)
सीकर जिला प्रमुख पद के चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही जिला प्रमुख की तस्वीर साफ हो गई है. क्रॉस वोटिंग के बावजूद कांग्रेस सीकर में जिला प्रमुख बनाने में कामयाब हो गई. कांग्रेस की नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य सुनीता गठाला ने जिला प्रमुख पद पर जीत दर्ज की है.
49 जिला परिषद सदस्यों के मतदान में सुनीता गठाला को 33 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी सुनीता रणवां को 16 मत प्राप्त हुए. इस तरह कांग्रेस ने बहुमत के साथ जिला प्रमुख पद पर कब्जा बरकरार रखा. चुनाव परिणाम सामने आते ही कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया. समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया और सुनीता गठाला को बधाई दी.
हालांकि, चुनाव में क्रॉस वोटिंग भी सामने आई. कांग्रेस के 36 नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों में से 3 सदस्यों के क्रॉस वोटिंग करने की बात सामने आई, जिसका फायदा भाजपा प्रत्याशी को मिला. इसके बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता गठाला 33 मत हासिल कर जिला प्रमुख बनने में कामयाब रही.
जिला प्रमुख बनने के बाद सुनीता गठाला ने कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और जिला परिषद सदस्यों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि सीकर की जनता के सुख-दुख में हमेशा खड़ी रहेंगी और जिले के विकास के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करेंगी. क्रॉस वोटिंग के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर पार्टी स्तर पर मंथन किया जाएगा. हालांकि, कांग्रेस बहुमत के साथ जिला प्रमुख पद हासिल करने में सफल रही है.
सुनीता गठाला के जिला प्रमुख बनने के साथ ही सीकर जिला परिषद में कांग्रेस का राजनीतिक दबदबा कायम हो गया है. अब जिला परिषद के जरिए जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में नई जिला प्रमुख की भूमिका अहम रहेगी.
रिपोर्ट: अशोक सिंह शेखावत