)
Salman Khan: बॉलीवुड में अगर किसी को किस्मत बदलने वाला मसीहा कहा जाता है तो वो हैं सुपरस्टार भाईजान सलमान खान. भाईजान ने इंडस्ट्री को कई बड़े स्टार्स दिए हैं और अब वो एक और नया चेहरा पेश करने जा रहे हैं. इस बार बारी किसी बड़े स्टार किड की नहीं बल्कि सलमान के सबसे करीबी और सालों पुराने बॉडीगार्ड शेरा उर्फ गुरमीत सिंह जॉली के बेटे अबीर सिंह की है.
सलमान खान अपने बॉडीगार्ड शेरा के बेटे अबीर सिंह को फिल्म 'टार्जन' से बॉलीवुड में लॉन्च करने की पूरी तैयारी कर चुके हैं, जिन्हें प्यार से टाइगर भी कहा जाता है. अबीर सिर्फ कैमरे के सामने ही नहीं बल्कि कैमरे के पीछे भी अपना हुनर दिखा चुके हैं. उन्होंने 2016 में आई सलमान खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'सुल्तान' में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया था. ऐसे में सिनेमा का ककहरा सीख चुके अबीर से फैंस को काफी उम्मीदें हैं.
इंडस्ट्री में नए टैलेंट को मौका देने की बात आए तो सलमान खान का नाम सबसे ऊपर आता है. उन्होंने स्टार किड्स से लेकर आउटसाइडर्स और नए चेहरों पर दांव लगाया है. कई बार उनकी यह कोशिश सुपरहिट साबित हुई तो कई बार बॉक्स ऑफिस पर जादू नहीं चल पाया. आइए देखते हैं सलमान द्वारा लॉन्च किए गए 10 प्रमुख सितारों का सफर कैसा रहा.
1. सोनाक्षी सिन्हा (दबंग - 2010)
शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी सोनाक्षी को सलमान ने ब्लॉकबस्टर फिल्म 'दबंग' से लॉन्च किया था. फिल्म ने भारत में ₹138 करोड़ की शानदार कमाई की और ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर रही. आज सोनाक्षी बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस हैं और 'दहाड़' व 'हीरामंडी' जैसी ओटीटी सीरीज में छाई हुई हैं.
2. सूरज पंचोली (हीरो - 2015)
आदित्य पंचोली के बेटे सूरज को सलमान ने अपने प्रोडक्शन हाउस के तहत फिल्म 'हीरो' से ब्रेक दिया था. ₹33 करोड़ कमाने वाली यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही. कानूनी विवादों के कारण उनका करियर प्रभावित हुआ और अब वे केवल चुनिंदा प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं.
3. अथिया शेट्टी (हीरो - 2015)
सुनील शेट्टी की बेटी अथिया ने भी सूरज के साथ फिल्म 'हीरो' से शुरुआत की थी. यह फिल्म फ्लॉप रही और अथिया का एक्टिंग करियर ज्यादा नहीं चला. क्रिकेटर के.एल. राहुल से शादी के बाद अब वे मॉडलिंग और बड़े ब्रांड्स के प्रमोशन में व्यस्त हैं.
4. आयुष शर्मा (लवयात्री - 2018)
सलमान ने अपने जीजा आयुष शर्मा को फिल्म 'लवयात्री' से मौका दिया. ₹11 करोड़ की कमाई के साथ यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर डिजास्टर साबित हुई. इसके बाद भी आयुष ने हार नहीं मानी और 'अंतिम' व 'रुसलान' जैसी एक्शन फिल्मों के जरिए अपनी पहचान बनाने की कोशिश की, लेकिन वो फिल्में भी फ्लॉप रहीं.
