नीब करौरी बाबा से प्रेरित फिल्म 'हनुमान अंश' की जबरदस्त बॉक्स ऑफिस सफलता के बाद अब भारतीय संत परंपरा के एक और रहस्यमयी संत देवराहा बाबा की कहानी बड़े पर्दे पर आने जा रही है. 'हनुमान अंश' 400 करोड़ रुपये से ज्यादा का वर्ल्डवाइड कारोबार कर चुकी है. देवराहा बाबा के जीवन से प्रेरित इस फिल्म का नाम 'मचान बाबा' है. मेकर्स ने फिल्म का टाइटल पोस्टर जारी कर दिया है और इसे 2027 में रिलीज करने की प्लानिंग है.
देवराहा बाबा की पहचान नदी किनारे जमीन से कई फीट ऊपर बने मचान पर रहने वाले संत के रूप में रही. लेकिन उनके जीवन को लेकर सबसे बड़ा सवाल उनकी उम्र का है. उनके जन्म की कोई सर्वमान्य तारीख मौजूद नहीं है और भक्तों और अलग-अलग राइटर के विवरणों में उनकी उम्र को लेकर अलग-अलग दावे मिलते हैं. लेखक अभिजीत सेन की किताब में भी उनकी असाधारण दीर्घायु से जुड़े विवरणों और जनस्मृतियों को खंगालने की कोशिश की गई है. कुछ कथाओं में बाबा के 500 वर्ष से अधिक उम्र तक जीवित रहने के दावे भी मिलते हैं. हालांकि, ऐसे दावों का कोई ऐतिहासिक प्रमाण मौजूद नहीं हैं.
देवराहा बाबा से जुड़े प्रसंगों को दिलचस्प बनाने वाली बात यह भी है कि अलग-अलग दौर के कई बड़े राजनीतिक नाम उनके साथ जुड़े दिखाई देते हैं. पुराने विवरणों में किंग जॉर्ज पंचम की 1911 में देवराहा बाबा से मुलाकात का दावा किया गया है. इस प्रसंग का उल्लेख 2009 में संसद की एक बहस के दौरान भी सामने आया था. पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की बाबा से मुलाकात का किस्सा भी काफी चर्चित है. सत्ता से बाहर होने के बाद उनके बाबा से आशीर्वाद लेने और बाद में कांग्रेस के ‘हाथ’ चुनाव चिन्ह से इस घटना को जोड़ने वाली कहानी लंबे समय से प्रचलित है.
हालांकि इस संबंध को प्रमाणित ऐतिहासिक तथ्य के बजाय जनश्रुति के रूप में ही देखा जाता है. वहीं, 1989 में राजीव गांधी की देवराहा बाबा से मुलाकात को राम मंदिर शिलान्यास से जुड़े घटनाक्रम के संदर्भ में भी अलग-अलग विवरणों में दर्ज किया गया है.
'मचान बाबा' और 'हनुमान अंश' के बीच भी एक दिलचस्प आध्यात्मिक कड़ी है. नीब करौरी बाबा और देवराहा बाबा लगभग एक ही दौर में सक्रिय रहे. फिल्म की रिसर्च में सामने आए भक्त-संस्मरणों और मौखिक विवरणों में दोनों संतों की मुलाकातों का जिक्र मिलता है. इन विवरणों के मुताबिक नीब करौरी बाबा, देवराहा बाबा का विशेष सम्मान करते थे.
फिल्म को ब्रिटेन में स्थापित भारतीय मूल की कारोबारी पूनम गुप्ता OBE और अमेरिका में रहने वाले उद्यमी विकल्प पालीवाल प्रोड्यूस कर रहे हैं. ब्रिटेन के कारोबारी जगत में ‘Paper Queen’ के नाम से चर्चित पूनम गुप्ता अब इस फिल्म के जरिए फिल्म निर्माण में कदम रख रही हैं. वहीं दूसरे निर्माता विकल्प पालीवाल मूल रूप से लखनऊ के हैं और वर्तमान में ऑस्टिन, टेक्सास में आईटी तथा रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े हैं.
पूनम गुप्ता ने कहा, 'देवराहा बाबा का जीवन आध्यात्मिकता, इतिहास और रहस्य का अनोखा संगम है. उनकी कहानी में कई ऐसी परतें हैं जो आज भी लोगों में जिज्ञासा पैदा करती हैं. हमारी कोशिश इसे गंभीर रिसर्च, श्रद्धा और सिनेमाई संवेदनशीलता के साथ बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करने की है.'
वहीं, निर्माता विकल्प पालीवाल ने कहा, ''मचान बाबा' की कहानी पूरी तरह भारतीय जड़ों से निकली है, लेकिन इसमें मौजूद विश्वास, रहस्य और मानवीय जिज्ञासा की अपील वैश्विक है.' बता दें कि ये फिल्म ओजस फिल्म्स के बैनर तले बनाई जा रही है. ओजस फिल्म्स, सॉफ्टवेयर और एआई कंपनी ओजस सॉफ्टेक की फिल्म एवं कंटेंट इकाई है. ओजस सॉफ्टेक के प्रमुख डिजिटल ब्रांड्स में एस्ट्रोसेज एआई शामिल है. फिल्म फिलहाल रिसर्च और प्री-प्रोडक्शन के चरण में है. मेकर्स का कहना है कि ‘मचान बाबा’ का फोकस केवल चमत्कारों पर नहीं होगा, बल्कि देवराहा बाबा के जीवन से जुड़े आस्था, इतिहास, राजनीति और रहस्य की अलग-अलग परतों को भी सामने लाया जाएगा.‘मचान बाबा’ को 2027 में रिलीज करने की योजना है.