)
उत्तराखंड मौसम अपडेट: उत्तर भारत में आए पश्चिमी विक्षोभ का असर अब उत्तराखंड में भी दिखने लगा है. आज 15 नवंबर को पहाड़ी इलाकों में मौसम ने करवट ले ली है. पहाड़ों पर ठंड बढ़ गई है और कई जगह बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई गई है.
पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
3200 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने का अनुमान है. इससे तापमान में और गिरावट आएगी.
मौसम विभाग ने आंधी-तूफान और बिजली चमकने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है, जो कभी-कभी 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
देहरादून: राजधानी में आज मौसम अच्छा है, धूप खिली हुई है.
नैनीताल: यहां हल्की बारिश हो सकती है, ठंडक बढ़ गई है.
केदारनाथ: धाम के आसपास बर्फबारी की वजह से कड़ाके की ठंड पड़ रही है.
मौसम विभाग के अनुसार, ये बदलाव सिर्फ कुछ दिन के लिए है. 16 से 20 नवंबर तक पूरे उत्तराखंड में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है. इसके बाद दिन के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है.
इस बार नवंबर में मौसम का मिजाज थोड़ा अलग नजर आ रहा है. आमतौर पर नवंबर की शुरुआत से ही रातें ठंडी होने लगती हैं, लेकिन इस बार ठंड थोड़ी कम महसूस हो रही थी. 10 नवंबर को देहरादून में गर्मी ने पिछले 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया था. उस दिन अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा था. हालांकि, आज की बारिश और बर्फबारी के बाद अब तापमान में तेजी से बदलाव आने की उम्मीद है.