App

इसे कहते हैं किस्मत का खेल! 20 हजार का टिकट सिर्फ 4 हजार में मिला... दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में दो स्टूडेंट्स की ऐसे खुली लॉटरी

पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट में बिना टिकट पहुंचे दो कॉलेज स्टूडेंट्स के साथ कुछ ऐसा हुआ, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. कुछ लोग तो इसको चमत्कार बता रहे हैं. गेट के बाहर 20 हजार रुपये में बिक रहे गोल्ड टिकट इन स्टूडेंट्स को सिर्फ 4 हजार रुपये में मिल गए. चलिए बताते हैं कैसे?

इसे कहते हैं किस्मत का खेल! 20 हजार का टिकट सिर्फ 4 हजार में मिला... दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में दो स्टूडेंट्स की ऐसे खुली लॉटरी
Image Credit: दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट में दो स्टूडेंट्स के साथ हुआ चमत्कार

पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ के लाइव कॉन्सर्ट को लेकर फैंस में जबरदस्त दीवानगी देखने को मिलती है. जब उनका ‘औरा टूर’ देश की राजधानी दिल्ली पहुंचा, तो जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के बाहर हजारों लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. बहुत से लोगों ने महीनों पहले ही अपनी टिकट बुक कर ली थी, लेकिन कुछ ऐसे भी दीवाने थे, जो बिना टिकट ही सीधे स्टेडियम पहुंच गए. इन लोगों को उम्मीद थी कि गेट पर कोई न कोई ऐसा मिल ही जाएगा, जिसके पास एक्स्ट्रा टिकट होगी. स्टेडियम के गेट नंबर 14 पर टिकट काउंटर के पास भारी भीड़ जमा थी. हर कोई बस किसी भी तरह अंदर जाने का जुगाड़ ढूंढ रहा था.

भीड़ में ज्यादातर लोग टिकट की तलाश कर रहे थे, लेकिन फैंस की उस भारी भीड़ में एक शख्स ऐसा भी था, जो दोनों हाथ ऊपर उठाकर टिकट बेचने की आवाज लगा रहा था. उसके हाथों में वो टिकट थी, जिसे पाने के लिए बाहर खड़े लोग तरस रहे थे. इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इसी भीड़ में जामिया मिलिया इस्लामिया के दो स्टूडेंट्स वाहिब और तंजीम भी अपनी किस्मत आजमाने वहां पहुंचे थे. इन दोनों के पास ज्यादा पैसे नहीं थे, लेकिन दिलजीत को लाइव देखने का सपना बेहद बड़ा था. वे बस किसी तरह एक सही मौके के इंतजार में इधर-उधर चक्कर काट रहे थे, जिसके बाद दोनों की किस्मत कुछ ऐसे खुली. 

20 हजार से शुरू हुआ मोलभाव

स्टेडियम के एंट्री गेट पर दो महिलाएं खड़ी थीं, जिनके पास गोल्ड सेक्शन के दो एक्स्ट्रा टिकट पड़े थे. हैरानी की बात ये है कि उन लड़कियों ने ये टिकट लगभग 20 हजार रुपये खर्च करके खरीदे थे और अब वे इन्हें बाहर ही किसी को बेचना चाह रही थीं. वहां खड़े कई लोग टिकट लेने के लिए उनसे मोलभाव करने लगे. पहले तो दोनों महिलाएं पूरे 20 हजार रुपये लेने पर ही अड़ी रहीं और झुकने को तैयार नहीं थीं. मगर जब उस दाम पर कोई भी खरीदार नहीं मिला तो उन्होंने सीधे आधा रेट करते हुए कीमत 10 हजार रुपये कर दी. इसके बाद भी सौदा नहीं जमा, क्योंकि लोग लगातार टिकट के दाम और कम कराने में लगे थे.

स्टूडेंट्स की सादगी ने जीता दिल

वहां टिकट को लेकर मोलभाव का भारी शोर मचा हुआ था. इसी गहमागहमी के बीच जामिया मिलिया के दो स्टूडेंट्स वाहिब और तंजीम भी उन महिलाओं के पास जा पहुंचे. दोनों ने बडे ही सीधे और सच्चे तरीके से अपनी बात कही. उन्होंने बताया कि वे हॉस्टल में रहते हैं और दोनों के पास कुल मिलाकर बस 4 हजार रुपये ही बचे हैं. वे टिकट खरीदना तो चाहते थे, लेकिन इससे एक रुपया भी फालतू नहीं दे सकते थे. वहीं, दूसरी तरफ बाहर खडे लोग इससे कहीं ज्यादा दाम चुकाने को तैयार थे. स्टूडेंट्स की हालत देखकर कोई भी समझ सकता था कि वे अपने एक शौक के लिए अपनी सारी बची-खुची पूंजी दांव पर लगा रहे थे.

महिला के फैसले ने बदल दिया खेल

4 हजार रुपये लिए वहां पहुंचे स्टूडेंट्स की लाचारी और उनकी सच्ची बात सुनकर टिकट बेचने वाली महिला का दिल भर आया. उन्होंने सोचा कि बच्चे हॉस्टल में रहते हैं और घर से मिले पैसों में ही अपना काम चलाते हैं. ऐसे में बाहर से आ रहे बड़े-बड़े ऑफर्स को किनारे रखकर उन्होंने दोनों टिकट इन स्टूडेंट्स को सिर्फ 4 हजार रुपये में थमा दिए. टिकट देते हुए उन्होंने बस इतना कहा, ‘स्टूडेंट्स हैं, इनका भी फायदा होना चाहिए’. महिला की ये बात देखकर वहां खड़े बाकी लोग दंग रह गए. जहां भीड़ टिकट के लिए मनमाना पैसा फेंकने को तैयार बैठी थी, वहीं इन पढ़ने वाले लड़कों को टिकट बहुत ही सस्ते में हाथ लग गई.

स्टेडियम के अंदर मिला सपना

जैसे ही दिलजीत दोसांझ मंच पर आने वाले हुए बाहर मौजूद लोग किसी भी तरह अंदर जाने की जुगत लगा रहे थे. इस पूरे माहौल में सबसे ज्यादा किस्मत वाले साबित हुए दो दोस्त, वाहिब और तंजीम. गेट नंबर 14 के बाहर दोनों काफी मायूस होकर रुके थे, लेकिन कुछ ही पलों में बाजी पूरी तरह पलट गई. दोनों को एकदम सस्ते दाम में ‘गोल्ड सेक्शन’ की टिकट मिल गई. फिर क्या था, दोनों आराम से स्टेडियम के अंदर पहुंच गए और अपने पसंदीदा पंजाबी स्टार को पहली बार सामने गाते सुना. ये पूरा वाकया दोनों दोस्तों के लिए किसी करिश्मे या चमत्कार जैसा था, जिसकी चर्चा अब हर कोई चटकारे लेकर कर रहा है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vandana Saini

Vandana Saini

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More