UPSC Success Story of IPS Mohibullah Ansari: किसी ने सच ही कहा है कि असफलता को स्वीकार कर अपनी कमियों को सुधारना ही सफलता की असली कुंजी है. इसका जीवंत उदाहरण IPS मोहिबुल्लाह अंसारी हैं. स्कूली शिक्षा के दौरान लगातार असफलताओं का सामना करने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी, बल्कि हर गलती से सीखकर आगे बढ़ते रहे. आज उनकी सफलता का डंका अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बज रहा है, उन्हें अमेरिका में 'द एशियन हीरो अवॉर्ड 2026' से सम्मानित करने के लिए बुलाया गया है. आइए मोहिबुल्लाह अंसारी की प्रेरणादायक कहानी जानते हैं.]
आईपीएस मोहिबुल्लाह अंसारी के स्कूली सफर ने उनकी जिंदगी को एक नया मोड़ दिया. वो कक्षा 10वीं और 12वीं के प्री-बोर्ड एग्जाम्स में असफल हो गए थे. हालांकि, उन्होंने इस नाकामी से निराश होने के बजाय अपनी कमियों को पहचानने की कोशिश की और उन पर जी-तोड़ काम किया.
मोहिबुल्लाह ने एक इंटरव्यू में बताया कि जब वह प्री-बोर्ड में फेल हुए, तो उनके पिता ने मायूस होकर कहा था, 'अब तुम आईआईटी का सपना भूल जाओ.' लेकिन पिता की इस बात ने उन्हें तोड़ा नहीं, बल्कि उनके अंदर कुछ कर गुजरने का जज्बा पैदा कर दिया.
पिता की बात को चुनौती के रूप में लेते हुए उन्होंने कड़ी मेहनत और लगन से तैयारी की. इसका नतीजा ये रहा कि 12वीं के बाद उन्होंने जेईई मेन्स और जेईई एडवांस्ड दोनों परीक्षाओं में परचम लहराया. उन्हें प्रतिष्ठित IIT दिल्ली में दाखिला मिला, जहां से उन्होंने अपनी बीटेक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्हें एक आईटी कंपनी से नौकरी भी हासिल हुई.
आईटी कंपनी में कुछ समय तक उन्होंने नौकरी की लेकिन इस बीच उन्होंने सिविल सेवा में जाने का सोचा. इसके लिए उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी. सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल करने के बाद उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 389वीं रैंक हासिल की. मोहिबुल्लाह अंसारी ने तीसरे प्रयास में सक्सेस हासिल की थी.
वर्तमान में बिहार के मुजफ्फरपुर में सिटी एसपी के पद पर तैनात IPS मोहिबुल्लाह अंसारी को अमेरिका में सम्मानित किया जाएगा. 'एसोसिएशन ऑफ वर्ल्ड फेयर एंड फेस्ट USA' ने उन्हें 'द एशियन हीरो अवॉर्ड 2026' देने के लिए आमंत्रित किया है. ये आयोजन 13 दिसंबर 2026 को अमेरिका के फ्लोरिडा में आयोजित होने वाले 7वें वर्ल्ड फेयर एंड फेस्टिवल के दौरान होगा. IPS अंसारी को ये अंतरराष्ट्रीय सम्मान उनकी बेहतरीन पुलिसिंग, बेदाग छवि, शानदार जनसेवा और समाज कल्याण में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जा रहा है.