)
नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो डबल डेट के आने वाले एपिसोड में बसीर अली और बानी जे अपने रिश्ते से जुड़े कई मजेदार और दिल छू लेने वाले किस्से शेयर करते दिखेंगे. पहली मुलाकात की झिझक से लेकर इंस्टाग्राम के जरिए दोनों के करीब आने तक, इस बातचीत में फैंस को हंसी-मजाक और कई अनसुने खुलासे देखने को मिलेंगे.
अपनी पहली मुलाकात को याद करते हुए बसीर अली ने बताया कि जब वह पहली बार बानी से मिले थे, तो एक फैन के तौर पर उनसे बात करना चाहते थे. लेकिन उन्हें ऐसा लगा जैसे बानी ने उन्हें पूरी तरह इग्नोर कर दिया हो. बसीर ने बताया कि पहली सुबह वे उनके पास गए और अपना परिचय देते हुए कहा कि हाय, मैं बसीर हूं और आपका बहुत बड़ा फैन हूं. उन्होंने कहा कि बानी ने उनकी तरफ देखा और वहां से चली गईं, जिसके बाद उन्हें लगा कि जिंदगी में इतना बुरा इग्नोर उन्हें किसी ने नहीं किया. हालांकि इस घटना के बाद वे थोड़े घबरा जरूर गए थे, लेकिन फिर भी उन्होंने बानी से बात करने की कोशिश जारी रखी.
वहीं, बानी जे ने इस घटना के पीछे की असली वजह बताई, जिसके बारे में शुरुआत में बसीर को कुछ पता नहीं था. बानी ने कहा कि जिस जगह से उनकी बचपन की यादें जुड़ी थीं, वहां वापस लौटने पर वे काफी इमोशनल हो गई थीं. उन्होंने बताया कि उनके मन में बहुत कुछ चल रहा था और वे भावनात्मक रूप से काफी परेशान थीं, यहां तक कि लगातार रो रही थीं.
बानी के मुताबिक, वे अपनी वैन में गईं और दो बार वापस आईं क्योंकि 2006 में जब वे वहां थीं तब उनकी मां और दादा-दादी जिंदा थे, लेकिन 2026 में लौटने पर वे सब इस दुनिया में नहीं थे. बानी ने कहा कि सब कुछ पहले जैसा देखकर भी अपनों के न होने का एहसास बहुत अजीब था और इसी बीच बसीर ने आकर कहा कि तुमने हाय तक नहीं कहा, जबकि उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि वे अपनी हालत कैसे समझाएं.
बातचीत के दौरान बसीर और बानी ने यह भी बताया कि आखिर उन्हें करीब लाने में किस चीज का हाथ रहा. बसीर ने खुलासा किया कि सोशल मीडिया ने अनजाने में ही उनके रिश्ते को लोगों के सामने ला दिया. उन्होंने बताया कि जब वे साथ समय बिता रहे थे, तो लोग पूछने लगे थे कि दोनों के बीच क्या चल रहा है. बसीर के अनुसार, उन्हें करीब लाने का काम इंस्टाग्राम ने किया और उन्हें खुद भी इसका अंदाजा नहीं था. उन्होंने कहा कि जब उन्होंने दोनों की साथ वाली रील्स देखनी शुरू कीं, तो दिल ने कहा कि कुछ तो है.
यह बताते हुए कि किस बात ने उन्हें डेटिंग के बारे में सोचने पर मजबूर किया, दोनों ने माना कि उनकी सोच और पसंद काफी मिलती है. बानी ने कहा कि बसीर के साथ वक्त बिताने में उन्हें सबसे अच्छी बात यह लगती है कि दोनों साथ में खूब हंसते हैं. उन्होंने बताया कि दोनों की वाइब्स एक-दूसरे से मेल खाती थीं और आज तक वे किसी ऐसे इंसान से नहीं मिलीं जिसके साथ इतना अच्छा समय बीता हो. बसीर और बानी के हंसी-मजाक और इमोशनल पलों से भरा यह एपिसोड डबल डेट में दर्शकों को दोनों के रिश्ते के कई नए रंग दिखाएगा.