App

SP शौर्य सुमन को मिस कर रही बेतिया पुलिस! NDA के बड़े नेता ब्रजेश कुशवाहा के गोल्ड एंड डायमंड शोरूम से दिनदहाड़े करीब 40 लाख की लूट

बेतिया में दिनदहाड़े सेनको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में तीन बाइकों पर सवार करीब 6 से 8 हथियारबंद अपराधियों ने लगभग 40 लाख रुपये के आभूषण लूट लिए. डीआईजी ने दो दिनों के अंदर लूटकांड का खुलासा करने का दावा किया है.

SP शौर्य सुमन को मिस कर रही बेतिया पुलिस! NDA के बड़े नेता ब्रजेश कुशवाहा के गोल्ड एंड डायमंड शोरूम से दिनदहाड़े करीब 40 लाख की लूट
Image Credit: प्रतिकात्मक तस्वीर (AI Photo)

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी है. सुप्रिया रोड स्थित सेनको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में तीन बाइकों पर सवार होकर पहुंचे करीब छह से आठ हथियारबंद अपराधियों ने लगभग 40 लाख के आभूषण लूट लिए और फरार हो गए. शुरुआती अनुमान के मुताबिक, लूटे गए गहनों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है. हालांकि, लूट की वास्तविक कीमत का आधिकारिक आकलन अभी नहीं हो सका है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अपराधी हथियारों के साथ शोरूम में दाखिल हुए और वहां मौजूद कर्मचारियों तथा ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया. उन्होंने सभी लोगों से मोबाइल फोन छीन लिए. इसके बाद लोगों को एक जगह बैठाकर अपराधियों ने शोरूम में लूटपाट की. करीब 20 मिनट तक वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए.

bettiah News

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

शोरूम में मौजूद महिलाओं और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी अपराधियों के पास हथियार थे. हथियारों के बल पर उन्होंने किसी को विरोध करने का मौका नहीं दिया और सोने, हीरे तथा अन्य कीमती आभूषणों को लूट लिया. अपराधियों के फरार होने के बाद शोरूम में अफरा-तफरी मच गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई. घटना की सूचना मिलते ही बेतिया के एसपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस शोरूम तथा आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है. पुलिस लूटे गए आभूषणों की वास्तविक कीमत का पता लगाने में भी जुटी है.

कारोबारियों में दहशत

आपको बता दे कि सुप्रिया रोड शहर का व्यस्त और प्रमुख कारोबारी इलाका माना जाता है. पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी के घर के ठीक बगल में यह लुट को अपराधियों ने अंजाम दिया है. यहां दिनदहाड़े इतनी बड़ी लूट की वारदात से सर्राफा कारोबारियों और स्थानीय लोगों में दहशत है. घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस अपराधियों तक पहुंचने और मामले का खुलासा करने में जुटी है.

दो दिनों के अंदर होगा लूटकांड का खुलासा

वहीं, पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने बताया कि बहुत जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. वहीं, गार्ड ने बताया कि अपराधियों ने उसकी पिटाई की, जिसमें वह घायल हो गया. इस लूटकांड के बाद डीआईजी हर किशोर राय ने बड़ा दावा किया है. उन्होंने बताया कि करीब आठ हथियारबंद अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है. कई अपराधियों की पहचान कर ली गई है. दो दिनों के अंदर पुलिस इस बड़ी लूट की वारदात का उद्भेदन कर देगी. बेतिया में हुए इस बड़े लूटकांड से शहर के व्यवसायी दहशत में हैं.

इनपुट: आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More