SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पोस्ट डालो, बवाल करवाओ, फिर डिलीट कर दो... अपने ही फैंस को कितना बेवकूफ समझते हैं सितारे? दीया-नवाजुद्दीन के मजाक ने खोली बॉलीवुड की पोल‌

दीया मिर्जा ने सोशल मीडिया पर नवाजुद्दीन सिद्दीकी के बर्ताव को ‘बुरा सपना’ बताकर सनसनी मचा दी और फिर अपमे पोस्ट को डिलीट कर दिया, जिसके बाद उन्होंने अपनी नई सीरीज ‘डॉ. हसन’ का ट्रेलर शेयर किया, लेकिन यहां सवाल ये खड़ा होता है कि पहले सेलेब्स इस तरह के पोस्ट करते हैं. खूब सारी पब्लिसिटी हासिल करते हैं और फिर उसको डिलीट कर देते हैं. क्या वे सच में अपने फैंस को बेवकूफ समझते हैं?

Written By Vandana Saini
Published: Nov 19, 2026, 08:34 IST | Updated: Nov 19, 2026, 09:47 IST
Image Credit: बॉलीवुड सेलेब्स का फैंस को बेवकूफ बनाने पब्लिसिटी स्टंट!
Join

सोशल मीडिया पर इन दिनों दीया मिर्जा और नवाजुद्दीन सिद्दीकी का नाम खूब चर्चा में है. इसकी सबसे बड़ी वजह है एक इंस्टाग्राम पोस्ट, जिसमें दीया ने नवाजुद्दीन को टैग करते हुए उनके बिहेवियर पर गंभीर सवाल उठाए. पोस्ट में उन्हें ‘ऑफेंसिव कैरेक्टर’ बताया गया और उनके साथ काम करने के एक्सपीरियंस को ‘बुरा सपना’ कहा. दीया ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा था, ‘इनके साथ काम करना किसी बुरे सपने जैसा है. ना बात करने की तमीज है और एटीट्यूड अलग ही लेवल का है. बिल्कुल ऑफेंसिव कैरेक्टर’. देखते ही देखते ये पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा.

लोग एक दूसरे साथ इस पोस्ट के स्क्रीनशॉट शेयर करने लगे और लोगों ने नवाजुद्दीन की आलोचना शुरू कर दी. हालांकि, कुछ ही देर बाद उन्होंने ये पोस्ट डिलीट कर दी, लेकिन कहानी में असली ट्विस्ट तब आया, जब पोस्ट गायब होने के कुछ ही समय बाद दीया ने अपनी अपकमिंग सीरीज ‘डॉ. हसन’ का ट्रेलर शेयर कर दिया. हैरानी की बात ये थी कि इस ट्रेलर में वे एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ स्क्रीन शेयर करती नजर आ रही हैं. इसके बाद सोशल मीडिया पर एक नई बहस छिड़ गई कि सेलेब्स खबरों में बने रहने के लिए या अपने प्रोजेक्ट के प्रमोशन के लिए ऐसा क्यों करते हैं?

विवाद या प्रमोशन, यही सबसे बड़ा सवाल

बॉलीवुड में ये कोई नई बात नहीं, जब किसी फिल्म या प्रोजेक्ट के आने से ठीक पहले किसी सेलेब ने ऐसा किया है. दीया और नवाजुद्दीन के मामले में भी इस पोस्ट की टाइमिंग ने लोगों के मन में कई सवाल खड़े कर दिए हैं. दरअसल, जिस दिन ये विवादित पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हुई, ठीक उसी दिन ‘डॉ. हसन’ का ट्रेलर भी रिलीज किया गया. ऐसे में लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही खड़ा होता है कि अगर दीया फिल्म की प्रमोशन कर रही थीं, फिर भी उन्होंने नवाज को लेकर इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल क्यों किया. क्या ऐसा करके वे खबरों में बने रहने का रास्ता तलाश रही थीं.

‘इनके साथ काम करना किसी बुरे सपने जैसा है, ना बात करने की तमीज है...’, आखिर क्यों नवाजुद्दीन सिद्दीकी के लिए दीया मिर्जा के मुंह से निकली ऐसी बातें?

क्यों पब्लिक के इमोशंस से खेलते हैं सेलेब्स?

हालांकि, ज्यादातर लोग ये समझ चुके थे कि ये एक ‘पीआर स्टंट’ और ‘पब्लिसिटी पाने का तरीका’ है. सोशल मीडिया के इस दौर में किसी फिल्म या वेब सीरीज को ट्रेंड कराने के लिए अब सिर्फ ट्रेलर या गानों पर निर्भर नहीं रहा जाता. इसलिए सेलेब्स अब इस तरह के मिस्टीरियस पोस्ट, आपसी झगड़े, ब्रेकअप की अफवाहें या फिर कोई विवादित बयान का सहारा लेते हैं, जिसका सीधा मक्सद होता है पब्लिक के बीच में खुद को बनाए रखना. इसके साथ ही उनके चाहने वाले यानी उनके फैंस इमोशनल होकर अपना रिएक्शन देते हैं, जिससे उनके पोस्ट को और ज्यादा रीच और शेयर मिलते हैं.

