App

न SIM, न नेटवर्क, न सैटेलाइट! BITS के छात्र ने सेना के लिए बनाया खास रेडियो, कैसे काम करेगा 'क्रैथ कंट्रोल'?

सैनिकों को कैसे एक छोटा सा डिवाइस कनेक्ट कर सकता है? क्रैथ कंट्रोल रेडियो डिवाइस क्या है और ये कैसे काम करता है? किन लोगों ने मिलकर क्रैथ कंट्रोल डिवाइस को तैयार किया है, आइए विस्तार से जानते हैं.

न SIM, न नेटवर्क, न सैटेलाइट! BITS के छात्र ने सेना के लिए बनाया खास रेडियो, कैसे काम करेगा 'क्रैथ कंट्रोल'?

ये सवाल तो कभी आपके भी मन में आया होगा कि जिस क्षेत्र में भारतीय सेना तैनात होती है, वहां कोई मोबाइल टावर नहीं होता, ना ही कोई सैटेलाइट, तो बिना किसी नेटवर्क क्षेत्र के कैसे और कहां से सेनिक कनेक्ट हो पाते हैं? कभी मन में आया है कि अगर उन्हें भी युद्ध के मैदान में एक-दूसरे से कनेक्ट होने के लिए मोबाइल नेटवर्क जैसी सुविधा मिल जाए तो कैसा रहेगा? बस ये ही सवाल, बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (BITS) के छात्र के मन में भी खड़ा हुआ और इसे लेकर प्लानिंग भी की गई.

इसके तहत BITS पिलानी के हैदराबाद परिसर के एक छात्र ने देश की रक्षा तकनीक को अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक खास डिवाइस तैयार कर दिया. BITS के थर्ड ईयर स्टूडेंट समर्थ आलोक श्रीवास्तव ने खास कम्युनिकेशन सिस्टम तैयार किया है जो सैनिकों को एक-दूसरे से कनेक्ट कर सकता है.

सैनिकों के लिए कौन सा कम्युनिकेशन सिस्टम हुआ तैयार?

BITS पिलानी के छात्र समर्थ आलोक श्रीवास्तव ने सैनिकों के लिए ऐसा कम्युनिकेशन सिस्टम तैयार किया है, जो देखने में एक छोटा सा रेडियो डिवाइस है, लेकिन सैनिकों को बिना फोन टावर, सिम कार्ड और सैटेलाइट के भी आपस में जोड़ता है. इस कम्युनिकेशन सिस्टम का नाम क्रैथ कंट्रोल है.

सुरक्षित मेश नेटवर्क के साथ डेटा ट्रांसफर

क्रैथ कंट्रोल रेडियो डिवाइस के जरिए सुरक्षित मेश नेटवर्क तैयार होता है और सैनिकों की आवाज और डेटा शेयर होने में मदद मिलती है. इस खास डिवाइस का मूल्यांकन, भारतीय सेना की दो यूनिट्स ने किया है. वहीं, सुधार के लिए टीम काम भी कर रही है. 

क्या है क्रैथ कंट्रोल?

स्टार्टअप क्रैथवेल प्राइवेट लिमिटेड का पहला प्रोडक्ट क्रैथ कंट्रोल का वजन 180 ग्राम से भी कम है. इस छोटे से कम्युनिकेशन डिवाइस के जरिए सैनिक के स्मार्टफोन से कनेक्ट होकर आसपास मौजूद दूसरे डिवाइस को जुड़कर एक सुरक्षित और एन्क्रिप्टेड मेश नेटवर्क तैयार करता हैं. इसकी खासियत है कि इसके नेटवर्क के लिए किसी मोबाइल टावर, सिम कार्ड या सैटेलाइट कनेक्शन की कोई जरूरत नहीं होती. डिवाइस के जरिए सैनिक आपस में वॉयस और डेटा शेयर कर सकते हैं. 

इतना ही नहीं, आवाज के अलावा लोकेशन देखने, टीम के दूसरे सदस्यों की स्थिति जानने, मैप पर जरूरी जानकारियां हासिल करने और फाइलें भेजने जैसे काम के लिए भी डिवाइस काम का है. सीधे तौर पर कहें तो क्रैथ कंट्रोल डिवाइस की खासियत इसका मेश नेटवर्क सिस्टम है. 

कौन हैं समर्थ आलोक श्रीवास्तव? 

समर्थ आलोक श्रीवास्तव BITS हैदराबाद के 20 वर्षीय छात्र हैं. फिलहाल वो यहां इंटीग्रेटेड MSc फिजिक्स और BE मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं. पढ़ाई के साथ-साथ वो ड्रोन स्टार्टअप 'अपोलोन डायनेमिक्स' के साथ भी काम कर चुके हैं. इसी दौरान उनके मन में रक्षा क्षेत्र के लिए कुछ नया करने का विचार आया. स्टार्टअप के साथ काम करते हुए समर्थ ने ड्रोन बनाने और उनकी टेस्टिंग से जुड़े काम किए. 

इस अनुभव के दौरान उन्हें महसूस हुआ कि दूरदराज और दुर्गम इलाकों में मोबाइल नेटवर्क या अन्य संचार सुविधाएं उपलब्ध न होने से सैनिकों को संपर्क बनाए रखने में परेशानी हो सकती है. इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए उन्होंने एक ऐसे कम्युनिकेशन डिवाइस पर काम करने का फैसला किया, जो उन इलाकों में भी काम कर सके जहां मोबाइल नेटवर्क और सैटेलाइट कनेक्टिविटी उपलब्ध नहीं है.

चार स्टूडेंट्स की टीम को मिली सफलता

मोबाइल नेटवर्क या अन्य संचार सुविधाएं उपलब्ध न होना, सैनिकों के बीच भी एक बड़ी समस्या थी. इसे हल करने की दिशा से उन्होंने सेना के लोगों से पहले बातचीत की, उसके बाद इसे लेकर अप्रैल 2026 में काम शुरू किया. इसके बाद उन्होंने इस काम के लिए एक टीम तैयार की, जिसमें उनके सहपाठी श्रेष्ठ प्रकाश सिंह भी सह-संस्थापक के तौर पर जुड़े. इन दोनों के अलावा दर्शन भंडारी और सानिका रेवटकर भी टीम में शामिल हुए. इस तरह से चारों छात्रों ने मिलकर रेडियो डिवाइस तैयार किया जो सेना के लोगों को एक दूसरे से कनेक्ट कर सकता है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Simran Singh

Simran Singh

सिमरन सिंह को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है. उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई हिमालयन यूनिवर्सिटी से की है. साल 2016 में उन्होंने मीडिया जगत में कदम रखा. इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक से लेकर डिजिटल मीडिया से जुड़ी रहीं. पिछले 3 साल से News24 में थी और वहां बतौर फीचर लीड कई सेक्शन को संभाला. फिलहाल, Zee News में शिक्षा, रोजगार और करियर सेक्शन संभाल रही हैं.
Read More