5. जरीन खान (वीर - 2010)
कटरीना कैफ से मिलती-जुलती शक्ल की वजह से चर्चा में आई जरीन खान को सलमान 'वीर' फिल्म से लेकर आए थे. ₹46 करोड़ कमाने के बावजूद यह फिल्म फ्लॉप रही. अभी फिलहाल जरीन पंजाबी सिनेमा और म्यूजिक वीडियोज में काफी एक्टिव हैं.
6. स्नेहा उल्लाल (लक्की: नो टाइम फॉर लव - 2005)
ऐश्वर्या राय जैसी दिखने वाली स्नेहा उल्लाल को सलमान ने फिल्म 'लक्की' से बड़ा ब्रेक दिया था. ₹22 करोड़ का बिजनेस करने वाली यह फिल्म एवरेज रही. स्वास्थ्य समस्याओं के कारण स्नेहा फिल्मों से दूर हो गईं और अब साउथ व डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर काम कर रही हैं.
7. डेजी शाह (जय हो - 2014)
सलमान की बैकग्राउंड डांसर और कोरियोग्राफर रहीं डेजी शाह को भाईजान ने 'जय हो' में लीड एक्ट्रेस बनाया. ₹116 करोड़ की कमाई के साथ यह सेमी-हिट रही. आज डेज़ी रिएलिटी शोज (जैसे खतरों के खिलाड़ी) और रीजनल फिल्मों में काम कर रही हैं.
8. जहीर इकबाल (नोटबुक - 2019)
सलमान के फैमिली फ्रेंड के बेटे जहीर इकबाल को फिल्म 'नोटबुक' से लॉन्च किया गया था. केवल ₹3.7 करोड़ कमाने वाली यह फिल्म डिजास्टर रही. सोनाक्षी सिन्हा से शादी के बाद जहीर अब कुछ चुनिंदा डिजिटल प्रोजेक्ट्स में दिखाई दे रहे हैं.
9. प्रणूतन बहल (नोटबुक - 2019)
दिग्गज अदाकारा नूतन की पोती प्रणूतन बहल ने जहीर के साथ 'नोटबुक' से डेब्यू किया था. फिल्म भले ही फ्लॉप रही पर उनकी एक्टिंग की तारीफ हुई. प्रणूतन अभी बॉलीवुड और इंडिपेंडेंट सिनेमा में सही मौके तलाश रही हैं.
10. सई मांजरेकर (दबंग 3 - 2019)
महेश मांजरेकर की बेटी सई को सलमान ने 'दबंग 3' से लॉन्च किया था. ₹146 करोड़ का बिजनेस करने वाली यह फिल्म एवरेज रही. हालांकि इसके बाद सई ने साउथ इंडस्ट्री का रुख किया और 'मेजर' व 'स्कंदा' जैसी सफल फिल्मों से अपनी धाक जमाई.

सलमान खान ने बीते कुछ सालों में जितने भी नए चेहरों को लॉन्च किया है, उनमें से अधिकांश का बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट कार्ड निराशाजनक रहा है. 'लवयात्री' से आयुष शर्मा हों या 'नोटबुक' से जहीर इकबाल और प्रणूतन बहल, इन फिल्मों को दर्शक जुटाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी है. ऐसे में सलमान के सबसे वफादार बॉडीगार्ड शेरा के बेटे अबीर सिंह पर सभी की निगाहें टिकी हैं. अबीर का 'टार्जन' से डेब्यू सिर्फ उनके करियर का फैसला नहीं करेगा, बल्कि यह भी तय करेगा कि क्या सलमान खान का 'लॉन्चिंग पैड' आज के दौर में दर्शकों को खींचने में सक्षम है या नहीं. इस बारे में जी न्यूज ने फिल्म क्रिटिक अमित भाटिया से बात की और उन्होंने अपनी राय दी.
सवाल: सलमान खान अपने बॉडीगार्ड शेरा के बेटे अबीर को लॉन्च कर रहे हैं, क्या आपको लगता है कि दर्शक उन्हें सिर्फ 'नेपोटिज्म' या स्टार-किड के चश्मे से देखेंगे?
