)
बिहार के बेतिया में स्थित सेनको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में बुधवार (19 नवंबर) की दोपहर को बड़ी लूट को अंजाम दिया गया. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है, जिसमें बेखौफ अपराधियों के तांडव को साफ देखा जा सकता है. सीसीटीवी फुटेज में 6 से 8 बदमाश शोरूम में घुसते दिखाई दे रहे हैं. अपराधी हथियारों के साथ शोरूम में दाखिल हुए और वहां मौजूद कर्मचारियों तथा ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया. उन्होंने सभी लोगों से मोबाइल फोन छीन लिए और महज 20 मिनट में करीब 40 लाख रुपये के आभूषण लेकर चंपत हो गए. लूट का विरोध करने पर कर्मचारियों के साथ मारपीट की. इतना ही नहीं गार्ड को पिस्टल से मारकर उसका सिर फोड़ दिया. अपराधियों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने अपना चेहरा तक नहीं छिपाया हुआ था.
आखिर कहां चले गए बदमाश?
वारदात के बाद चंपारण रेंज के DIG हर किशोर राय और SSP कुमार गौतम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस के उच्च अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शोरूम के कर्मचारियों से पूछताछ की. DIG हर किशोर राय ने 2 दिन के अंदर सभी बदमाशों को सलाखों के पीछे डालने का दावा किया है. उन्होंने कहा कि दो दिन के अंदर लूटकांड का पुलिस खुलासा कर देगी. हालांकि, वारदात के करीब 19 घंटे बीत चुके हैं और पुलिस के हाथ अबतक खाली हैं. CCTV कैमरों की फुटेज के सहारे पुलिस अभी भी अपराधियों का सुराग तलाशने में जुटी है.
पुलिस-प्रशासन को खुली चुनौती!
अपराधियों ने शहर के सबसे व्यस्ततम इलाके में इस वारदात को अंजाम देकर पुलिस को सीधी चुनौती देने का काम किया है. इतना ही नहीं वारदात वाली जगह के पास में ही पूर्व डिप्टी सीएम और वर्तमान विधायक रेणु देवी का आवास है. घटना को लेकर रेणु देवी ने कहा कि बहुत जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
विपक्ष ने सम्राट सरकार को घेरा
वहीं, विपक्ष इस घटना को लेकर सरकार पर हमलावर है. चनपटिया से कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार में अब जंगलराज नहीं, बल्कि महाजंगलराज कायम है. उन्होंने कहा कि पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी के घर के ठीक बगल में जिस तरह अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया, उससे साफ है कि बिहार में अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं.