लौटा सस्पेंस का बाप: Drishyam 3 देख चकराया ऑडियंस का सिर, क्लाइमैक्स देख बोले- ‘मोहनलाल से बेहतर निकले अजय देवगन’
Drishyam 3 X Review: अजय देवगन की सस्पेंस से भरी फिल्म ‘दृश्यम 3’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. कहानी में इस बार नया ट्विस्ट और हैरान कर देने वाला अंत देखने को मिल रहा है. शुरुआती पब्लिक रिएक्शन सामने आ चुके हैं और बॉक्स ऑफिस पर बंपर कमाई की उम्मीद जताई जा रही है.
अजय देवगन एक बार फिर अपने सबसे फेमस विजय सालगांवकर के किरदार में बड़े पर्दे पर लौट चुके हैं. ये उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘दृश्यम’ का आखिरी पार्ट ‘दृश्यम 3’ है, जिसको लेकर काफी समय से लोगों के बीच बज बना हुआ था. अभिषेक पाठक के डायरेक्शन में बनी इस मिस्ट्री फिल्म में पुरानी स्टारकास्ट के साथ-साथ कुछ नए चेहरे भी नजर आ रहे हैं. तब्बू, श्रिया सरन, इशिता दत्ता और रजत कपूर के साथ प्रकाश राज और जयदीप अहलावत भी इस कहानी का हिस्सा बने हैं. लोग ये जानने को बेताब थे कि इस बार विजय अपने परिवार को पुलिस से कैसे बचाता है?
नए पार्ट ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ को देखने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा इसकी कहानी और क्लाइमैक्स की हो रही है. इससे पहले के दोनों हिंदी पार्ट्स सीधे तौर पर मोहनलाल की ओरिजनल मलयालम फिल्मों की कहानी पर आधारित थे, लेकिन इस तीसरे पार्ट के निर्माताओं ने पहले ही साफ कर दिया था कि हिंदी ऑडियंस के लिए क्लाइमैक्स बिल्कुल अलग तैयार किया गया है. इसी बदलाव की वजह से उन लोगों के लिए भी फिल्म में नयापन बना हुआ है, जो पूरी कहानी पहले से जानते थे. आज रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने अपनी राय खुलकर जाहिर करना शुरू कर दिया है.
पब्लिक रिव्यू और सोशल मीडिया रिएक्शन
सोशल मीडिया पर लोग फिल्म को लेकर अपने एक्सपीरियंस शेयर कर रहे हैं. एक्स पर एक यूजर ने फिल्म को तीन स्टार रेटिंग देते हुए लिखा, ‘ये डेफिनेटली मोहनलाल वाली फिल्म से काफी बेहतर है. मेकर्स ने मलयालम पार्ट से सीख लेकर एक सेटिस्फेक्शन क्लाइमैक्स पेश किया है. अजय देवगन ने शानदार अदाकारी दिखाई है और बॉक्स ऑफिस पर ये फिल्म जबरदस्त हिट साबित होगी’. वहीं, दूसरे यूजर ने फिल्म के पहले हिस्से की जमकर तारीफ की. उनका कहना था कि फिल्म का फर्स्ट हाफ ‘दृश्यम 2’ से भी ज्यादा बांधकर रखता है और अजय देवगन का काम कमाल का है.
आखिरी आधे घंटे ने घुमाया दर्शकों का दिमाग
फिल्म के क्लाइमैक्स को लेकर लोगों के बीच अलग ही बहस छिड़ गई है. एक यूजर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि फिल्म के आखिरी 30 मिनट इतने हैरतअंगेज हैं कि या तो दर्शक इसे दो स्टार देंगे या फिर सीधे साढ़े चार से पांच स्टार की कैटेगरी में रख देंगे. उनका कहना था कि जब फिल्म खत्म हुई तो कई लोग पूरी तरह सन्न रह गए और उन्हें समझ ही नहीं आया कि स्क्रीन पर ये क्या हो गया? ये अजीब और चौंकाने वाला ट्विस्ट ही फिल्म का सबसे बड़ा अट्रैक्शन बन चुका है, जिसकी चर्चा हर तरफ बहुत तेजी से हो रही है. इतना ही ये हैरान कर देने वाला ट्विस्ट लोगों को पसंद आ रहा है.
फिल्म क्रिटिक्स रोहित जायसवाल का बड़ा दावा
सिनेमाघरों में टिकटों की जबरदस्त एडवांस बुकिंग और चारों तरफ बने माहौल को देखते हुए बॉक्स ऑफिस के जानकारों ने भी बड़े अनुमान लगाए हैं. फिल्मीबीट से खास बातचीत में जाने-माने फिल्म क्रिटिक्स रोहित जायसवाल ने बताया कि अजय देवगन की ये फिल्म पहले ही दिन पचास करोड़ रुपये से ज्यादा का बड़ा कारोबार कर सकती है. अगर ये अनुमान सही साबित होता है तो ये फिल्म इस साल की सबसे बड़ी ओपनिंग लेने वाली फिल्मों की लिस्ट में शामिल हो जाएगी. फिल्म ट्रेड से जुड़े लोग भी इस आंकड़े पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. बस देखना ये है पहले दिन क्या होता है.
वीकेंड पर रिकॉर्ड कमाई की तैयारी
फिल्म की मजबूत शुरुआत के बाद अब सभी की नजरें पहले शनिवार और रविवार के कारोबार पर टिकी हैं. परिवार को बचाने की इस पुरानी जंग में जो नयापन डाला गया है, उसे देखने के लिए फैमिली ऑडियंस सिनेमाघरों का रुख कर रही है. पहले दिन का पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ वीकेंड में भीड़ को कई गुना बढ़ा सकता है. प्रकाश राज और जयदीप अहलावत के किरदारों ने भी कहानी में भारी टकराव पैदा किया है, जिससे सिनेमाघरों के बाहर माहौल गर्म है. अब देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस के कितने नए रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करती है.