दर्शक नेपोटिज्म या स्टार किड के चश्मे से तो देखेंगे ही देखेंगे, लेकिन अभी अगर आप में टैलेंट है, आप तभी चलोगे. उससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप किसी के बेटे हो, नहीं हो. रणबीर कपूर भी किसी के बेटे हैं, करीना कपूर भी किसी की बेटी हैं, संजय दत्त भी हैं, लेकिन ये लोग अपने टैलेंट के दम पर चले. और अहान पांडे भी इंडस्ट्री से हैं, लेकिन जब 'सैयारा' चली तो किसी ने नहीं कहा कि वो जो हैं... किसी के बेटे हैं, भतीजे हैं.
सवाल: सोनाक्षी सिन्हा के बाद सलमान खान द्वारा लॉन्च किया गया कोई भी नया चेहरा बॉक्स ऑफिस पर बड़ा कमाल नहीं दिखा पाया. इसका मुख्य कारण क्या मानते हैं?
देखिए, सलमान खान जो हैं न, वो सिर्फ लॉन्च कर सकते हैं. उसके बाद जो है, वो आपकी अपनी किस्मत होती है. कटरीना कैफ को भी सलमान खान ने ही लॉन्च किया था... भले ही पहली फिल्म लॉन्च नहीं थी (पहली फिल्म 'बूम' थी कटरीना की), लेकिन बड़ा प्लेटफॉर्म उन्हें सलमान ने ही दिया था. और सोनाक्षी का करियर भी जो है, वो अच्छा ही रहा है, ऐसा नहीं है कि खराब रहा है. तो इसमें सलमान खान का कोई रोल नहीं है. सलमान आपको चांस दे सकते हैं, आगे आपकी अपनी किस्मत है, आपका अपना टैलेंट है.
सवाल: अबीर सिंह 'सुल्तान' फिल्म में असिस्टेंट डायरेक्टर रह चुके हैं, क्या कैमरे के पीछे का यह अनुभव उन्हें 'टार्जन' में एक बेहतर एक्टर बनाने में मदद करेगा?
बिल्कुल. जब आप कैमरे के पीछे का काम सीख लेते हैं न, तो आपको बहुत सी चीजें समझ में आ जाती हैं. और यह बहुत जरूरी होता है एक अच्छे एक्टर के लिए कि उसे फिल्म मेकिंग की जानकारी हो, जो बहुत कम लोगों को होती है. जैसे अजय देवगन से अगर आप बात करेंगे, तो अजय देवगन आपको फिल्म मेकिंग के बारे में बहुत बारीकियां बताएंगे. उससे पता चलता है कि इनको नॉलेज है, और वो उनकी फिल्मों में भी झलकता है. वो किसी भी चीज से कॉम्प्रोमाइज नहीं करते हैं. उनको कोई बेवकूफ नहीं बना सकता कि ऐसा नहीं हो सकता या वैसा नहीं हो सकता. तो सबसे पहले वो काम आपको खुद आना चाहिए, तभी आप उसमें अच्छा कर पाएंगे.
सवाल: स्नेहा उल्लाल और ज़रीन खान को ऐश्वर्या और कटरीना के हमशक्ल के रूप में प्रमोट किया गया जो फ्लॉप रहा, क्या आज की ऑडियंस के लिए सिर्फ लुक्स मायने रखते हैं या सिर्फ टैलेंट?
जवाब:

क्या अबीर सिंह रचेंगे नया इतिहास?
सलमान खान का ट्रैक रिकॉर्ड बताता है कि वे नए चेहरों को मंच देने में कभी पीछे नहीं हटते. अब देखने वाली बात यह होगी कि बॉडीगार्ड शेरा के बेटे अबीर सिंह 'टार्जन' के जरिए दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बना पाते हैं या नहीं. फैंस इस नई जोड़ी और डेब्यू का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.