App

बात यहीं खत्म कर दो, वरना... 'बेवफा है तू' गाने पर अविनाश ने उड़ाया मजाक, तो भड़क उठे भाई रजत दलाल; ईशा के सपोर्ट में दे डाली खुली धमकी!

बिग बॉस एक्स कंटेस्टेंट और टीवी स्टार्स ईशा सिंह और अविनाश मिश्रा के ब्रेकअप और कथित धोखे की खबरों के बीच मामला काफी गरमा गया है. अविनाश के क्लब वीडियो पर ईशा ने सबूत लाने की चेतावनी दी, तो वहीं रजत दलाल ने अपनी मुंहबोली बहन का साथ देते हुए अविनाश को हद में रहने और बड़े खुलासे करने की नसीहत दी है.

बात यहीं खत्म कर दो, वरना... 'बेवफा है तू' गाने पर अविनाश ने उड़ाया मजाक, तो भड़क उठे भाई रजत दलाल; ईशा के सपोर्ट में दे डाली खुली धमकी!

रिएलिटी शो 'बिग बॉस' के घर में अक्सर ऐसे रिश्ते बनाते हैं जो बाहर आकर भी सुर्खियों में छाए रहते हैं. इसी शो के दौरान ईशा सिंह और अविनाश मिश्रा की नजदीकियों ने खूब चर्चा बटोरी थीं. घर के अंदर शुरू हुई उनकी दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई, जिससे कोई भी अनजान नहीं है. वहीं शो से बाहर आने के बाद दोनों ने सबके सामने अपने इस रिश्ते पर मुहर भी लगाई. इसके साथ ही दोनों कई शोज और पब्लिक स्टेज पर एक-दूसरे से 'आई लव यू' कहते हुए दिखाई दिए. हालांकि, अब इस प्रेम कहानी में एक ऐसा कड़वा मोड़ आ गया है, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है.

पिछले कुछ दिनों से ईशा सिंह और अविनाश मिश्रा के अलग होने की खबरों ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा रखी है. मामला तब और गंभीर हो गया, जब दोनों ने सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया. इसके तुरंत बाद इंटरनेट पर दोनों के ब्रेकअप और कथित तौर पर धोखा देने की खबरें तेजी से फैलने लगीं. फैंस दो ग्रुप्स में बंट गए और सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया.

अविनाश की हरकत ने आग में डाला घी

सोशल मीडिया पर चल रहे इस पूरे विवाद की आग में घी डालने का काम एक्टर अविनाश मिश्रा की एक हालिया हरकत ने कर दिया. दरअसल, अविनाश हाल ही में एक क्लब में पार्टी करते नजर आए, जहां से 'बेवफा है तू' गाने पर झूमते हुए उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.  फैंस ने इसे सीधे तौर पर ईशा सिंह पर एक तंज के रूप में देखा.

बहन के बचाव में सामने आए रजत दलाल

अविनाश के इस वीडियो के वायरल होने के बाद मामला काफी गरमा गया और ईशा को ऑनलाइन ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा. अपनी मुंहबोली बहन ईशा के खिलाफ बनते माहौल को देख अब उनके करीबी दोस्त और 'बिग बॉस' के एक्स कंटेस्टेंट रजत दलाल खुलकर सामने आ गए हैं. ईशा के साथ भाई जैसा मजबूत रिश्ता शेयर करने वाले रजत ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर अविनाश मिश्रा को आड़े हाथों लिया है. रजत ने बिना किसी का नाम लिए, लेकिन बेहद साफ शब्दों में अविनाश की इस हरकत की कड़ी आलोचना की है.

अविनाश को दी सख्त चेतावनी, बड़े खुलासे का इशारा

रजत दलाल अपने वीडियो मैसेज में काफी गुस्से में नजर आए. उन्होंने कथित बेवफाई के मुद्दे पर अविनाश पर तीखे तंज कसे और उन्हें अपनी हद में रहने की नसीहत दी. रजत ने साफ चेतावनी देते हुए कहा कि इस मामले को यहीं खत्म कर दिया जाए और बेवजह इसे और न बढ़ाया जाए. इसके साथ ही रजत ने ये भी इशारा किया कि अगर ये सब बंद नहीं हुआ, तो वो कई ऐसे राज खोल सकते हैं जो अविनाश के लिए भारी पड़ जाएंगे.

'प्राइवेसी के ज्ञान' पर ईशा का तंज

अविनाश की गाने वाली वीडियो वायरल होते ही अब खुद ईशा सिंह ने भी सोशल मीडिया के जरिए अपना रुख साफ कर दिया है. ब्रेकअप की खबरों के बीच ईशा के इस पोस्ट ने साफ मैसेज दे दिया है कि उनके और अविनाश के बीच सबकुछ ठीक नहीं है. ईशा ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि शांत रहने या चुप्पी साधने को कमजोरी समझने की भूल न की जाए. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग रिश्ते को प्राइवेट बताकर ज्ञान देते हैं, उन्हें इसे पब्लिक एंटरटेनमेंट का टॉपिक नहीं बनाना चाहिए और अब सवाल ये है कि ये सब कैसे बदल गया.

avinash

सबूत सामने लाने की दी चेतावनी

ईशा ने अविनाश मिश्रा का नाम लिए बगैर उन पर सीधा निशाना साधा है. अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा कि जब कोई खुद ही स्थिति का तमाशा बनाकर लोगों के लिए एंटरटेनमेंट परोस रहा हो, तो वो एक तरफ पर्सनल लाइफ की बात करे और दूसरी तरफ उसके बिल्कुल उल्टा व्यवहार करे, ये सही नहीं है. 

उन्होंने आगे लिखा कि उन्हें इतना न उकसाया जाए कि बिना किसी सोच-विचाक के सही नाम के साथ सबूत सबके सामने रखने पड़ें. ईशा के मुताबिक, उन्होंने एक ऐसे शख्स पर विश्वास करने की गलती की जिसने उन्हें धोखा दिया, जबकि कुछ लोगों के लिए आगे बढ़ना बेहद आसान होता है.

eisha singh mother

ईशा की मां का वायरल ऑडियो

ईशा और अविनाश के बीच अनबन और अलगाव की खबरों की शुरुआत तब हुई थी, जब ईशा की मां का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. उस ऑडियो में उन्होंने कहा था कि जब ईशा ने हामी भरी, तभी बात आगे बढ़ी और परिवार राजी हुआ, वरना कोई भी मां अपनी बेटी को ऐसे स्टेज पर खुलकर बात करने के लिए नहीं भेजती.

उन्होंने ये भी कहा था कि अगर अविनाश के खिलाफ कुछ कहा जाता तो वो उसके साथ खड़ी रहतीं क्योंकि वो परिवार का हिस्सा बनने वाला था, लेकिन जो धोखा और घटनाएं सामने आई हैं, उन्हें अब और खींचने का कोई फायदा नहीं है. फिलहाल, ईशा सिंह के बाद रजत दलाल के इस तीखे पोस्ट ने मामले को और गरमा दिया है. अब हर किसी की नजर इस बात पर है कि इस विवाद में आगे क्या नया मोड़ आता है.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Jyoti Rajput

Jyoti Rajput

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More