App

Gunmaaster G9: इमरान हाशमी के धमाकेदार कमबैक ने जीता दिल, पहली बार जेनेलिया देशमुख संग स्क्रीन शेयर कर मचाया धमाल

इमरान हाश्मी और जेनेलिया डिसूजा स्टारर 'गनमास्टर G9' आज 27 नवंबर, 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है. आदित्य दत्त के निर्देशन में बनी ये फिल्म एक्शन, इमोशन और म्यूजिक के तड़के के साथ एक दिलचस्प सिनेमाई सफर दिखाती है, जिसे ऑडियंस बेहद पसंद कर रही है.

Gunmaaster G9: इमरान हाशमी के धमाकेदार कमबैक ने जीता दिल, पहली बार जेनेलिया देशमुख संग स्क्रीन शेयर कर मचाया धमाल

रेटिंग: ⭐⭐⭐⭐ (4/5)

फिल्म की जानकारी

फिल्म: Gunmaaster G9

निर्देशक: आदित्य दत्त

कलाकार: इमरान हाशमी, जेनेलिया देशमुख, अपारशक्ति खुराना, अभिषेक सिंह

अन्य कलाकार: अवनीत कौर, इनायत वर्मा, स्नेहिल दीक्षित मेहरा, शाद रंधावा और मनीष चौधरी

निर्माता: दीपक मुकुट, हुनर मुकुट और संगीता अहिर

संगीत: हिमेश रेशमिया

रिलीज डेट: 27 नवंबर 2026

रिलीज: वर्ल्डवाइड थिएट्रिकल रिलीज


कुछ फिल्में अपने स्टार्स के चार्म से थिएटर तक भीड़ खींचती हैं, तो कुछ अपनी कहानी और फुल-ऑन एंटरटेनमेंट से ऑडियंस का दिल जीत लेती हैं. 'गनमास्टर G9' इन दोनों चीजों का बढ़िया कॉम्बिनेशन पेश करती है. डायरेक्टर आदित्य दत्त की इस फिल्म में इमरान हाशमी एक ऐसे रोल में नजर आते हैं, जिसमें जबरदस्त एक्शन का स्वैग भी है और परिवार के लिए नरम दिल भी. अंडरवर्ल्ड की दुनिया, पुलिस का जाल, निजी जिंदगी की उलझनें और अपनों को बचाने की जिद कहानी की रफ्तार को कहीं भी थमने नहीं देती है. फिल्म में कमर्शियल सिनेमा का पूरा तड़का है और स्टार्स की दमदार एक्टिंग इसे और भी जानदार बना देती है.

फिल्म का हीरो ईश्वर अपनी जिंदगी के सबसे अंधेरे दौर को पीछे छोड़ चुका है. कभी जुर्म की दुनिया का हिस्सा रहा ईश्वर अब अपनी पत्नी आरती के साथ नई पहचान बनाकर एक सुकून भरी जिंदगी जीना चाहता है. लेकिन कहते हैं न कि अतीत पीछा नहीं छोड़ता है. पुराने हालात उसे एक बार फिर उसी दलदल के मुहाने पर ला खड़ा करते हैं. 

पुलिस का मुखबिर बनने की मजबूरी उसे दोबारा अपराधियों के बीच ले जाती है. इस बार उसकी लड़ाई सिर्फ खुद को बचाने की नहीं, बल्कि उस परिवार की ढाल बनने की है जिसके साथ उसने नए सपने बुने हैं. यही कशमकश कहानी को दिलचस्प मोड़ देती है.

gunmaaster g9

डायरेक्शन में झलकता है मसाला फिल्मों का तजुर्बा

आदित्य दत्त ने स्क्रिप्ट को इस तरह बुना है कि किरदारों की निजी जद्दोजहद और बाहर चल रहा क्राइम का खेल आपस में जुड़े रहें. ईश्वर का पुराना अतीत, आरती की जिंदगी से जुड़े राज और देसू की खौफनाक दुनिया फिल्म में अलग-अलग रंग भरती है. डायरेक्टर ने किरदारों को सिर्फ कहानी आगे बढ़ाने का जरिया नहीं बनाया, बल्कि उनके हालात और मजबूरियों को भी बखूबी दिखाया है. एक्शन और इमोशंस के बीच सही बैलेंस बिठाने की ये कोशिश लोगों को एक कंप्लीट मसाला एक्सपीरियंस देती है.

अपारशक्ति का चौंकाने वाला अवतार

फिल्म का सबसे बड़ा सरप्राइज पैकेज अपारशक्ति खुराना हैं, जो पहली बार इतने खतरनाक नेगेटिव शेड में दिखे हैं. देसू के किरदार में वो अपनी पुरानी कॉमेडी और सॉफ्ट इमेज को पूरी तरह तोड़ते नजर आते हैं. इस रोल की बेरहमी, सनक और दबदबा दिखाने का तरीका उन्हें कहानी का बेहद मजबूत पिलर बनाता है. अपारशक्ति अपनी एक्टिंग के बिल्कुल नए रंग दिखाते हैं. स्क्रीन पर उनकी एंट्री ही माहौल में टेंशन बढ़ा देती है और इमरान के साथ उनका आमना-सामना फिल्म का रोमांच दोगुना कर देता है. ये किरदार उनके करियर के लिए एक गेम-चेंजर साबित हो सकता है.

apaarshakti khurana

किरदारों के खुलते राज बनाए रखते हैं सस्पेंस

कहानी का ताना-बाना अतीत और वर्तमान के बीच झूलता है. अलग-अलग पड़ावों के जरिए लोगों के सामने किरदारों की असली सच्चाई खुलती है, जिससे कई सवालों के जवाब धीरे-धीरे मिलते हैं और सस्पेंस बना रहता है. ईश्वर की पुरानी जिंदगी और आज की जिम्मेदारियों का फर्क कहानी को मजबूत आधार देता है. स्क्रीनप्ले का ये तरीका थ्रिल और जज्बात दोनों को साथ लेकर चलता है.

