)
साउथ सिनेमा को सुपरस्टार चिरंजीवी एक बार फिर अपनी धमाल मचाने के लिए आ रहे हैं. इस बार उनका चर्चा में आने की वजह कोई फिल्म नहीं, बल्कि मेगास्टार का नया शो है. जी हां, अब एक्टर चिरंजीवी भी भी अपना एक स्पेशल शो लेकर आ रहे हैं. हाल ही ने नेटफ्लिक्स इंडिया ने सोशल मीडिया पर इस शो का एक पोस्टर शेयर किया है, जिसे देखने के बाद फैंस की एक्साइटमेंट काफी ज्यादा बढ़ गई है.
साउथ इंडस्ट्री की रिपोर्ट्स में एक महीने पहले यह दावा किया गया था कि नेटफ्लिक्स चिरंजीवी के साथ एक सेलिब्रिटी टॉक शो लाने की तैयारी कर रहा है. अब उसी प्रोजेक्ट को आधिकारिक तौर पर घोषित कर दिया गया है. तेलुगु सुपरस्टार चिरंजीवी 'मेगावर्स' (Megaverse) के जरिए अपना स्ट्रीमिंग डेब्यू करने जा रहे हैं. यह एक चैट शो होगा, जो बातचीत पर आधारित होगा. इसका प्रोडक्शन पहले से शुरू हो चुका है.
चार दशकों से भी लंबे अपने करियर में पहली बार, चिरंजीवी कैमरे के सामने एक अलग अंदाज में नजर आएंगे. वे किसी कहानी का मुख्य हिस्सा बनने के बजाय, एक होस्ट का किरदार निभाएंगे. इस सीरीज में वे अलग-अलग पीढ़ियों के सितारों और मशहूर हस्तियों के साथ बातचीत करेंगे. यह शो खुलकर होने वाली बातचीत, दिलचस्प किस्सों और नए खुलासों पर आधारित होगा. इस ऐलान में एक्टर के मिलनसार और सहज स्वभाव पर जोर दिया गया है, जिससे दर्शकों को उनका एक ऐसा रूप देखने को मिलेगा जो उनकी फिल्मों में कभी नजर नहीं आया.
निर्माताओं ने इस शो को सिनेमा के दिग्गजों के सफर और उनकी विरासत की एक करीबी झलक के रूप में पेश किया है, जिसमें चिरंजीवी एक इमोशनल एंकर का किरदार निभाएंगे. हालांकि, अभी तक किसी मेहमान के नाम का खुलासा नहीं किया गया है और इस ऐलान से यह भी साफ नहीं है कि शो में केवल तेलुगु सिनेमा के कलाकार शामिल होंगे या इसमें पूरे भारतीय सिनेमा की हस्तियां नजर आएंगी.
'मेगावर्स' (Megaverse) का निर्माण गोल्ड बॉक्स एंटरटेनमेंट्स, एटम मीडिया वेंचर्स और सोल प्रोडक्शन एलएलपी द्वारा किया जा रहा है. गोल्ड बॉक्स, चिरंजीवी की बेटी सुष्मिता कोनिडेला का बैनर है. सुष्मिता ने 'शाइन स्क्रीन्स' के साथ मिलकर चिरंजीवी की जनवरी 2026 में रिलीज होने वाली फिल्म 'माना शंकरा वर प्रसाद गारू' को भी को-प्रोड्यूस किया है. इससे पहले आई खबरों में भी कोनिडेला का नाम इस टॉक शो से जोड़ा गया था.