App

राहुल की रैली: 'प्रोटेस्ट करो, खरीदारी भी...', राहुल गांधी की अपील; रामलीला मैदान में जुटने लगा जमावड़ा

दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की रैली से पहले कारोबारियों ने दिवाली के दौरान बाजारों में भीड़ की वजह से कारोबार प्रभावित होने की आशंका जताई थी. इसके बाद राहुल गांधी ने रैली में आने वाले लोगों से दिल्ली की दुकानों से त्योहार का सामान खरीदने की अपील की है. नेता विपक्ष ने बीजेपी पर अफवाह फैलाने का आरोप भी लगाया है.

राहुल की रैली: 'प्रोटेस्ट करो, खरीदारी भी...', राहुल गांधी की अपील; रामलीला मैदान में जुटने लगा जमावड़ा
Image Credit: (IANS)

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली INDIA ब्लॉक की बड़ी रैली में शामिल होने वाले लोगों से खास अपील की है. उन्होंने रैली में आ रहे लोगों से कहा है कि वो दिल्ली के स्थानीय दुकानदारों से दिवाली का सामान भी खरीदें. इससे छोटे कारोबारियों को फायदा होगा. नेता विपक्ष राहुल गांधी ने ये अपील ऐसे समय की है, जब व्यापारिक संगठन रैली के आयोजन को लेकर बीते कई दिनों से लगातार अपनी चिंता जता रहे हैं. 

सीटीआई समेत कई कारोबारी संगठनों का कहना है कि दिवाली से ठीक पहले इतनी बड़ी राजनीतिक रैली होने से दिल्ली के बाजारों में जाम लग सकता है. इससे त्योहार के दौरान होने वाली खरीदारी और कारोबार पर असर पड़ने की आशंका है.

राहुल गांधी की अपील

राहुल गांधी ने कारोबारियों को भरोसा दिलाने की कोशिश की कि रैली से उनके व्यापार को नुकसान नहीं होगा. उन्होंने यह भी कहा कि लाखों की संख्या में दिल्ली आने वाले लोग अगर स्थानीय बाजारों से खरीदारी करेंगे तो दुकानदारों को फायदा ही होगा.

राहुल गांधी ने अपने वीडियो संदेश में कहा, 'आइए प्रदर्शन कीजिए, मार्च कीजिए, रैली कीजिए और साथ में थोड़ी खरीदारी भी कीजिए. इससे व्यापारियों को फायदा होगा. मैं जानता हूं कि व्यापारियों को रैली से नुकसान नहीं पहुंचेगा. बीजेपी डरी हुई है, इसलिए अफवाह फैला रही है. हम दोनों काम करेंगे. मार्च भी होगा, रैली भी होगी. शुभ दिवाली. जय हिंद.'

दिवाली से पहले बाजारों में कारोबार ठप होने का डर

व्यापारिक संगठनों के संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने पहले ही रैली के समय और जगह को लेकर आपत्ति जताई थी. इस संगठन से चांदनी चौक, सदर बाजार, करोल बाग और चावड़ी बाजार जैसे दिल्ली के प्रमुख कारोबारी इलाके जुड़े हुए हैं. इन संगठनों से राहुल गांधी और सोनिया गांधी से रविवार की रैली टालने और इसे दीपावली के बाद रखने की अपील की थी.

व्यापारियों को आशंका है कि बड़ी रैली के कारण रामलीला मैदान के आस-पास दिल्ली के करीब 20 प्रमुख बाजारों तक लोगों का पहुंचना मुश्किल हो जाएगा. इससे दिवाली के खरीदारी वाले दिनों में कारोबारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है.

व्यापारियों का कहना था कि रैली में शामिल होने के लिए हजारों बसें और निजी वाहन दिल्ली पहुंचेंगे. इससे पुरानी दिल्ली की संकरी सड़कों और गलियों में जाम लग सकता है. इसका सीधा असर बाजारों में आने वाले ग्राहकों पर पड़ेगा.

कारोबारियों की चिंताओं पर जवाब देते हुए राहुल गांधी ने बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी दुकानदारों के बीच जानबूझकर डर का माहौल पैदा कर रही है. उन्होंने बाजारों में होने वाली परेशानियों के लिए सरकार की ओर से लगाई जाने वाली पाबंदियों को भी जिम्मेदार ठहराया. राहुल गांधी का आरोप है कि राजनीतिक कार्यक्रमों के दौरान सड़कों पर बैरिकेडिंग, रास्ते बंद करने और मेट्रो स्टेशन बंद करने जैसे कदमों से आम लोगों को परेशानी होती है.

क्यों हो रही रैली?

रामलीला मैदान में होने वाली यह रैली INDIA ब्लॉक के उस अभियान का हिस्सा है, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जा रही है. विपक्षी गठबंधन ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shwetank Ratnamber

Shwetank Ratnamber

श्वेतांक रत्नाम्बर वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 22 वर्षों से ज्यादा का व्यापक अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय (देश-दुनिया) खबरों की डेस्क पर कार्यरत हैं. समसामयिक मुद्दों, वैश्विक राजनीति और कूटनीति पर गहरी समझ रखने वाले श्वेतांक जटिल अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और राजनीतिक समीकरणों का सटीक विश्लेषण करने के विशेषज्ञ हैं.Zee News डिजिटल से पहले उन्होंने ज़ी मीडिया नेटवर्क के ग्लोबल न्यूज़ चैनल 'WION' के साथ काम किया है. इस दौरान उन्होंने 'Gravitas', 'The West Asia Post' और 'One Africa' जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्राइम-टाइम शोज़ के हिंदी प्रोडक्शन और इंटरप्रिटेशन में अहम भूमिका निभाई. 2004 से शुरू हुए अपने पत्रकारिता करियर में श्वेतांक ने रिपोर्टिंग और एंकरिंग के साथ-साथ चार लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की व्यापक ग्राउंड कवरेज की है.जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), नई दिल्ली से जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा के बाद मास कम्युनिकेशन और पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल करने वाले श्वेतांक लंबे समय से 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया' (PCI) के सम्मानित सदस्य हैं.आप श्वेतांक रत्नाम्बर से सीधे shwetank.ratnamber@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), मेटा (फेसबुक) और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.' 
Read More