फैंस पसंदीदा सितारे पर नहीं कर पा रहे भरोसा

हालांकि, अब सेलेब्स को थोड़ा चौकन्ना हो जाना चाहिए, क्योंकि अब इस तरह से ‘पब्लिसिटी स्टंट’ उनके लिए नेगेटिव पीआर का काम करने लगते हैं, क्योंकि ऐसा करने से वे अपने फैंस का भरोसा खोते जा रहे हैं. जब भी सोशल मीडिया पर कोई पोस्ट डालते हैं, तो फैंस इस सोच में पड़ जाता है कि क्या ये सच है या फिर पब्लिसिटी स्टंट. दीया मिर्जा के पोस्ट के साथ भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला. दरअसल, अपने पोस्ट में उन्होंने नवाज के बिहेवियर को लेकर जो पोस्ट किया था उसमें एक्ट्रेस अपनी अपकमिंग मेडिकल ड्रामा सीरीज ‘डॉ. हसन’ में उनके किरदार के बारे में इनडायरेक्टली बता रही थी.

पहले भी हो चुके हैं ऐसे प्रमोशनल स्टंट

दीया और नवाज का ये पूरा मामला सुनने में भले ही नया लग रहा हो, लेकिन इसके पीछे का आइडिया काफी पुराना है. साल 2023 के जून महीने में बॉलीवुड एक्ट्रेस काजोल ने भी अचानक सोशल मीडिया से दूरी बनाने का ऐलान किया था. उस वक्त उन्होंने एक पोस्ट शेयर कर कहा था कि वे अपनी लाइफ के सबसे मुश्किल दौर से गुजर रही हैं और साथ ही अपने सारे पुराने पोस्ट भी डिलीट कर दिए थे. काजोल के इस कदम से उनके चाहने वाले काफी परेशान हो गए थे, मगर कुछ दिन बाद सच सामने आया कि ये सब उनकी वेब सीरीज ‘द ट्रायल’ को प्रमोट करने का एक तरीका भर था.

एक नई लव स्टोरी, नए कलाकार, क्या ‘सैयारा’ जैसी होगी कहानी? सलमान खान ने भी दी बधाई, जानें कब होगी रिलीज

‘पंचायत’ के बनराकस ने भी खेला था माइंड गेम

अभी कुछ समय पहले ही वेब सीरीज ‘पंचायत’ के मेकर्स ने भी दर्शकों के साथ कुछ ऐसा ही दिलचस्प माइंड गेम खेला था. उन्होंने फैंस के सामने एक अनोखी शर्त रखते हुए कहा था कि अगर वे ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन की रिलीज डेट जानना चाहते हैं, तो पहले उन्हें 1 करोड़ फूलों की मालाएं चढ़ानी होंगी. वैसे देखा जाए, तो अपनी फिल्म या सीरीज को चर्चा में लाने के लिए मेकर्स का ये स्टंट काफी मजेदार था. इस तरह के क्रिएटिव तरीकों से ऑडियंस के बीच एक अलग ही क्रेज बन जाता है और लोग खुद-ब-खुद शो से जुड़ने लगते हैं, लेकिन किसी के नाम को खराब करना मजाक में नहीं आता.

पूनम पांडे का मामला सबसे ज्यादा विवादित रहा

इंडस्ट्री में जब भी किसी पब्लिसिटी स्टंट की बात निकलती है, तो सबसे पहले मॉडल और एक्ट्रेस पूनम पांडे का ही जिक्र होता है. साल 2024 में उनके ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट से अचानक उनकी मौत की झूठी खबर पोस्ट शेयर की थी. इस एक खबर ने पूरे देश के लोगों को हैरान कर दिया था, लेकिन कुछ ही समय बाद पूनम पांडे खुद कैमरे के सामने आ गईं और उन्होंने सफाई दी कि ये सब ‘सर्वाइकल कैंसर’ के लिए ति लोगों को जागरूक करने का एक तरीका था. हालांकि, पूनम अपने इस अजीबोगरीब कदम के लिए जमकर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था और खूब सुनना पड़ा था.

अब पहले जैसे भोले नहीं रहे फैंस

दीया मिर्जा की पोस्ट हटने के बाद ट्रेलर पर आए कमेंट्स ने साफ कर दिया है कि आजकल की पब्लिक को बेवकूफ बनाना आसान नहीं है. लोग सोशल मीडिया पर होने वाले ऐसे पब्लिसिटी स्टंट को तुरंत पकड़ लेते हैं. कमेंट सेक्शन में कई यूजर्स ने साफ लिखा, ‘फिल्म वालों को लगता है कि बेवजह का विवाद खड़ा करने से ज्यादा व्यूज आ जाते हैं’. वहीं, कुछ लोगों ने इसे ‘पब्लिसिटी का पुराना और बोरिंग तरीका’ बताया. कुल मिलाकर मेकर्स ने अपनी फिल्म की चर्चा बढ़ाने के लिए जो चाल चली थी, वो उन्हीं पर उल्टी पड़ गई है और अब लोग उनके प्रमोशन के तरीके का ही मजाक उड़ा रहे हैं.

क्या पब्लिसिटी के लिए विवाद जरूरी हो गया है?

आजकल एंटरटेनमेंट की दुनिया में कॉम्पिटिशन काफी ज्यादा बढ़ गया है. हर हफ्ते ओटीटी प्लेटफॉर्म और थिएटर्स में ढेरों नई फिल्में और वेब सीरीज रिलीज हो रही हैं. ऐसे में पब्लिक का ध्यान अपनी तरफ खींचने के लिए फिल्म मेकर्स और एक्टर्स नए-नए पैंतरे आजमाते हैं, लेकिन जब प्रमोशन और पब्लिक को गुमराह करने के बीच का फर्क मिटने लगता है, तो सीधा नुकसान ऑडियंस के भरोसे का होता है. दीया मिर्जा और नवाजुद्दीन सिद्दीकी से जुड़ा ये नया विवाद भी एक बार फिर इसी बात पर बहस छेड़ रहा है कि क्या अब बॉलीवुड को अपनी कहानियों और कंटेंट से ज्यादा ऐसे विवादों पर भरोसा होने लगा है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES