)
डिफेंडिंग WTC चैंपियन साउथ अफ्रीका का टेस्ट में धमाकेदार प्रदर्शन जारी है. प्रोटियाज ने सेंचुरियन में खेले गए दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश को एक पारी और 219 रनों से रौंदकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज पर 2-0 से कब्जा किया. स्टार ऑलराउंडर वियान मुल्डर ने बल्ले के बाद गेंद से भी जलवा दिखाया और टेस्ट क्रिकेट में एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया. दूसरी पारी में मुल्डर ने 7 विकेट लेकर इतिहास रच दिया. उनकी शानदार गेंदबाजी के सामने बांग्ला टाइगर्स बेबस दिखे. किसी बल्लेबाज के पास कोई जवाब नहीं था.
बांग्लादेश के खिलाफ सेंचुरियन में 7 विकेट लेकर वियान मुल्डर ने दुर्लभ रिकॉर्ड बनाया है. वो टेस्ट पारी में चौथे या उसके बाद के क्रम पर गेंदबाजी करते हुए सबसे कम गेंदें डालकर 7 विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं. साउथ अफ्रीकी ऑलराउंडर ने 76 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया.
वियान मुल्डर से पहले ये रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के ही गेंदबाज ह्यू टेफील्ड के नाम था. जिन्होंने 1950 में डरबन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट में 68 गेंदों में 7 विकेट चटकाए थे. मुल्डर को 7 विकेट लेने में 64 गेंदें लगी और अब ये दुर्लभ वर्ल्ड रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज हो गया है. इसके अलावा वो साउथ अफ्रीका बनाम बांग्लादेश टेस्ट मैचों में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करने वाले खिलाड़ी भी बन चुके हैं. इस मामले में उन्होंने अपने हमवतन केशव महाराज को पीछे छोड़ा.
7/31- वियान मुल्डर, सेंचुरियन, 2026*
7/32 - केशव महाराज, डरबन, 2022
7/40 - केशव महाराज, गक़ेबरहा, 2022
6/46 - कगिसो रबाडा, मीरपुर, 2024
6/51 - साइमन हार्मर, जोहान्सबर्ग, 2026
गेंद से ऐतिहासिक कारनामा करने से पहले वियान मुल्डर ने बल्ले से भी कोहराम मचाया. बांग्लादेश के गेंदबाजों की धुनाई करते हुए उन्होंने पहली पारी में 100 रन भी बनाए. वो एक ही टेस्ट मैच में शतक और 7 विकेट लेने वाले दुनिया के 5वें खिलाड़ी बन गए हैं.
जैक ग्रेगरी (AUS) बनाम ENG, मेलबर्न, 1920
इयान बॉथम (ENG) बनाम PAK, लॉर्ड्स, 1978
इयान बॉथम (ENG) बनाम IND, वानखेड़े, 1980
आर. अश्विन (IND) बनाम WI, नॉर्थ साउंड, 2016
नसीर खान मारूफखिल (AFG) बनाम ZIM, शारजाह, 2026
वियान मुल्डर (SA) बनाम BAN, सेंचुरियन, 2026
What A Sublime Performance!! 💯 A century with the bat and a sensational seven-wicket haul with the ball in a single innings! 🤯 Wiaan Mulder delivers a remarkable all-round performance to cap off an unforgettable Test! 🇿🇦 Ladies and gentlemen, your Player of the Match is Wiaan Mulder! 👏 #Unbreakable #TheProteas #SAvBAN
— Proteas Men (@ProteasMenCSA) November 25, 2026
बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट मैचों में साउथ अफ्रीका का दबदबा कायम है. दोनों देशों के बीच अब तक कुल 18 टेस्ट खेले गए हैं. 16 में प्रोटियाज ने जीत हासिल की है, जबकि 2 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं. बांग्लादेश ने अभी तक जीत का स्वाद नहीं चखा है.