)
अलवर के पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री डॉ. जसवंत यादव के निधन के बाद उनके आवास पर शोक जताने के लिए राजनीतिक नेताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है. इसी क्रम में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह उनके आवास पहुंचे. दोनों नेताओं ने परिजनों से मुलाकात की, अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें श्रद्धांजलि दी.
टीकाराम जूली ने याद किया राजनीतिक साथ
इस दौरान डॉ. जसवंत यादव को याद करते हुए टीकाराम जूली भावुक नजर आए. उन्होंने कहा कि डॉक्टर साहब ऐसे राजनेता थे, जिन्होंने राजनीति में कई नए लोगों को आगे बढ़ने का अवसर दिया. उन्होंने बताया कि उनकी राजनीतिक शुरुआत भी डॉ. जसवंत यादव ने कराई थी. उनके निधन से केवल अलवर ही नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान की राजनीति में ऐसी कमी आई है, जिसे भर पाना मुश्किल होगा.
संघर्ष और सादगी से भरा रहा राजनीतिक जीवन
जूली ने डॉ. जसवंत यादव के राजनीतिक जीवन और संघर्ष को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने पूरे जीवन में संघर्ष का रास्ता नहीं छोड़ा. वे सत्ता में रहे हों या विपक्ष में, उन्होंने करीब डेढ़ दर्जन चुनाव लड़े और इससे भी अधिक चुनावों में दूसरे लोगों को चुनाव लड़वाया. उनका जीवन बेहद सादगीपूर्ण था और वे हमेशा जनता के बीच सक्रिय रहते थे.
रोज जिले के दौरे पर निकलते थे डॉ. यादव
टीकाराम जूली ने उनके साथ बिताए पलों को साझा करते हुए बताया कि डॉ. जसवंत यादव रोज सुबह उठकर पूरे जिले के दौरे पर निकल जाते थे. इस दौरान वे कार्यकर्ताओं से मुलाकात करते और आमजन के सुख-दुख में शामिल होते थे. किसी भी परिस्थिति में जनता के बीच पहुंचना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था.
जूली ने उनकी राजनीतिक सक्रियता का जिक्र करते हुए बताया कि वे कई बार उनसे मजाक में कहते थे कि आप सोते भी होंगे तो राजनीति के बारे में ही सोचते होंगे. जूली के मुताबिक, जनता से जुड़ाव और राजनीतिक सक्रियता उनके व्यक्तित्व की खास पहचान थी.
जनसेवा और संघर्ष को हमेशा किया जाएगा याद
टीकाराम जूली ने कहा कि डॉ. जसवंत यादव का पूरा जीवन जनसेवा और राजनीति को समर्पित रहा. उनका निधन अलवर की राजनीति के लिए बड़ी क्षति है. उनके संघर्ष, सादगी और जनसेवा से जुड़े कार्यों को याद किया जाएगा.
Reporter- Jugal Gandhi