजबूत कंटेंट के दम पर इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा तूफान ला दिया, जिसे देखकर पूरी फिल्म इंडस्ट्री हैरान रह गई.

करिश्माई कलेक्शन: 2 करोड़ी Hanuman Ansh ने 51वें दिन भी हिला कर रख दिया बॉक्स ऑफिस, 400 करोड़ के क्लब में करने जा रही एंट्री
Image Credit: बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच रही ‘हनुमान अंश’ (AI)

7 अगस्त को बड़े पर्दे पर आई ‘हनुमान अंश’ इस समय सिनेमाघरों से लेकर हर किसी की जुबान पर छाई हुई है, जिसे डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने डायरेक्ट किया है और खुद ही इसकी कहानी भी लिखी है. ये पूरी कहानी उनकी फेमस किताब ‘डिवाइन डिटूर: दैट चेंज्ड माय लाइफ’ पर तैयार की गई है. फिल्म की मूल प्रेरणा पूज्य संत नीम करौली बाबा के त्याग और उनके पावन आध्यात्मिक सफर से जुड़ी है. भारत में रिलीज के बाद इसे शुरुआत में बेहद शांत रिस्पॉन्स मिला था, लेकिन माउथ पब्लिसिटी के चलते तीसरे हफ्ते से इसने ऐसी रफ्तार पकड़ी कि सब देखते रह गए.

वहीं, विदेशों में ये फिल्म 11 सितंबर को रिलीज हुई. इस फिल्म की सबसे हैरान करने वाली और खास बात ये है कि इसमें कोई बड़ा सुपरस्टार नहीं है. पूरी तरह नए और सुलझे हुए कलाकारों के साथ इतनी बड़ी कामयाबी हासिल करना अपने आप में मिसाल है. फिल्म में शोभिनव सत्या ने नीम करौली बाबा का रोल प्ले किया, जबकि विहान शेडगे ने बाबा के बचपन का किरदार निभाया. इनके अलावा चंदन आनंद, अनिल रस्तोगी, पूर्णिमा तिवारी, हनी बख्शी, भगवान दास पटेल और नेहा परांजपे जैसे बेहतरीन कलाकारों ने अपने-अपने सहज अभिनय से कहानी में जान फूंक दी है.

नीम करौली बाबा का आध्यात्मिक सफर

बिना किसी भारी-भरकम स्टारकास्ट के सिर्फ कहानी के दम पर इस फिल्म ने करोड़ों दर्शकों का दिल सीधे छू लिया है. कहानी के पहलू को देखें तो ‘हनुमान अंश’ मुख्य रूप से नीम करौली बाबा के शुरुआती जीवन के संघर्ष और उनकी अलौकिक खोज को परदे पर बहुत ही खूबसूरती से पेश करती है. फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे मां के निधन के बाद बहुत कम उम्र में बालक लक्ष्मी नारायण अपना घर-परिवार छोड़कर प्रभु की तलाश में निकल पड़ते हैं. उत्तर भारत के तमाम बीहड़ों, जंगलों और अनजान रास्तों पर भटकते हुए उनका ये सफर धीरे-धीरे उन्हें आध्यात्मिक की ओर ले जाता है.

बजट कम और कमाई का बड़ा तूफान

यही कठिन साधना उन्हें आगे चलकर नीम करौली बाबा बनाती है. पूरी फिल्म निस्वार्थ सेवा, गहरी भक्ति, अटूट आस्था और जीवन के आंतरिक बदलाव के ताने-बाने पर बहुत सादगी से बुनी गई है. कहानी जितनी इमोशनल करने वाली है, इसका बजट और कमाई भी उतना ही चौंकाने वाला है. ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क की रिपोर्ट्स के मुताबिक, विशाल चतुर्वेदी की इस फिल्म को सिर्फ 1.8 से 2 करोड़ रुपये का बेहद मामूली सा खर्च आया. शुरुआत में फिल्म को बहुत कम थिएटर्स और स्क्रीन्स मिले, जिसके चलते पहले दिन इसने सिर्फ 10 लाख की कमाई की. मगर फिर एक चमत्काम हुआ.

50 दिन बाद भी नहीं थमी रफ्तार

जैसे-जैसे दर्शकों ने इसकी तारीफ सोशल मीडिया और आपस में शुरू की, वैसे-वैसे सिनेमाघरों में इसके शोज बढ़ते चले गए. सैकनिल्क के मुताबिक कम लागत वाली ये छोटी सी फिल्म आज बॉक्स ऑफिस पर एक बहुत बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हो चुकी है. ‘हनुमान अंश’ ने अपनी रिलीज के 51वें दिन भी करीब 6.50 करोड़ रुपये का तगड़ा कलेक्शन कर हर किसी को हैरान कर दिया. फिल्म ने शुरुआती 50 दिनों के अंदर घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 298.03 करोड़ रुपये का नेट बिजनेस पूरा कर लिया था, जबकि इसका इंडिया ग्रॉस कलेक्शन लगभग 352.10 करोड़ रुपये के पार निकल गया.

दुनिया भर में 400 करोड़ की ओर कदम

यानी फिल्म घरेलू स्तर पर बहुत जल्द ऐतिहासिक 300 करोड़ नेट क्लब में शामिल होने जा रही है. इससे पहले 47वें दिन तक सैकनिल्क के ट्रैकिंग डेटा में इसका कुल नेट कलेक्शन 280.93 करोड़ रुपये दर्ज किया गया था, जो लगातार मजबूत होता जा रहा है. घरेलू बाजार के साथ-साथ इस फिल्म को विदेशी दर्शकों का भी खूब प्यार मिल रहा है. बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने विदेशी थिएटर्स से अब तक करीब 37.75 करोड़ रुपये का कारोबार जुटा लिया है. इसके साथ ही फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 389.85 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है और यह 400 करोड़ का बड़ा मुकाम छूने से बस चंद कदम दूर है. इतने छोटे बजट की फिल्म के लिए यह कमाई किसी चमत्कार से कम नहीं है. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vandana Saini

Vandana Saini

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More