)
IIIT Basar Student Suicide: तेलंगाना के निर्मल जिले स्थित राजीव गांधी यूनिवर्सिटी ऑफ नॉलेज टेक्नोलॉजीज (IIIT बासर) में छात्रों की आत्महत्या का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. पिछले कुछ वर्षों से कैंपस से लगातार ऐसी दुखद खबरें सामने आ रही हैं. ताजा मामला 19 वर्षीय छात्र चल्ला संपत से जुड़ा है, जो इंजीनियरिंग द्वितीय वर्ष (E2) में पढ़ाई कर रहा था. संपत ने अपने हॉस्टल के कमरे में आत्महत्या कर ली.
कमरे में छात्र को मृत पाए जाने के बाद पूरे कैंपस में हड़कंप और गहरे दुख की लहर दौड़ गई. विश्वविद्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने जैसे ही घटना को देखा, कैंपस में किसी भी तरह के हंगामे या तनाव से बचने के लिए शव को चुपचाप भैंसा एरिया अस्पताल भेज दिया. वहीं, अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को भी इस दुखद घटना की सूचना दे दी है.
छात्र के अचानक इस तरह जान देने से कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. आखिर क्या वजह रही कि 19 वर्षीय संपत ने इतना बड़ा कदम उठाया? क्या पढ़ाई का अत्यधिक दबाव था या फिर इसके पीछे कोई व्यक्तिगत कारण रहा है? कैंपस में हर साल ऐसी घटनाएं सामने आने से छात्रों के बीच चिंता और बेचैनी का माहौल है.
ये घटना 23 नवंबर, सोमवार रात की है, जब 19 वर्षीय छात्र चल्ला संपत को अपने कमरे में मृत पाया गया. गोदावरी ब्लॉक के बॉयज हॉस्टल के कमरे में छात्र का शव मिला और तुरंत प्रशासन से पुलिस को भी मामले की जानकारी दी. वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया.
हालांकि, अभी तक की जांच में कोई जानकारी सामने नहीं आई है, जिससे मृतक छात्र की आत्महत्या के पीछे के सटीक वजह का पता चल सके. फिलहाल, पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है, जिसमें व्यक्तिगत कारणों से लेकर अकादमिक दबाव की आशंका भी शामिल है.