)
अजय देवगन की मोस्ट अवेटेड क्राइम-थ्रिलर फिल्म ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. ये ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी और आखिरी कड़ी है, जिसमें विजय सालगांवकर की उलझी हुई कहानी को अंजाम तक पहुंचाने की कहानी बयां करती है. इस फिल्म को डायरेक्टर अभिषेक पाठक ने डायरेक्ट किया है, जो इससे पहले ‘दृश्यम 2’ का भी डायरेक्शन कर चुके हैं. इस फिल्म री खास बात ये है कि भले ही ये मेगास्टार मोहनलाल की मलयालम फिल्म ‘दृश्यम 3’ का हिंदी रीमेक हैं, लेकिन इस बार फिर की कहानी को पूरी तरह से बदल दिया गया है.
इस फिल्म का रनटाइम करीब ढाई घंटे का है. फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के दमदार रोल में नजर आ रहे हैं, जबकि श्रिया सरन उनकी पत्नी नंदिनी और इशिता दत्ता उनकी बड़ी बेटी अंजू के किरदार में दिखाई दे रही हैं. तब्बू ने भी अपने मीरा देशमुख वाले किरदार में शानदार अभिनय किया है. पिछली बाद ‘दृश्यम 2’ में अक्षय खन्ना नजर आए थे और इस बार फिल्म में जयदीप अहलावत नजर आ रहे हैं, जो बेहद सख्त पुलिस अफसर राजवीर सिंह तोमर के किरदार में नजर आ रहे हैं. उनके अलावा प्रकाश राज और मृणाल जाधव भी कहानी को आगे बढ़ाते हैं.

फिल्म की पूरी कहानी एक बार फिर विजय सालगांवकर और उसके परिवार के पुराने अतीत के इर्द-गिर्द बुनी गई है. नया पुलिस ऑफिसर राजवीर सिंह तोमर (जयदीप अहलावत) पुराने केस की फाइलें दोबारा खोलता है और नए सबूतों के साथ विजय की बनाई मजबूत दीवार को गिराने की कोशिश करता है. उधर, मीरा देशमुख भी बदला लेने लौटती हैं, जिससे सालगांवकर परिवार पर फिर से खतरा मंडराने लगता है. सिनेमाघरों में फिल्म को ऑडियंस की तरफ से जबरदस्त प्यार मिल रहा है. खासकर जयदीप अहलावत की एक्टिंग, थ्रिल से भरे सीन्स, कसी हुई लिखावट और क्लाइमैक्स के जोरदार मोड़ की खूब तारीफ हो रही है.
फिल्म के बजट की बात करें तो मेकर्स ने अभी तक इसके ऑफिशियल बजट का खुलासा नहीं किया है. फिल्मी गलियारों और मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म का कुल बजट लगभग 80 से 120 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है, जबकि कई रिपोर्ट्स इसे 80 से 100 करोड़ के दायरे में रखती हैं. इसलिए किसी एक तय आंकड़े को इसका पक्का बजट नहीं कहा जा सकता. बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज होते ही टिकट खिड़की पर ऐसी जबरदस्त पकड़ बनाई कि महज दो दिनों के अंदर ही इसके घरेलू नेट कलेक्शन ने 80 से 100 करोड़ के बजट को आसानी से पार कर लिया है.

सैकनिल्क की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन 62 करोड़ रुपये का जोरदार इंडिया नेट कलेक्शन करके सबको चौंका दिया. दूसरे दिन कमाई में करीब 13.7 फीसदी की हल्की गिरावट जरूर देखने को मिली, फिर भी फिल्म ने 53.50 करोड़ रुपये का शानदार नेट बिजनेस कर दिखाया. इस तरह सिर्फ दो दिनों में फिल्म का कुल इंडिया नेट कलेक्शन 115.50 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया. वहीं, भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 138.60 करोड़ रुपये दर्ज किया गया. इन आंकड़ों से साफ है कि दर्शकों के भारी क्रेज के दम पर फिल्म ने शुरुआती दो दिनों में ही 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया.
घरेलू सिनेमाघरों के साथ-साथ विदेशों में भी फिल्म का जलवा पूरी तरह देखने को मिल रहा है. ट्रेड एनालिस्ट सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने शुरुआती दो दिनों में ओवरसीज मार्केट से करीब 38.50 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन जुटा लिया है. भारत के 138.60 करोड़ रुपये ग्रॉस को मिला दिया जाए तो फिल्म की दो दिनों की वर्ल्डवाइड ग्रॉस कमाई 177.10 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है. रिपोर्टेड 80 से 120 करोड़ रुपये के बजट के सामने ये शुरुआत बेहद शानदार मानी जा रही है. हालांकि, ग्रॉस कमाई को सीधे तौर पर प्रोड्यूसर का मुनाफा नहीं कहा जाता, पर फिल्म की यह रफ्तार ट्रेड के लिहाज से बेहद पॉजिटिव है.