)
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने देश की सभी राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासन को भगोड़े उपदेशक जाकिर नाइक के इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 यानी UAPA की कुछ धाराओं के तहत कार्रवाई करने की शक्तियां दी हैं. मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को UAPA की धारा 7 और 8 के तहत IRF के खिलाफ शक्तियों का इस्तेमाल करने का अधिकार दिया है. UAPA की धारा 7 और 8 केंद्र सरकार को धारा 3 के तहत गैरकानूनी घोषित किए गए किसी संगठन के वित्तीय संसाधनों और उसके इस्तेमाल में आने वाली संपत्तियों/परिसरों पर रोक लगाने की शक्ति देती हैं.
मंत्रालय ने 26 नवंबर की देर रात जारी अधिसूचना के जरिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को UAPA की धारा 7 और 8 के तहत ये शक्तियां सौंपीं.
यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब 13 नवंबर को मंत्रालय ने UAPA के तहत IRF पर लगा पांच साल का प्रतिबंध लगातार तीसरी बार बढ़ाया था.
सरकारी अधिसूचना में कहा गया है, 'गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 की धारा 42 के तहत प्राप्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए केंद्र सरकार निर्देश देती है कि धारा 7 और 8 के तहत उसके द्वारा इस्तेमाल की जा सकने वाली सभी शक्तियों का इस्तेमाल राज्य सरकारें और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासन भी उक्त गैरकानूनी संगठन के संबंध में कर सकेंगे.'
गौरतलब है कि इसी महीने गृह मंत्रालय ने IRF को एक गैरकानूनी संगठन घोषित करते हुए उस पर लगा प्रतिबंध पांच सालों के लिए और बढ़ाते हुए कहा था, 'IRF ऐसी तमाम गतिविधियों में शामिल रहा है, जो भारत की सुरक्षा के लिए नुकसानदायक हैं. इससे शांति और सांप्रदायिक सद्भाव बिगड़ने के साथ देश के धर्मनिरपेक्ष ताने-बाने को नुकसान पहुंचने की आशंका है.'
IRF की स्थापना फरवरी 1991 में मुंबई में जाकिर नाइक ने की थी. बाद में नाइक भारत छोड़कर मलेशिया चला गया, जहां उसे स्थायी निवास मिला. गृह मंत्रालय ने 17 नवंबर 2016 को UAPA की धारा 3(1) और 3(3) के तहत IRF को गैरकानूनी संगठन घोषित कर उस पर पांच साल का प्रतिबंध लगाया था. इसके बाद 15 नवंबर 2021 को प्रतिबंध को आगे बढ़ाया गया.
भारतीय अधिकारियों और खुफिया एजेंसियों ने जाकिर नाइक और IRF पर भड़काऊ भाषण देने तथा समुदायों के बीच धार्मिक दुश्मनी और नफरत को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है.
मंत्रालय ने 13 नवंबर को UAPA की धारा 3 की उपधारा (1) के तहत प्राप्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए IRF पर प्रतिबंध बढ़ाने की घोषणा की थी.