)
बॉलीवुड एक्ट्रेस अनन्या पांडे इंडस्ट्री की जानी-मानी हसीना हैं. उन्होंने अपने अब तक के करियर में कई शानदार फिल्में दी हैं. अनन्या को आखिरी बार फिल्म 'चांद मेरा दिल' में देखा गया था. यह फिल्म 22 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. बीते दिनों एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया था. पूरी इंडस्ट्री टाइगर के सपोर्ट में खड़ी भी नजर आई. इसी बीच अब एक्ट्रेस अनन्या पांडे ने भी टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले को लेकर खुलकर बात की.
हाल ही में अनन्या पांडे ने हिंदुस्तान टाइम्स के एक समिट में एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के बारे में बात की. अनन्या से जब इस हमले के बारे में कलाकारों की सुरक्षा को लेकर चिंताओं के बारे में पूछा गया कि क्या इनका उन पर कोई असर पड़ा है, तो इस पर अनन्या ने बताया कि 'यह बहुत डरावना और बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. मुझे लगता है कि इससे सभी की सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंताएं बढ़ जाएंगी, क्योंकि बात सिर्फ कलाकारों की सुरक्षा की नहीं है. जब वहां भारी भीड़ होती है, तो भीड़ की सुरक्षा भी काफी मायने रखती है.'
अनन्या पांडे ने आगे कहा, 'कुल मिलाकर, यह एक सुरक्षित माहौल बनाने के लिए होगा, क्योंकि अगर मुझे उन लोगों से बातचीत करने का मौका न मिले जिन्होंने हमारी फिल्में देखी हैं, तो मुझे बहुत दुख होगा. एक अभिनेता के तौर पर, यह सबसे सुखद अनुभव होता है जब कोई आपके पास आकर कहे कि आपके निभाए गए किरदार में उन्हें अपनी ही कोई झलक दिखाई दी. इसलिए मुझे उम्मीद है और मैं नहीं चाहती कि कलाकारों और दर्शकों के बीच का यह जुड़ाव खत्म हो जाए. लेकिन मुझे लगता है कि सभी की सुरक्षा बेहद जरूरी है, न कि सिर्फ कलाकारों की.'

गौरतलब है कि टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की एक घटना ने फिल्म इंडस्ट्री और उसके बाहर भी गंभीर चिंता पैदा कर दी है. टाइगर पर यह हमला 18 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे हुआ था, जब बॉलीवुड एक्टर टाइगर एक फुटबॉल क्लब से बाहर निकल रहे थे. गोलीबारी के एक वीडियो में हमलावरों को उनकी कार पर बहुत करीब से गोलियां चलाते हुए देखा जा सकता है. टाइगर तो सुरक्षित बच गए, लेकिन बताया जा रहा है कि इस घटना में उनके ड्राइवर और वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए.

इस गोलीबारी की घटना ने कलाकारों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं. साथ ही, इस घटना ने हमले के हालात और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. टाइगर की टीम ने अभिनेता से जुड़ी फर्जी खबरों और AI से बने कंटेंट को फैलाने के खिलाफ कड़ी चेतावनी जारी की है. टीम ने एक बयान में साफ किया था कि टाइगर ने हाल में हुई इस घटना के बारे में कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की है और न ही कोई वीडियो जारी किया है. साथ ही, उन्होंने भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है.
इसी बीच, 'महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एक्ट' (MCOCA) के तहत बनी एक विशेष अदालत ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े गोलीबारी मामले में फूल सिंह और चार अन्य आरोपियों की पुलिस कस्टडी 16 नवंबर तक बढ़ा दी है.