App

जहानाबाद में इंजीनियरिंग छात्रों का बवाल, 3 साथियों की मौत पर आगजनी कर पटना-गया रोड जाम

जहानाबाद में एक सप्ताह पूर्व सड़क हादसे में इंजीनियरिंग कॉलेज के तीन छात्रों की मौत के बाद बुधवार को छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा. सैकड़ों छात्रों ने आगजनी कर पटना-गया मुख्य मार्ग को जाम कर दिया.

जहानाबाद में इंजीनियरिंग छात्रों का बवाल, 3 साथियों की मौत पर आगजनी कर पटना-गया रोड जाम
Image Credit: प्रतिकात्मक तस्वीर (AI Photo)

जहानाबाद में एक सप्ताह पूर्व हुए दर्दनाक सड़क हादसे में इंजीनियरिंग कॉलेज के तीन छात्रों की मौत के बाद छात्रों का गुस्सा आखिरकार सड़क पर फूट पड़ा. बुधवार को सैकड़ों की संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए और आगजनी कर पटना-गया मुख्य मार्ग को पिछले चार घंटे से जाम कर दिया. छात्र सड़क पर प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों को लेकर विरोध जता रहे हैं. मामला हुलासगंज थाना क्षेत्र के लाट गांव के समीप इंजीनियरिंग कॉलेज के पास का है. सड़क जाम कर रहे छात्र एक सप्ताह पूर्व हुए हादसे से आक्रोशित थे.

हादसे में तीन छात्रों की मौत से कॉलेज में आक्रोश

बताया जाता है कि एक सप्ताह पूर्व आठ छात्र ऑटो से परीक्षा देकर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में हुए भीषण सड़क हादसे में तीन छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि पांच अन्य छात्र घायल हो गए थे. इस घटना के बाद से ही कॉलेज के छात्रों में नाराजगी थी. बुधवार को बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए और सड़क जाम कर अपना विरोध जताया. सड़क जाम होने से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

एक करोड़ मुआवजे और वीसी को बुलाने की मांग पर अड़े छात्र

इधर, सड़क जाम की सूचना मिलते ही एसडीओ राजीव रंजन सिन्हा और एसडीपीओ-2 कमल कृति पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए. दोनों अधिकारियों ने आक्रोशित छात्रों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया. हालांकि, छात्र मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये और घायल छात्रों को मुआवजा देने की मांग पर अड़े हुए हैं. इसके साथ ही वे वीसी को मौके पर बुलाने की मांग भी कर रहे हैं. छात्रों के प्रदर्शन और सड़क जाम के कारण इलाके में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

वहीं, इस संबंध में एसपी कोटा किरण कुमार ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व हुए सड़क हादसे में तीन छात्रों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य छात्र घायल हुए थे. इसी घटना को लेकर बुधवार को छात्र आक्रोशित हो गए और सड़क पर उतरकर जाम कर दिया. उन्होंने बताया कि छात्रों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं. फिलहाल, छात्रों के आक्रोश को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और उन्हें समझाने का प्रयास जारी है.

रिपोर्ट: मुकेश कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More