)
Aamir Khan: बॉलीवुड एक्टर आमिर खान 9 साल के लंबे इंतजार के बाद एक बार फिर जापानी सिनेमाघरों में वापसी करने जा रहे हैं. उनकी साल 2025 में रिलीज हुई फिल्म 'सितारे जमीन पर' साल 2027 में जापानी सिनेमाघरों में रिलीज होगी. साल 2018 में आई फिल्म 'दंगल' के बाद यह जापान में लीड एक्टर के रूप में उनकी पहली थिएट्रिकल फिल्म होगी. हालांकि, अगस्त 2019 में उनके प्रोडक्शन की फिल्म 'सीक्रेट सुपरस्टार' भी जापानी दर्शकों तक पहुंची थी, लेकिन बतौर एक्टर 'सितारे जमीन पर' 9 सालों में उनकी पहली फिल्म रिलीज है.
जापानी डिस्ट्रीब्यूटर गीक पिक्चर्स ने इस बात की घोषणा की. जापान में यह फिल्म 'Sitaare! The Miracle Team of Stardust' के नाम से रिलीज की जाएगी. इसे जापान के ह्यूमन्स ट्रस्ट सिनेमा युराकुचो, येबिसु गार्डन सिनेमा और अन्य सिनेमाघरों में दिखाया जाएगा. घोषणा के साथ ही जापानी दर्शकों के लिए एक आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट भी बनाया गया, जिस पर लिखा गया कि '3 इडियट्स' फेम आमिर खान की यह फिल्म हंसी और आंसुओं से भरी जीवन की एक दिल छू लेने वाली कहानी है.
हिंदी में 'सितारे' शब्द का अर्थ 'तारे' होता है और यह नाम आमिर की साल 2007 की हिट फिल्म 'तारे जमीन पर' से प्रेरित है. 'सितारे जमीन पर' इसकी सीधी सीक्वल नहीं, बल्कि एक स्पिरिचुअल सीक्वल है, जो साल 2018 की स्पैनिश कॉमेडी फिल्म 'चैंपियन' की आधिकारिक रीमेक है. फिल्म में आमिर ने गुलशन नाम के एक पूर्व बास्केटबॉल खिलाड़ी का किरदार निभाया है, जिसका करियर उम्मीद के मुताबिक नहीं चल पाया. शराब पीकर गाड़ी चलाने जैसी लापरवाही भरी हरकतों के कारण उसे कम्युनिटी सर्विस की सजा मिलती है. सजा के तौर पर उसे 'सितारे' नाम की बास्केटबॉल टीम को कोच करना पड़ता है, जिसमें दिव्यांग लोग शामिल हैं. शुरुआत में गुलशन इसे केवल एक सजा समझता है, लेकिन धीरे-धीरे खिलाड़ियों के साथ समय बिताते हुए उसकी सोच और जिंदगी पूरी तरह से बदल जाती है.

आर. एस. प्रसन्ना द्वारा निर्देशित इस फिल्म में आमिर खान के साथ जेनेलिया देशमुख, गुरपाल सिंह, डॉली अहलूवालिया और बृजेंद्र कला मुख्य भूमिकाओं में हैं. फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसके 10 नए कलाकार हैं, जो वास्तविक जीवन में भी दिव्यांग हैं और व्यापक ऑडिशन प्रक्रिया के बाद चुने गए हैं. इन 10 कलाकारों में आशीष पेंडसे, आरुष दत्ता, आयुष भंसाली, ऋषि साहनी, गोपी कृष्णन के वर्मा, ऋषभ जैन, वेदांत शर्मा, संवित देसाई, नमन मिश्रा और सिमरन मंगेशकर शामिल हैं.
◢◤ NEWS ◢◤ ギークピクチュアズ配給 インド映画『シターレ!星屑たちのミラクル・チーム』 🏀⭐2027年春公開決定⭐🏀 『きっと、うまくいく』の #アーミル・カーン 主演! 笑いあり、涙ありの 最高に愛おしい人生讃歌⭐️ @Sitaaremoviejp #シターレ https://t.co/uoUV4SSBdi
— ギークピクチュアズ映画配給 (@geekpictures_d) September 26, 2026
ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क (Sacnilk) के अनुसार, 'सितारे जमीन पर' ने दुनियाभर में कुल 267.52 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया. इसमें भारत से 200.77 करोड़ रुपये और ओवरसीज (विदेशी) बाजारों से 66.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन शामिल है. इसके अलावा, 1,84,992 शो के जरिए फिल्म का ऑल-इंडिया नेट कलेक्शन 167.46 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.
आमिर खान के प्रोडक्शन हाउस 'आमिर खान प्रोडक्शंस' ने हाल ही में फिल्म 'लाहौर 1947' का निर्माण किया है, जिसका निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है. सनी देओल, प्रीति जिंटा और शबाना आजमी स्टारर यह पीरियड ड्रामा 13 अगस्त 2026 को रिलीज हुआ था. इसके अलावा, आमिर अक्टूबर 2026 से आशुतोष गोवारिकर की स्पोर्ट्स बायोपिक 'ललकारा' (Lalkaara) की शूटिंग शुरू करने वाले हैं, जो महान क्रिकेटर लाला अमरनाथ के जीवन पर आधारित है और दिसंबर 2027 में रिलीज हो सकती है. इसके साथ ही, '3 इडियट्स' के सीक्वल को लेकर भी इंडस्ट्री में लगातार चर्चा बनी हुई है.