App

क्या है कपाल मोचन? जानें इसका इतिहास और क्यों यहां लाखों श्रद्धालु लगाते हैं कार्तिक पूर्णिमा पर आस्था की डुबकी

यमुनानगर में 20 से 24 नवंबर तक एक प्रसिद्ध ऐतिहासिक और धार्मिक मेले का आयोजन होगा. यह हिंदू और सिख दोनों समुदायों की आस्था का बड़ा केंद्र है. हर साल कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यहां देश के अलग-अलग राज्यों से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं और पवित्र सरोवरों में स्नान करते हैं. भगवान शिव और सिख गुरु से भी जुड़ा है इसका इतिहास.

क्या है कपाल मोचन? जानें इसका इतिहास और क्यों यहां लाखों श्रद्धालु लगाते हैं कार्तिक पूर्णिमा पर आस्था की डुबकी
Image Credit: क्या है कपाल मोचन? जानें इसका इतिहास और क्यों यहां लाखों श्रद्धालु लगाते हैं कार्तिक पूर्णिमा पर आस्था की डुबकी

हरियाणा के यमुनानगर जिले के बिलासपुर स्थित ऐतिहासिक श्री कपाल मोचन मेले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. हर वर्ष की तरह इस बार भी मेला 20 नवंबर से 24 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा. मेले में देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. इस बार मेले को खास बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ऐतिहासिक और धार्मिक प्रदर्शनी, ड्रोन शो सहित कई विशेष आयोजन किए जाएंगे. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मेले के शुभारंभ और समापन अवसर पर मौजूद रहेंगे. वहीं सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं.  यह हिंदू और सिख दोनों समुदायों की आस्था का बड़ा केंद्र है.  हर साल कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यहां देश के अलग-अलग राज्यों से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं और पवित्र सरोवरों में स्नान करते हैं.

जिला उपायुक्त प्रीति ने बताया कि श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो चुका है. मेले तक आने वाली सड़कों की मरम्मत, बिजली, पेयजल, सफाई और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं के इंतजाम किए गए हैं. इस बार करीब 122 एकड़ में फैले मेले को अलग-अलग सेक्टरों में बांटा गया है. प्रत्येक सेक्टर में प्रशासनिक अधिकारियों, ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की गई है.

कपाल मोचन मेले का पूरा शेड्यूल
मेले में इस बार कपाल मोचन के इतिहास और सिख इतिहास पर विशेष प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रहेगी. 21 नवंबर को गायक शमशेर लहरी प्रस्तुति देंगे, 22 नवंबर को गुरु तेग बहादुर जी की स्मृति में विशेष कार्यक्रम और 23 नवंबर को ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा. इसके अलावा बच्चों, कॉलेजों और सांस्कृतिक टीमों द्वारा भी प्रस्तुतियां दी जाएंगी.

श्रद्धालुओं से अधिक पैसे वसूलने पर रोक लगाने के लिए रेट निर्धारित किए गए हैं. खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच भी की जाएगी. इस बार अस्थायी शौचालयों की संख्या बढ़ाकर साढ़े सात सौ कर दी गई है और उनकी साफ-सफाई के लिए 24 घंटे कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी.

20 से 24 नवंबर तक लगेगा कपाल मोचन मेला
हर वर्ष की तरह इस बार भी 20 से 24 नवंबर तक कपाल मोचन मेले का आयोजन किया जा रहा है. सभी विभागों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं. सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो.

क्या है कपाल मोचन?
हरियाणा के यमुनानगर जिले में बिलासपुर के पास स्थित एक प्राचीन और पवित्र तीर्थस्थल है, जो हिंदू और सिख दोनों धर्मों के लिए महत्वपूर्ण है. इसे गोपाल मोचन और सोमसर मोचन भी कहा जाता है.

भगवान शिव से जुड़ा है कपाल मोचन की कहानी
कपाल' का अर्थ खोपड़ी और 'मोचन' का अर्थ मुक्ति है. ऐसी मान्यता है कि भगवान शिव को ब्रह्म हत्या के दोष के कारण ब्रह्मा जी का कपाल उनके हाथ से चिपक गया था. यहां स्थित सोमसर सरोवर में स्नान करने से उन्हें इस कपाल और दोष से मुक्ति मिली. इसी वजह से इस स्थान का नाम कपाल मोचन पड़ा.

सिख धर्म से भी है खास संबंध
कपाल मोचन का सिख इतिहास में भी विशेष महत्व है. मान्यता और ऐतिहासिक विवरणों के अनुसार, दसवें सिख गुरु गुरु गोबिंद सिंह जी भंगानी के युद्ध के बाद यहां आए थे. उनकी यात्रा की स्मृति में यहां गुरुद्वारा श्री कपाल मोचन साहिब स्थित है. इस कारण सिख श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में यहां पहुंचते हैं. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More