)
दिवाली से पहले पूर्व भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने परिवार के साथ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. ये मुलाकात पीएम आवास पर हुई. सूर्या के साथ उनकी पत्नी देविशा शेट्टी और बेटी रिद्धिमा भी मौजूद रहीं. प्रधानमंत्री मोदी ने सूर्यकुमार यादव की बेटी को गोद में लेकर दुलार किया और एक बच्ची ने उन्हें भजन भी सुनाया.
पीएम मोदी ने इस मुलाकात की एक वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की है. उस वीडियो में वो सूर्यकुमार यादव, उनकी पत्नी देविशा शेट्टी और उनके साथ आए बच्चों से मिलते और बात करते हुए दिख रहे हैं. वीडियो में पूर्व भारतीय कप्तान के साथ आई एक नन्ही बच्ची के सुनाए एक भजन पर पीएम मोदी मंत्रमुग्ध दिख रहे हैं. वीडियो में सूर्यकुमार यादव की मई में जन्मी बेटी रिद्धिमा की भी झलक मिली है. प्रधानमंत्री सूर्यकुमार यादव की बेटी को पुचकारते हुए नजर आ रहे हैं.
इस मुलाकात का वीडियो शेयर करते हुए पीएम मोदी ने कैप्शन में लिखा, ''दिवाली के माहौल में राम और सरयू का आगमन हुआ है. इससे दिवाली का माहौल और भी पवित्र और दिव्य हो गया है."
दीपावली के माहौल में राम और सरयू का आगमन हुआ है। इससे दीपावली का वातावरण और भी पावन एवं दिव्य हो गया है। @surya_14kumar https://t.co/B6vwr35Iwm
— Narendra Modi (@narendramodi) November 6, 2026
सबसे दिल छू लेने वाला पल तब रहा जब सूर्यकुमार यादव के साथ आई परिवार की एक बच्ची ने पीएम मोदी को भजन सुनाया. प्रधानमंत्री भी पूरे जोश और मंत्रमुग्ध होकर बच्ची से भजन सुनते दिखे. सूर्या ने भी भजन का आनंद उठाया.
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीता था. यह पहला मौका था, जब किसी टीम ने अपने घर में टी20 विश्व कप जीता था. बतौर कप्तान विश्व कप जीतने के बावजूद सूर्यकुमार यादव को उनकी निजी खराब फॉर्म के कारण अगली सीरीज से ड्रॉप कर दिया गया. सूर्या घरेलू क्रिकेट खेलकर भारतीय टीम में वापसी की कोशिश में हैं.
पूर्व भारतीय कप्तान को घरेलू क्रिकेट की प्रतिष्ठित सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी के लिए मुंबई टीम का कप्तान बनाया गया है. टी20 फॉर्मेट में कभी दुनिया के नंबर 1 बल्लेबाज रहे सूर्यकुमार यादव ने भारतीय टीम के लिए 113 टी20 मैचों में 4 शतक और 25 अर्धशतक लगाते हुए 3,272 रन बनाए हैं.