App

अमिताभ के बंगले 'जलसा' को 2 हफ्ते में दूसरी बार बम से उड़ाने की धमकी, मुंबई के तीन और जगहों के नाम; अलर्ट मोड में पुलिस

बॉलीवुड के सदी के महानायक अमिताभ बच्चन और उनके मुंबई स्थित बंगले 'जलसा' पर एक बार फिर खतरे के बादल मंडराने लगे हैं. महज दो हफ्तों के अंदर बिग बी के घर जलसा को दूसरी बार बम से उड़ाने की धमकी मिली है. इस खबर के आते ही मुंबई पुलिस और देश की तमाम सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं.

अमिताभ के बंगले 'जलसा' को 2 हफ्ते में दूसरी बार बम से उड़ाने की धमकी, मुंबई के तीन और जगहों के नाम; अलर्ट मोड में पुलिस
Image Credit: 'जलसा' के बाहर सुरक्षा का पहरा (Source- ANI)

बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले 'जलसा' को 2 हफ्तों में दूसरी बार बम से उड़ाने की धमकी मिली है. शुक्रवार को मुंबई पुलिस को एक नया और बेहद खौफनाक ईमेल मिला. इस ईमेल में बॉलीवुड के लेजेंड अमिताभ बच्चन के जुहू वाले बंगले 'जलसा' को बम से उड़ाने की बात कही गई थी. जैसे ही पुलिस को यह ईमेल मिला, सुरक्षा तंत्र में हड़कंप मच गया. तुरंत ही मुंबई पुलिस की स्पेशल टीम और बम निरोधक दस्ता अमिताभ बच्चन के घर 'जलसा' पहुंचा और पूरी जगह की बारीकी से तलाशी ली. हालांकि, राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान घर के अंदर या आसपास कोई भी संदिग्ध वस्तु या बम नहीं मिला.

ANI और मुंबई पुलिस ऑफिशियल स्टेटमेंट्स के मुताबिक, यह ईमेल सिर्फ अमिताभ बच्चन तक ही सीमित नहीं था, बल्कि इसे बॉम्बे हाई कोर्ट, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और महालक्ष्मी रेसकोर्स जैसे बड़े और भीड़भाड़ वाले इलाकों को भी टैग करके भेजा गया था.

हाई कोर्ट, स्टॉक एक्सचेंज और रेसकोर्स भी रडार पर

धमकी देने वाले शख्स ने सिर्फ 'जलसा' को ही नहीं, बल्कि मुंबई की कई बड़ी और महत्वपूर्ण जगहों को अपनी हिट लिस्ट में रखा था. ईमेल में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज, वर्ली रेसकोर्स और बॉम्बे हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की बात कही गई थी. मुंबई पुलिस ने बिना कोई रिस्क लिए इन सभी लोकेशंस पर सर्च ऑपरेशन चलाया. सुरक्षा व्यवस्था को पहले से ज्यादा सख्त कर दिया गया है. मुंबई पुलिस अब इस ईमेल के आईपी एड्रेस को ट्रैक कर रही है ताकि ईमेल भेजने वाले का सही लोकेशन पता लगाया जा सके.

 

 

23 अक्टूबर को आया था पहला धमकी भरा मेल

आपको बता दें कि अमिताभ बच्चन को मिली यह कोई पहली धमकी नहीं है. इससे पहले 23 अक्टूबर को भी एक ईमेल के जरिए उन्हें निशाना बनाने की बात कही गई थी. उस ईमेल में दावा किया गया था कि 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच अमिताभ बच्चन के जुहू वाले घर पर हमला किया जाएगा. इतना ही नहीं, उस मेल में मुंबई की मेयर रितु तावड़े और डिप्टी मेयर संजय घाडी को भी मार्क किया गया था और एक स्कूल पर ग्रेनेड हमले की चेतावनी दी गई थी.

मुंबई पुलिस साइबर सेल के मुताबिक, पहले वाले ईमेल में 'खालिस्तान' का जिक्र किया गया था. साथ ही सिंगर दिलजीत दोसांझ के महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले 27 नवंबर के म्यूजिक कंसर्ट में भी धमाका करने की बात कही गई थी.

बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे से फैंस से मिले बिग बी

इस लगातार मिलती धमकियों का असर अमिताभ बच्चन की रूटीन लाइफ पर भी देखने को मिल रहा है. हर संडे को अमिताभ बच्चन अपने घर 'जलसा' के बाहर आकर हजारों फैंस का अभिवादन स्वीकार करते हैं, जो उनकी एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार करते हैं. लेकिन 84 साल के बिग बी को अब इस खतरे के चलते अपनी सुरक्षा का खास ध्यान रखना पड़ रहा है. हाल ही में जब वे फैंस से मिलने बाहर आए, तो उनके और फैंस के बीच एक पारदर्शी बुलेटप्रूफ शीशा लगाया गया था.

बिग बी एक ऊंचे प्लेटफॉर्म पर खड़े होकर बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे से फैंस को हाथ हिलाते नजर आए. इस दौरान उनके बेटे अभिषेक बच्चन और कई पर्सनल सिक्योरिटी गार्ड्स पूरी मुस्तैदी के साथ उनके आसपास मौजूद रहे.

साइबर सेल में जांच जारी

मुंबई पुलिस का साइबर सेल अब इस पूरे मामले को बहुत गंभीरता से ले रहा है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह किसी की शरारत है या फिर इसके पीछे कोई बड़ी साजिश या आतंकी संगठन का हाथ है. जिस तरह से 14 दिनों के अंदर लगातार दो ईमेल आए हैं, उसने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Alkesh Kushwaha

Alkesh Kushwaha

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More