रिश्तों की गहराई भी दिखाती है फिल्म

ईश्वर की सबसे बड़ी जंग अपने परिवार को हर आंच से बचाए रखने की है. उसे अच्छी तरह पता है कि जिस दुनिया को वो छोड़ आया है, वहां दोबारा कदम रखना कितना जोखिम भरा है. फिर भी वो डरकर भागने के बजाए हालात से टकराने का फैसला करता है और यही बात ऑडियंस को उससे इमोशनली जोड़ती है. फिल्म ये मैसेज देती है कि नई शुरुआत करने की हिम्मत और अपनों के लिए कुछ भी कर गुजरने का जज्बा इंसान की तकदीर बदल सकता है. मारधाड़ के बीच रिश्तों की ये गर्माहट फिल्म को खास बनाती है.

emraan

इमरान हाशमी का कमबैक

इमरान हाशमी पूरी फिल्म में अपने दमदार स्क्रीन प्रेजेंस के साथ छाए रहते हैं. ईश्वर के रोल में उनका कॉन्फिडेंस और अंदाज दिल जीत लेता है. इमरान की यही खूबी है कि वो रोमांटिक सीन्स में जितने नैचुरल लगते हैं, एक्शन और गंभीर ड्रामे में भी उतनी ही जान फूंक देते हैं. इस फिल्म में उनके दोनों ही अंदाज का बेहतरीन तालमेल देखने को मिलता है.

एक्शन सीन्स में उनका स्टाइल देखते ही बनता है. उनकी चाल-ढाल एक पुराने गैंगस्टर की झलक देती है, तो वहीं परिवार के साथ बिताए पलों में उनका बेहद भावुक रूप सामने आता है। वे ईश्वर को कोई सुपरहीरो नहीं, बल्कि अपने ही फैसलों से जूझते एक आम इंसान की तरह पेश करते हैं, जो उनकी परफॉर्मेंस को और असरदार बनाता है.

genelia

जेनेलिया ने कहानी को दी इमोशनल मजबूती

जेनेलिया देशमुख की मौजूदगी स्क्रीन पर एक अलग ही ताजगी और अपनापन लेकर आती है. आरती के किरदार में वो प्यार और भरोसे की मिसाल बनती हैं. इमरान के साथ उनकी जोड़ी बेहद प्यारी लगती है और दोनों की केमिस्ट्री रोमांटिक पलों को खूबसूरत बनाती है. जेनेलिया ने अपने रोल को बहुत ही सादगी से निभाया है. आरती के अतीत और आज के हालात से जुड़े सीन्स में उन्हें अपनी एक्टिंग दिखाने का पूरा मौका मिला है और वो एक्शन से भरी इस दुनिया में जज्बात की एक प्यारी सी परत जोड़ती हैं.

सपोर्टिंग कास्ट ने कहानी को दिया पूरा साथ

फिल्म में अभिषेक सिंह राणा के किरदार में नजर आते हैं. उनके अलावा अवनीत कौर, इनायत वर्मा, स्नेहिल दीक्षित मेहरा, शाद रंधावा और मनीष चौधरी भी अहम भूमिकाओं में हैं. इन सभी किरदारों की वजह से कहानी का दायरा बढ़ता है और प्लॉट को आगे बढ़ने में मदद मिलती है. सपोर्टिंग एक्टर्स के काम से फिल्म की दुनिया काफी असली और जिंदा लगती है.

himesh

हिमेश रेशमिया का म्यूजिक है फिल्म की जान

हिमेश रेशमिया का म्यूजिक फिल्म के माहौल को बनाने में बड़ा रोल निभाता है. उनके गानों में वही पुरानी मेलोडी और कैची धुनें सुनने को मिलती हैं, जो सीधे जुबान पर चढ़ जाती हैं. इमरान हाशमी और हिमेश की जोड़ी का पुराना जादू लोगों के बीच पहले से ही हिट है, इसलिए इस फिल्म के गानों को लेकर भी खास क्रेज दिखता है. रोमांटिक सीन्स में गाने कहानी को खूबसूरती से आगे बढ़ाते हैं और फिल्म का एंटरटेनमेंट लेवल बढ़ा देते हैं. हिमेश की धुनें इस फिल्म को एक अलग ही टच देती हैं.

फिल्म की सबसे अच्छी बात ये है कि यहां हीरो की जंग सिर्फ बाहर के दुश्मनों से नहीं, बल्कि अपने ही अतीत से पीछा छुड़ाकर एक सुकून भरी जिंदगी पाने की है. यही इमोशनल कनेक्ट इसे एक आम एक्शन फिल्म से ऊपर उठाता है. इमरान हाशमी का स्वैग, अपारशक्ति का नया अवतार और हिमेश का म्यूजिक 'गनमास्टर G9' मसाला फिल्मों के शौकीनों के लिए एक पैसा-वसूल सिनेमाई एक्सपीरियंस है.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Jyoti Rajput

Jyoti Rajput

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More