)
राम अनुज/देहरादून: राजधानी देहरादून में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जामुनवाला गांव में कूड़े के ढेर के पास एक बंद बोरी के अंदर एक अज्ञात युवती का शव मिला है. युवती के चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं. शव मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना पर प्रेमनगर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. पुलिस और फोरेंसिक टीमें मामले की जांच कर रही हैं, लेकिन अभी तक युवती की पहचान नहीं हो पाई है.
एसपी सिटी शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि जहां शव मिला है, वो जगह क्राइम सीन नहीं लग रही.ऐसी आशंका है कि युवती की हत्या कहीं और की गई और पहचान छिपाने के लिए शव को बोरे में भरकर यहां फेंक दिया गया. उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच के आधार पर यह मामला हत्या का लग रहा है. मृतक की पहचान और अन्य जानकारी अभी सामने नहीं आई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस मौके पर पहुंची और सबूत जुटाने शुरू किए.

पुलिस के सामने फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती मृतका की पहचान करना है। इसके लिए आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाई जा रही है. शव को जामुनवाला तक कौन लाया?पुलिस आसपास के इलाकों में पहचान के लिए पूछताछ कर रही है. पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद मौत की वजह साफ होगी.