)
पिछले साल के आखिर में और मार्च 2026 में रिलीज हुई 'धुरंधर' से डायरेक्टर आदित्य धर काफी मशहूर हुए. हाल ही में एक अवार्ड समारोह में उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के अपने सफर के बारे में बात की. उन्होंने बताया कि कैसे यामी गौतम के उनके लाइफ में आने से उनकी किस्मत ही बदल गई और उन्हें अपने जीवन का 'लेडी लक' बताया.
दरअसल, हाल ही में यामी और आदित्य को 'CNN-News18 इंडियन ऑफ द ईयर 2026' अवॉर्ड्स में सम्मानित किया गया. इस मौके पर आदित्य ने अपनी जिंदगी में आई खुशहाली का क्रेडिट अपनी पत्नी को दिया. फिल्ममेकर ने कहा, 'मैं बस इतना कह सकता हूं कि रातोंरात मशहूर होने में मुझे 20 साल लग गए. यह एक बहुत ही जबरदस्त सफर रहा है, और इसका ग्राफ काफी रोमांचक रहा है. मैं सच में बहुत आभारी हूं कि मेरी शादी एक बेहद खूबसूरत इंसान से हुई है, जो मेरी जिंदगी में अब तक मिले सबसे बेहतरीन लोगों में से एक हैं. उनके मेरी जिंदगी में आते ही मेरी किस्मत बदल गई. मुझे लगता है कि यह सब मेरी पत्नी की ही बदौलत है, जो मुझे दुनिया के सामने भारत की कहानी पेश करने में मदद कर रही हैं.'
वहीं, यामी ने अपने काम के प्रति आदित्य के समर्पण के बारे में भी बात की. उन्होंने याद करते हुए बताया कि कैसे आदित्य बिना सोए लगभग 70 घंटे तक सेट पर बिता देते थे. पूरी तरह से अपने विजन को साकार करने में डूबे रहते थे. उन्होंने आगे कहा कि इतने बड़े और महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स को हाथ में लेने के लिए बहुत हिम्मत और उन्हें पूरा करने के पक्के इरादे की जरूरत होती है.
वहीं, जब होस्ट ने उनसे यामी के काम में से उनका पसंदीदा परफॉरमेंस बताने के लिए कहा, तो आदित्य ने 'आर्टिकल 370' और 'हक' को चुना. उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि 'आर्टिकल 370' और 'हक', ये दोनों ही बहुत शानदार थे. और वह अभी कुछ ऐसे प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही हैं और जिस तरह से वह उनके बारे में बात करती हैं. उसे देखकर मुझे लगता है कि आने वाले समय में कुछ बहुत ही बेहतरीन देखने को मिलेगा.'
बता दें कि आदित्य और यामी ने 4 जून, 2021 को हिमाचल प्रदेश में एक निजी समारोह में शादी की. इसके बाद मई 2024 में इस कपल के बेटे वेदाविद का वेलकम किया. आदित्य 2006 में फिल्ममेकिंग के फिल्ड में अपना करियर बनाने के लिए मुंबई आ गए. शुरुआत में उन्होंने एक असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया और साथ ही गाने लिखने और स्क्रिप्टराइटिंग में भी हाथ आजमाया.
बतौर निर्देशक अपनी पहली फिल्म बनाने से पहले आदित्य ने गीतकार और स्क्रिप्टराइटर के तौर पर काम किया. उन्होंने 'आक्रोश' (2010) और 'तेज' (2012) जैसी फिल्मों में अपना योगदान दिया. इसके अलावा उन्होंने 'काबुल एक्सप्रेस' (2006) के डायलॉग और स्क्रिप्टराइटिंग पर भी काम किया.