नवरात्रि में फिर गूंजा 'मैंने पायल है छनकाई'! गाने की स्टार हिमानी शाह वीडियो शेयर कर बोलीं- 'मैं पहले ही सफलता के शिखर पर पहुंच चुकी हूं'
साल 1999 में फाल्गुनी पाठक का सुपरहिट गाना 'मैंने पायल है छनकाई' रिलीज हुआ, जो नवरात्रि के मौके पर एक बार फिर सोशल मीडिया पर छा गया है. वहीं इस गाने की स्टार हिमानी शाह ने सोशल मीडिया पर एक मजेदार पोस्ट शेयर किया है, जिसने 90 के दशक की यादें ताजा कर दीं.
हर साल जब भी देश में नवरात्रि और डांडिया का माहौल बनता है, तो सबसे पहले हमारे जेहन में 'डांडिया क्वीन' फाल्गुनी पाठक का नाम और उनके सुपरहिट गानों का आता है. 90 के दशक के उन सुनहरे दिनों का जादू आज भी लोगों के सिर चढ़कर बोलता है. इन दिनों सोशल मीडिया पर फाल्गुनी पाठक का साल 1999 का सबसे आइकॉनिक गाना 'मैंने पायल है छनकाई' फिर से वायरल हो रहा है. इस गाने के दोबारा वायरल होने की सबसे बड़ी वजह इसके एक्ट्रेस हिमानी राजीव शाह का एक हालिया सोशल मीडिया पोस्ट है, जिसने 90s के बच्चों की बचपन की सारी यादें फिर से ताजा कर दी हैं.
इस गाने में कॉलेज की उस स्टाइलिश और पॉपुलर लड़की का किरदार निभाने वाली हिमानी शाह ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर इस गाने का एक क्लिप शेयर किया. अपने इस पोस्ट में उन्होंने बड़े ही मजाकिया अंदाज में लिखा, 'मुझे डर है कि मैं पहले ही अपने चरम पर पहुंच चुकी हूं'. इसके साथ ही, उन्होंने कैप्शन में लिखा कि नवरात्रि के दौरान फाल्गुनी पाठक को सुनना बेहद जरूरी है और उनके पास इसका सबूत भी है. उनके इस फनी और खूबसूरत कैप्शन ने फैंस का दिल जीत लिया और देखते ही देखते ये वीडियो पूरे इंटरनेट पर वायरल हो गई.
कौन हैं हिमानी शाह और अब कहां हैं?
ऑडियंस के कानों में जब भी इस गाने की धुन बजती है तो, सबसे पहले कॉलेज गर्ल के रूप में हिट हुईं हिमानी शाह का ख्याल आता है. हिमानी आज लाइमलाइट से दूर एक शानदार और खुशहाल जिंदगी जी रही हैं. 'मैंने पायल है छनकाई' से रातों-रात स्टार बनने वाली हिमानी ने इसके बाद एमटीवी इंडिया में वीजे और मॉडल के तौर पर भी काम किया.
उन्होंने साल 2001 की फिल्म 'यादें' में एक छोटा कैमियो भी किया था. वहीं पर्सनल लाइफ की बात करें, तो उनकी शादी मुंबई के जाने-माने डायमंड बिजनेसमेन और फिल्म फाइनेंसर भरत शाह के बेटे राजीव शाह से हुई है. आज हिमानी दो बच्चों की मां हैं और मुंबई में रहकर ब्यूटी, फैशन और लग्जरी लाइफस्टाइल की एक जानी-मानी डिजिटल कंटेंट क्रिएटर के तौर पर एक्टिव हैं.
फाल्गुनी पाठक के गानों का आज भी बरकरार है जादू
फाल्गुनी पाठक के सिर्फ इसी गाने ने नहीं, बल्कि उनके कई दूसरे म्यूजिक वीडियो ने भी इंडियन सिनेमा और टीवी को कई बड़े चेहरे दिए हैं. 'मैंने पायल है छनकाई' में हिमानी के अलावा विवान भटेना नजर आए थे, जो बाद में 'दंगल' और 'जुड़वा 2' जैसी फिल्मों का हिस्सा बने. इसी तरह 'मेरी चुनर उड़ उड़ जाए' में आयशा टाकिया और तृषा कृष्णन थीं, तो 'ओ पिया' में सृति झा नजर आई थीं.