)
टीवी और फिल्म एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे और उनके पति विक्की जैन अक्सर अपने रिश्ते और पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में रहते हैं. दोनों नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो 'डबल डेट' में पहुंचे, जहां उन्होंने अपने रिश्ते के कई अनकहे किस्से शेयर किए. इस दौरान अंकिता ने रियलिटी शो 'बिग बॉस' के घर में बिताए मुश्किल और इमोशनल पलों को याद किया, जबकि विक्की ने शो के दौरान खुद पर रहे दबाव के बारे में बात की.
न्यूज एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, अंकिता लोखंडे ने अपने और विक्की के रिश्ते में आए बदलाव पर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि पहले उनके बीच काफी लड़ाइयां होती थीं, लेकिन अब ऐसा नहीं होता. अंकिता के अनुसार, पहले शायद एक-दूसरे को समझने में थोड़ी दिक्कत आती थी, लेकिन बिग बॉस के बाद दोनों के बीच समझदारी बढ़ी है और आपसी बहस भी काफी कम हो गई है.
अंकिता ने यह भी बताया कि उन्हें कई सालों से बिग बॉस का ऑफर मिल रहा था, लेकिन वह हर बार इसे मना कर देती थीं. अंकिता ने कहा कि वह और विक्की दोनों रियलिटी शोज के बड़े फैन हैं. जब मेकर्स ने दोबारा संपर्क किया, तो उन्होंने साफ कह दिया कि वह तभी शो में आएंगी जब विक्की भी उनके साथ चलेंगे. मेकर्स इस बात के लिए मान गए. घर जाने से पहले दोनों ने प्लान बनाया था कि कैसे खेलना है, लेकिन अंदर जाते ही अंकिता अपना खुद का गेम खेलने लगीं.
शो के सबसे कठिन दौर को याद करते हुए अंकिता लोखंडे काफी भावुक हो गईं. उन्होंने कहा कि उनके लिए सबसे मुश्किल वक्त वह था जब उन्हें लगा कि विक्की उनका साथ नहीं दे रहे हैं. विक्की अपने गेम में बिजी थे और अंकिता घर के अंदर खुद को अकेला महसूस कर रही थीं. आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, अंकिता ने बताया कि वह बहुत रोई थीं और उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी में इतने आंसू नहीं बहाए जितने उस घर में बहाए. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उस वक्त सिर्फ विक्की की गलती नहीं थी, बल्कि दोनों की उम्मीदें अलग थीं. अंकिता प्यार, इमोशनल सपोर्ट और भरोसा चाहती थीं, जबकि विक्की का ध्यान गेम और अपनी जगह बनाने पर था.
वहीं, विक्की जैन ने भी बिग बॉस के दौरान अपने अनुभव और चुनौतियों पर बात की. उन्होंने कहा कि अंकिता पहले से ही एंटरटेनमेंट वर्ल्ड का जाना-पहचाना चेहरा थीं और उनकी अपनी फैन फॉलोइंग थी, जबकि उनके लिए यह बिल्कुल नई शुरुआत थी. विक्की ने बताया कि शो में उन्हें 'नेपो पति' जैसे शब्दों से भी बुलाया गया, जिससे अपनी अलग पहचान बनाना और मुश्किल हो गया. वह नहीं चाहते थे कि उनकी पहचान सिर्फ अंकिता के पति तक सीमित रहे, इसलिए उन्होंने अपने दम पर गेम में जगह बनाने की कोशिश की. आज दोनों मिलकर अपने रिश्ते को आगे बढ़ा रहे हैं.