)
Agnipath Scheme: 14 जून 2022... ये वो तारीख है, जब केंद्र सरकार ने भारतीय सशस्त्र बलों में युवाओं की भर्ती के लिए अग्निपथ योजना की शुरुआत की थी. इस योजना के तहत थल सेना, नौसेना और वायु सेना में ऑफिसर रैंक से नीचे के पदों पर चार साल के लिए युवाओं की भर्ती की जाती है. अग्निपथ योजना के तहत चयनित युवाओं को 'अग्निवीर' कहा जाता है. अग्निपथ योजना का मुख्य उद्देश्य सशस्त्र बलों को युवा प्रोफाइल देना और युवाओं को देश सेवा का अवसर प्रदान करना है.
योजना की शुरुआती व्यवस्था के मुताबिक, चार साल की सेवा पूरी करने के बाद अधिकतम 25% अग्निवीरों को योग्यता और प्रदर्शन के आधार पर नियमित कैडर में शामिल होने का अवसर दिया जाना था. बाकी 75% अग्निवीरों को सेवा अवधि पूरी होने के बाद सशस्त्र बलों से बाहर होना था. हालांकि, नवंबर 2026 में सरकार ने इस व्यवस्था में बदलाव की घोषणा की है.
4 नवंबर 2026 को चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने अग्निपथ योजना में बड़े बदलाव की घोषणा की. इसके तहत शुरुआती चार साल की सेवा पूरी करने वाले 25% अग्निवीरों को पहले की तरह योग्यता के आधार पर नियमित कैडर में शामिल किया जाएगा. वहीं, बाकी 75% अग्निवीरों को दो साल की अतिरिक्त सेवा का अवसर दिया जाएगा. इस तरह उनकी कुल सेवा अवधि 6 साल हो सकेगी.
सरकार के मुताबिक, अतिरिक्त दो साल की सेवा पूरी करने के बाद इच्छुक अग्निवीरों को नियमित सैनिक के रूप में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा. हालांकि, इसके लिए निर्धारित चयन मानदंडों को पूरा करना जरूरी होगा. इसका मतलब, सेवा अवधि बढ़ने के साथ नियमित कैडर में शामिल होने का एक और रास्ता खुला है, लेकिन स्थायी नियुक्ति को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं.
सेना में कुल 6 साल की सर्विस के बाद अग्निवीरों के लिए पक्की नौकरी को हासिल करना उतना आसान नहीं रहेगा, जितना सोच रहे हैं. दरअसल, जिन 75 प्रतिशत अग्निवीरों को 4 साल की अवधि पूरी होने के बाद अतिरिक्त दो साल की सेवा का मौका मिलेगा, उनके लिए परमानेंट होने की कोई गारंटी नहीं है. अगर वो रेगुलर सैनिक के तौर पर पक्की नौकरी पाना चाहते हैं तो कई चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा.
6 साल की अवधि पूरी होने के बाद रेगुलर सैनिक बनने के लिए अग्निवीरों को कड़े चयन मानदंडों को पूरा करना होगा. इसमें सिर्फ फिजिकल फिटनेस ही नहीं, बल्कि फायरिंग स्किल, मेडिकल फिटनेस और अनुशासन जैसे प्रमुख आधार शामिल होंगे. इस नई व्यवस्था के तहत अग्निवीरों के लिए दो साल के अतिरिक्त सेवा विस्तार का ऐलान किया गया है.
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट की मानें तो जिन 75 प्रतिशत अग्निवीरों को 6 साल की सेवा के बाद सेना में पक्की नौकरी चाहिए, उन्हें कड़ी चयन प्रक्रिया का हिस्सा बनना होगा. इसके तहत सशस्त्र बलों में डिफेंस की नई टेक्नोलॉजी और आधुनिक हथियार सिस्टम को भी शामिल किया जा रहा है. ऐसे में उन अग्निवीरों को 6 साल की अवधि पूरी होने के बाद प्राथमिकता दी जा सकती है जो मल्टी-स्किल्ड होंगे. सिर्फ फायरिंग स्किल काफी नहीं होगी, उन्हें तकनीक के साथ हथियारों को चलाने की बेहतरीन दक्षता भी होनी चाहिए.
अग्निपथ योजना से जुड़े अधिकारियों की मानें तो लो मेडिकल कैटेगरी (LMC) वाले उम्मीदवारों का चयन नहीं किया जाएगा. ऐसे उम्मीदवार जिनकी सेहत खास सही नहीं होगी या वो शराब की लत में होंगे, उनका चयन नहीं किया जाएगा और उन्हें पक्की नौकरी पाने की पात्रता से भी बाहर रख दिया जाएगा. तीनों सेनाओं के टॉप संगठन एचक्यू आईडीएस के अनुसार चयन प्रक्रिया को लेकर अभी विचार भी किया जा रहा है.
अग्निवीरों को पक्की नौकरी पाने की प्रक्रिया के तहत अंतिम चयन के दौरान यूनिट स्तर पर कैडर परीक्षा में शामिल होना पड़ सकता है. इस परीक्षा को आयोजित करने का प्रस्ताव भी काफी चर्चा में है. यूनिट स्तर पर कैडर परीक्षा का आयोजन दो साल के अतिरिक्त कार्यकाल यानी छठे साल के अंत में किया जा सकता है. इस तरह से चयन प्रक्रिया में लिखित टेस्ट, शारीरिक दक्षता और फायरिंग टेस्ट आदि शामिल हो सकते हैं. इन सभी चयन प्रक्रियाओं में बेहतरीन प्रदर्शन करने वालों का अंतिम मेरिट लिस्ट में नाम शामिल होगा और वो सेना में आगे की सर्विस के तहत पक्की नौकरी हासिल कर सकेंगे.