)
सोशल मीडिया पर आजकल जानी-मानी कोरियोग्राफर और डायरेक्टर फराह खान का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है. इस क्लिप में वे अपने कुक दिलीप के साथ किसी बात पर बहस करती नजर आ रही हैं. वीडियो में दिलीप उनसे कहते सुनाई देते हैं, ‘मैंने आपको कितनी बार बोला है’. ये सुनते ही फराह नाराज होकर पलट कर कहती है, ‘तू मुझे समझाएगा?.’ ठीक उसी समय फराह की नजर सामने चल रहे कैमरे पर पड़ जाती है. वे तुरंत टोकते हुए रिकॉर्डिंग रोकने को बोलती हैं. देखते ही देखते ये वीडियो इंटरनेट पर छा गया और तरह-तरह के रिएक्शन आने लगे.
जैसे ही वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ, लोगों ने तरह-तरह की बातें बनानी शुरू कर दीं और दोनों के रिश्ते पर उंगली उठाने लगे. जब बात ज्यादा बिगड़ने लगी तो फराह ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट डाला. उन्होंने हाथ जोड़ने वाला इमोजी लगाकर सबसे गुजारिश करते हुए लिखा, ‘दोस्तों, प्लीज मेरी और दिलीप की प्राइवेसी का ख्याल रखें, किसी भी नतीजे पर मत पहुंचिए’. फराह की इस बात ने फैंस का दिमाग और घूमा दिया. हर कोई यही सोच रहा है कि क्या दोनों के बीच सच में कोई बड़ा झगड़ा हुआ है या फिर ये उनके नए व्लॉग के लिए किया गया कोई मजाक या प्रैंक है.
फराह खान के यूट्यूब चैनल ने लोगों को सिर्फ बढ़िया खाना बनाना ही नहीं सिखाया, बल्कि उनके कुक दिलीप को रातोंरात इंटरनेट का बड़ा स्टार बना दिया. साल 2024 में शुरू हुए इस शो में दोनों के बीच की खट्टी-मीठी नोकझोंक लोगों को खूब पसंद आती है. इस शो में खाना बनाने के साथ-साथ गपशप भी होती है, जहां काजोल, अनन्या पांडे और विजय वर्मा जैसे बड़े बॉलीवुड सितारे भी मेहमान बनकर आ चुके हैं. शो के हर एपिसोड में दिलीप का देसी अंदाज, उनकी हाजिरजवाबी और सादगी लोगों का दिल जीत लेती है. आज दिलीप की भी तगड़ी फैन फॉलोइंग है.
आज दिलीप भी किसी बड़े सेलिब्रिटी से कम नहीं हैं. हाल ही में सोहा अली खान के यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए फराह ने दिलीप से जुड़े कई खुलासे किए थे. फराह ने बताया कि ये सफर कैसे शुरू हुआ और कैसे दिलीप अचानक सोशल मीडिया के चमकते सितारे बन गए? फराह के मुताबिक, दिलीप को उनके शो से इतनी शोहरत मिली कि उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई. फराह ने ये भी बताया कि दिलीप पहले से उनके घर पर काम कर रहे थे और उन्हें अच्छी तनख्वाह मिलती थी, लेकिन यूट्यूब पर आने के बाद उनकी कमाई और काम के मौके काफी बढ़ गए हैं.
सोहा के शो पर फराह ने दिलीप के पुराने दिनों का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि सक्सेस का मुंह देखने से पहले दिलीप की जिंदगी बेहद बुरे दौर से गुजर रही थी. पैसों की तंगी इतनी ज्यादा बढ़ गई थी कि वो सिर से पांव तक भारी कर्ज में दब चुके थे. घर के हालात भी संभल नहीं रहे थे. ऐसे नाजुक मोड़ पर फराह उनकी ढाल बनकर सामने आईं. दिलीप को उस कर्ज के दलदल से बाहर खींचने और दोबारा संभलने में उन्हें पूरा एक साल का वक्त लगा. फराह ने उस दौरान न सिर्फ दिलीप का हौसला बढ़ाया, बल्कि पूरे परिवार की जिम्मेदारी भी उठाई, ताकि वो फिर से अपनी जिंदगी की नई शुरुआत कर सकें.
फराह ने बताया कि वे अपने कुक दिलीप के परिवार और बच्चों के भविष्य को लेकर काफी गंभीर रहती हैं. बच्चों को बढिया पढाई मिले, इसलिए फराह ने खुद उनका दाखिला एक अच्छे इंग्लिश मीडियम स्कूल में कराया है. इतना ही नहीं, उन्होंने दिलीप के एक बेटे को कुकिंग से जुडे कलिनरी डिप्लोमा कोर्स में भी एडमिशन दिलाया है, ताकि वो भी आगे चलकर अपने पिता की तरह इस काम में खूब नाम कमाए. अब जब दोनों के बीच इतना गहरा अपनापन है, तब अचानक सोशल मीडिया पर उनके बीच हुई तीखी बहस का वीडियो देखकर हर कोई हैरान है कि आखिर बात क्या है.