App

एक नई लव स्टोरी, नए कलाकार, क्या ‘सैयारा’ जैसी होगी कहानी? सलमान खान ने भी दी बधाई, जानें कब होगी रिलीज

बॉलीवुड में एक और नई लव स्टोरी दस्तक देने जा रही है. डायरेक्टर शशांक खेतान नए चेहरों के साथ इस फिल्म को बड़े पर्दे पर उतारने जा रहे हैं. हाल ही में फिल्म का टीजर जारी किया गया है, जिसको देखने के बाद आपको एक बार ‘सैयारा’ फिल्म की याद जरूर आएगी. चलिए बताते हैं इस फिल्म के बारे में, जिसको लेकर सलमान खान ने भी खास अंदाज में बधाई दी.

एक नई लव स्टोरी, नए कलाकार, क्या ‘सैयारा’ जैसी होगी कहानी? सलमान खान ने भी दी बधाई, जानें कब होगी रिलीज
Image Credit: फिल्म के पहले टीजर में दिखी सुभान और आयरा की रोमांटिक झलक

‘हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया’, ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’, ‘धड़क’ और ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ जैसी शानदार फिल्मों को डायरेक्टर करने वाले डायरेक्टर शशांक खेतान इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं’ को लेकर सुर्खियों में बन हुए हैं. इस बार वे पर्दे पर प्यार, जुनून और बदले की एक अलग कहानी लेकर आ रहे हैं. हाल ही में मेकर्स ने फिल्म का टाइटल अनाउंसमेंट वीडियो जारी किया है. इसके जरिए खेतान दो नए चेहरों सुभान और आयरा को बॉलीवुड में लॉन्च करने जा रहे हैं. खास बात ये है इस फिल्म के टाइटल टीजर को देखकर फैंस को 2025 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘सैयारा’ की याद आ गई.

जिस तरह ‘सैयारा’ में नए चेहरों ने यंग जनरेशन को दीवाना बनाया था और लोग थिएटर में रोने लगे थे, वैसा ही क्रेज इस फिल्म के लिए भी दिख रहा है. फिल्म के अनाउंसमेंट वीडियो में इस नई दुनिया की एक बेहद दिलचस्प झलक देखने को मिली है. टीजर की शुरुआत में सुभान और आयरा के बीच एक बेहद रोमांटिक पल दिखाया गया है, लेकिन इसके तुरंत बाद एक ऐसा चौंकाने वाला सीन आता है, जो होश उड़ा देता है. नए कलाकारों की झलक के साथ फिल्म का पोस्टर एक ऐसी प्रेम कहानी की तरफ इशारा कर रहा है, जो आगे चलकर काफी अनएक्सपेक्टेड मोड़ ले सकती है, जिसको लेकर फैंस काफी एक्साइटेड नजर आ रहे हैं.  

Salman Khan Viral Post

फिल्मी परिवारों से है दोनों का नाता

सुभान और आयरा के लिए ये फिल्म उनके एक्टिंग करियर की एक बड़ी शुरुआत मानी जा रही है. बता दें कि सुभान जाने-माने प्रोड्यूसर साजिद नाडियाडवाला और वर्दा खान नाडियाडवाला के बड़े बेटे हैं. साजिद ने अपने बैनर ‘नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट’ के तले कई सुपरहिट फिल्में बनाई हैं. बॉलीवुड के दबंग सलमान खान के इस परिवार के साथ काफी गहरे और करीबी रिश्ते हैं. सुभान के छोटे भाई सुफियान नाडियाडवाला भी पहले सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर चुके हैं, क्योंकि उनकी शक्ल काफी हद तक सुपरस्टार सलमान खान से मिलती है. ऐसे में सुभान के डेब्यू पर सबकी नजरें टिकी हैं.

रोनित रॉय की भतीजी हैं आयरा

सुभान की तरह ही फिल्म की लीड एक्ट्रेस आयरा भी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के एक बहुत ही जाने-पहचाने परिवार से ताल्लुक रखती हैं. दरअसल, आयरा मशहूर टीवी और फिल्म एक्ट्रेस मानसी जोशी रॉय और एक्टर रोहित बोस रॉय की बेटी हैं. इसके अलावा दिग्गज अभिनेता रोनित रॉय रिश्ते में उनके चाचा लगते हैं. अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद आयरा ने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने का फैसला किया और अब वे शशांक खेतान की इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म के जरिए हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. टीजर में उनकी मासूमियत और स्क्रीन प्रेजेंस को काफी पसंद किया जा रहा है.

सलमान खान ने खास अंदाज में दी बधाई

फिल्म का पहला लुक सामने आने के बाद बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर सुभान और आयरा को ढेर सारी शुभकामनाएं दी हैं. सलमान ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के कैप्शन में परिवार को बधाई देते हुए लिखा, ‘मम्मी डैड, अर्पिता, आयुष, साजिद और वर्दा को बधाई हो, काफी सारे साल निकल दिए प्यार मोहब्बत और लड़ झगड़े के, आप सभी को हैप्पी एनिवर्सरी और सुभान अल्लाह ऐसी दीवानगी के पहले लुक के लिए बधाई’. इसके साथ ही सलमान ने दोनों नए कलाकारों को भविष्य के लिए खास सलाह देते हुए लिखा कि जमीन पर रहें, हवा में न उड़ें और कभी डिप्रेस्ड न हों.

कब रिलीज होगी ये रोमांटिक फिल्म?

शशांक खेतान की ये फिल्म ‘ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं’ के पहले अनाउंसमेंट टीजर ने फैंस के बीच काफी एक्साइटमेंट बढ़ा दी है. हालांकि, मेकर्स ने अभी तक इसकी असली कहानी को लेकर ज्यादा कुछ रिवील नहीं किया है, लेकिन फिल्म के नाम से ही अंदाजा लग रहा है कि इसमें एक बेहद गहरी और जुनूनी लव स्टोरी देखने को मिलेगी. ‘सैयारा’ की तरह ही इस मूवी में भी एक नई जोड़ी के साथ जबरदस्त इमोशनल ड्रामा का तड़का लगने वाला है. डायरेक्टर शशांक खेतान के डायरेक्शन में तैयार हो रही ये फिल्म अगले साल 9 जुलाई 2027 को देशभर के थिएटर्स में दस्तक देने के लिए पूरी तरह से तैयार है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vandana Saini

Vandana Saini

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More