पहले फराह खान के कुक दिलीप को कहा था 'फ्रॉड', अब साइरस ब्रोचा ने अब पैर छूकर मांगी माफी; जानिए विवाद के बाद क्या हुआ
साइरस ब्रोचा ने पहले फराह खान के कुक दिलीप को 'फ्रॉड' कहकर विवाद खड़ा कर दिया था. हालांकि, अब उन्होंने अपने पुराने बयान पर सफाई देते हुए दिलीप से सुलह कर ली है. साइरस ने दिलीप के पैर छूकर माफी मांगी, जिसका वीडियो सामने आया है. इस पूरे घटनाक्रम ने सोशल मीडिया पर सबका ध्यान खींचा है.
मशहूर कॉमेडियन साइरस ब्रोचा हाल ही में फराह खान के कुक दिलीप के व्लॉग में नजर आए. बता दें कि कुछ समय पहले साइरस ने दिलीप को 'फ्रॉड' कह दिया था, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया. हालांकि, अब साइरस ने अपने इस बयान पर यू-टर्न लेते हुए दिलीप से माफी मांग ली है. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
दरअसल, फिल्ममेकर-कोरियोग्राफर फराह खान और उनके कुक दिलीप हाल ही में मुंबई में कॉमेडियन साइरस ब्रोचा के घर पहुंचे. इससे उनके बीच चल रही नोकझोंक खत्म हो गई. बता दें कि यह मुलाकात तब हुई, जब ब्रोचा ने अपने पॉडकास्ट 'साइरस सेज' में दिलीप को 'फ्रॉड' कहा था और माना था कि वह उन्हें पसंद नहीं करते. शुक्रवार को जारी एक नए यूट्यूब व्लॉग में फराह, दिलीप के साथ ब्रोचा के घर पहुंची. घर के अंदर जाने से पहले फराह मजाक में चेतावनी देते हुए कहती हैं, 'मैं उसे दिखाती हूं. साइरस, तुमने कहा कि तुम्हें दिलीप पसंद नहीं हैं. यह बात सिर्फ मैं कह सकती हूं. कोई और नहीं.'
अब साइरस ब्रोचा ने अब पैर छूकर मांगी माफी
इसी बीच दरवाजा खुलने पर ब्रोचा ने दोनों का गर्मजोशी से स्वागत किया. फराह को गले लगाने के बाद उन्होंने शांति का ईशारा देते हुए तुरंत दिलीप के पैर छुए, फिर उन्हें गले लगाया और उनका हाल-चाल पूछा. बातचीत के दौरान फराह ने बताया कि ब्रोचा की पिछले कमेंट से दिलीप का दिल टूट गया था, फिर भी वे होस्ट के लिए खास तौर पर तैयार की गई मटन की डिश साथ लाए थे. इस सिचुएशन से बचने की कोशिश करते हुए ब्रोचा ने मजाक में अपनी पिछली टिप्पणियों के लिए टेक्नोलॉजी को जिम्मेदार ठहराया और कहा, 'यह सब AI की वजह से हुआ है. मैंने कुछ नहीं कहा.' फिर कैमरे की तरफ देखकर आंख मारी.
बाद में ब्रोचा ने साफ किया कि आखिर उन्होंने ऐसा क्यों कहा था. उन्होंने बताया कि कॉमेडियन शांतनु अनम के साथ एक पॉडकास्ट एपिसोड के दौरान मेहमान लगातार दिलीप की तारीफ कर रहे थे. इससे वे बोर हो गए और मजाक-मजाक में उन्होंने ऐसी बातें कह दीं. 'साइरस सेज' के उस एपिसोड में ब्रोचा ने दिलीप को चिड़चिड़ा और जरूरत से ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर आंका गया (ओवररेटेड) बताया. उन्होंने कहा, 'अब तो वह हर समय बस एक्टिंग ही करता रहता है. शुरू में तो वह ठीक था, लेकिन अब मुझे वह एक ढोंगी जैसा लगता है. मुझे लगता है कि फराह उसे लाइनें (डायलॉग) देती हैं और फिर वह जो चाहे बोल देता है. कभी-कभी मुझे लगता है कि उसका इसमें मन ही नहीं है.' उस समय अनम ने तुरंत उस कुक का बचाव किया और उन्हें 'प्यारा और अच्छा' बताया.
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि अक्टूबर 2026 में अपने मशहूर पॉडकास्ट 'साइरस सेज' के एक लेटेस्ट एपिसोड में साइरस ब्रोचा ने खुलकर दिलीप को लेकर अपनी नापसंदगी जाहिर कर दी थी. साइरस ने चुटकी लेते हुए कहा था, 'मुझे वो आदमी बिल्कुल पसंद नहीं है, वो मुझे चिढ़ाता है. आखिर दिलीप है कौन? अगर मैं उस शो का प्रोड्यूसर होता, तो दिलीप को तुरंत नौकरी से निकाल देता'. साइरस इतने पर ही नहीं रुके, उन्होंने दिलीप को धोखेबाज और ओवररेटेड तक कह डाला था.
इस दौरान साइरस का कहना था कि दिलीप का सारा एटीट्यूड और डायलॉग्स फराह खान के सिखाए हुए होते हैं और वो बिना किसी मन के कैमरे के सामने एक्टिंग करते हुए नजर आते हैं. जैसे ही ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, वैसे ही फराह खान की नजर भी इस पर पड़ गई. अपनी हाजिरजवाबी और बेबाक अंदाज के लिए जानी जाने वाली फराह ने बिना देर किए कमेंट सेक्शन में साइरस की टांग खींच दी. फराह ने हंसने वाले इमोजी के साथ लिखा, 'साइरस, मैं उसकी जगह तुम्हें काम पर रख सकती हूं!'
कौन है कुक दिलीप?
बता दें कि फराह खान ने 2024 में अपने लंबे समय से काम कर रहे कुक दिलीप के साथ अपना यूट्यूब कुकिंग व्लॉग शुरू किया. यह सीरीज बहुत जल्दी हिट हो गई और इसे लाखों व्यूज मिले. इसमें फराह और दिलीप की मजेदार बातचीत देखने को मिलती है, जब वे काजोल, जैकी श्रॉफ और अनन्या पांडे जैसी बॉलीवुड हस्तियों के घर जाकर उनके लिए खाना बनाते हैं. दिलीप के रूखे अंदाज वाले मजाक ने उन्हें इंटरनेट पर मशहूर कर दिया है, यहां तक कि उन्हें शाहरुख खान जैसे सितारों के साथ विज्ञापनों में भी काम करने का मौका मिल गया है.